Google Analytics —— Meta Pixel

गरियाबंद जिला अस्पताल में लापरवाही, महिला गार्ड ने मरीज को लगाया इंजेक्शन, हाईकोर्ट सख्त

Gariaband District Hospital: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिला अस्पताल से चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है, जहां नर्स की अनुपस्थिति में महिला सुरक्षा गार्ड ने मरीज को इंजेक्शन लगा दिया। यह तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई और अब मामला बिलासपुर हाईकोर्ट तक पहुंच गया है। घटना 19 अगस्त की बताई जा रही है। दरअसल, वार्ड में भर्ती एक मरीज को दवा दी जानी थी। इस दौरान अस्पताल की नर्सिंग स्टाफ मौजूद नहीं थी। ऐसे में अस्पताल में तैनात महिला सुरक्षा गार्ड ने खुद ही मरीज को इंजेक्शन लगा दिया। यह घटनाक्रम अस्पताल में मौजूद पूर्व पार्षद योगेश बघेल ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद उन्होंने तस्वीर सोशल मीडिया पर डाल दी, जो वायरल हो गई, जिससे स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की भारी फजीहत शुरू हो गई।

यह भी पढ़ें:- प्रकृति की रक्षा करेंगे तभी प्रकृति हमारी रक्षा करेगी – राज्यपाल डेका

तस्वीर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया। गरियाबंद कलेक्टर ने सीएमएचओ डॉ. वी.एस. नवरत्न और सिविल सर्जन डॉ. यशवंत ध्रुव को नोटिस जारी किया, लेकिन मामला यहीं नहीं थमा। मीडिया रिपोर्ट्स और वायरल फोटो पर बिलासपुर हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान ले लिया। चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा और न्यायमूर्ति बी.डी. गुरु की डिवीजन बेंच ने इस घटना को गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि गार्ड से इंजेक्शन लगवाना न केवल मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ है, बल्कि चिकित्सा नैतिकता और प्रोफेशनल मानकों का खुला उल्लंघन भी है। (Gariaband District Hospital)

28 अगस्त को होगी मामले की अगली सुनवाई

कोर्ट ने गरियाबंद कलेक्टर से शपथ पत्र समेत विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और सवाल उठाया है कि अगर इस दौरान किसी मरीज की जान चली जाती तो जिम्मेदारी किसकी होती। साथ ही कोर्ट ने यह भी पूछा कि क्या केवल नोटिस जारी करना पर्याप्त है या सिस्टम सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं। कोर्ट ने राज्य सरकार को निर्देश दिए हैं कि निगरानी तंत्र को मजबूत किया जाए, दोषियों की जिम्मेदारी तय की जाए और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस इंतजाम किए जाएं। इस मामले की अगली सुनवाई 28 अगस्त को होगी। फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत को उजागर कर दिया है। (Gariaband District Hospital)

Back to top button
error: Content is protected !!