75 साल की उम्र के बाद रिटायरमेंट को लेकर बोले RSS प्रमुख मोहन भागवत, कहा- न मैं रिटायर हो रहा हूं और न ही किसी से कहा है

RSS Chief Mohan Bhagwat: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी RSS के प्रमुख मोहन भागवत ने संघ के शताब्दी वर्ष पर दिल्ली के विज्ञान भवन में चल रही व्याख्यानमाला के आखिरी दिन कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने 75 साल की उम्र के बाद रिटायरमेंट पर कहा कि मैंने यह नहीं कहा कि मैं रिटायर हो जाऊंगा या किसी और को रिटायर हो जाना चाहिए। मैं 80 की उम्र में भी शाखा लगाऊंगा। हम किसी भी समय रिटायर होने के लिए तैयार हैं। संघ हमसे जिस भी समय तक काम कराना चाहेगा, हम काम करने के लिए तैयार हैं। भागवत ने स्पष्ट किया कि उन्होंने मोरोपंत जी के विचारों का हवाला दिया था।
यह भी पढ़ें:- कांग्रेस महात्मा गांधी की नहीं…नकली गांधी परिवार की पार्टी है, जिनमें कूट-कूट के भरा है अहंकार: BJP
घुसपैठ और रोजगार पर उन्होंने कहा कि घुसपैठ रोकनी चाहिए। सरकार कोशिश कर रही है, लेकिन समाज को भी यह तय करना होगा कि हमारे देश के रोजगार हमारे ही नागरिकों को मिलें। मुसलमान हमारे देश के नागरिक हैं, उन्हें रोजगार देना चाहिए, लेकिन बाहर से आए लोगों को क्यों ? उनकी व्यवस्था उनके देश में होनी चाहिए। इस्लाम और भारत पर भागवत ने कहा कि पहले दिन से इस्लाम भारत में है और रहेगा। इस्लाम नहीं रहेगा, ऐसा सोचने वाला हिन्दू सोच का नहीं है। संघर्ष तभी खत्म होगा जब यह विश्वास बनेगा कि हम सब एक हैं। जनसंख्या और संतानों पर उन्होंने कहा कि जिनकी जन्म दर 3 से कम होती है, वे धीरे-धीरे लुप्त हो जाते हैं। (RSS Chief Mohan Bhagwat)
देर से विवाह न करें: मोहन भागवत
उन्होंने कहा कि डॉक्टर भी कहते हैं कि देर से विवाह न करें और 3 संतान होने से माता-पिता व बच्चों का स्वास्थ्य अच्छा रहता है। हर नागरिक को देखना चाहिए कि उसके घर में 3 संतान हों। राजनीतिक दलों के साथ संबंधों पर भागवत ने कहा कि RSS अच्छे काम के लिए हर पार्टी की मदद करता है। हमें कोई परहेज नहीं है, लेकिन अगर कोई खुद दूर भागता है तो मदद नहीं मिलती। भाजपा ही नहीं, कोई भी दल अच्छा काम करेगा तो स्वयंसेवक सहयोग करेंगे। भाजपा और RSS के संबंधों पर कहा कि हर सरकार के साथ हमारा अच्छा समन्वय रहा है। मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं। भाजपा सरकार में सब RSS तय करता है, ये बात पूरी तरह गलत है। फैसला उनका है, हम सलाह दे सकते हैं, लेकिन हम तय नहीं करते हैं। (RSS Chief Mohan Bhagwat)



