उत्तर भारत में भारी बारिश का कहर, उत्तराखंड में फिर फटा बादल, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बाढ़ और भूस्खलन से तबाही

Cloud Burst in Uttarakhand: उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और बादल फटने की घटनाओं ने हालात बिगाड़ दिए हैं। उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बाढ़, भूस्खलन और पुल बहने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई इलाकों का संपर्क कट गया है और हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, चमोली और टिहरी गढ़वाल जिले में बादल फटने की घटनाएं दर्ज हुई। चमोली जिले में दो लोग लापता हो गए हैं और कई परिवार मलबे में फंसे हुए हैं। जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें राहत कार्य में जुटी हैं। टिहरी गढ़वाल में जानहानि की सूचना नहीं है, लेकिन कई घरों को नुकसान हुआ है।
यह भी पढ़ें:- अमेरिकी टैरिफ को लेकर सियासत जारी, विपक्षी सांसदों ने सरकार से पूछे सवाल
वहीं रुद्रप्रयाग में अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर बढ़ने से रिहायशी इलाकों में पानी घुस गया। यहां स्थित हनुमान मंदिर जलमग्न हो गया और केदारनाथ घाटी के लावारा गांव का पुल बह गया। बद्रीनाथ राजमार्ग श्रीनगर और रुद्रप्रयाग के बीच अलकनंदा नदी में डूब जाने से यातायात ठप हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावित जिलों के अधिकारियों और आपदा सचिव को राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए और कहा कि वे लगातार हालात की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। बाबा केदार से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं। (Cloud Burst in Uttarakhand)
चमोली के जिला मजिस्ट्रेट संदीप तिवारी ने कहा कि जिले के देवाल स्थित मोपाटा भूस्खलन क्षेत्र में स्थानीय लोगों द्वारा राहत कार्य चलाया जा रहा है, जबकि दूसरी ओर डीडीआरएफ की टीम और तहसीलदार देवाल की ओर जाने वाली अवरुद्ध सड़कों को साफ करने का प्रयास कर रहे हैं। श्रीनगर और रुद्रप्रयाग के बीच बद्रीनाथ राजमार्ग अलकनंदा नदी में पूरी तरह डूब गया है, जिससे राजमार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है। पौड़ी के एसएसपी लोकेश्वर सिंह ने कहा कि सुरक्षित स्थानों पर यातायात रोक दिया गया है। तीर्थयात्रियों को वैकल्पिक मार्गों से आगे भेजने की व्यवस्था की जा रही है। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। (Cloud Burst in Uttarakhand)

जम्मू के कटरा क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण हुए भूस्खलन के बाद माता वैष्णो देवी यात्रा लगातार चौथे दिन भी स्थगित रही। समरोली के तोल्डी नाला क्षेत्र में बंट गांव में तवी नदी पर बना पुल कल भारी बारिश के बाद नदी में आए उफान के कारण पूरी तरह बह गया, जिससे 20 से अधिक गांवों और 10 पंचायतों के 50,000 से अधिक निवासियों का जीवन प्रभावित हुआ है। उधमपुर उपायुक्त सलोनी राय ने कहा कि मौसम संबंधी आपदा ने राष्ट्रीय राजमार्ग 44 को बहुत नुकसान पहुंचाया है।राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, नागरिक प्रशासन, पुलिस और यातायात प्रशासन की टीमों को तैनात किया गया है। बहाली का काम जोरों पर है। कल शाम तक सब कुछ बहाल करने की कोशिश की जा रही है। इस प्रगति की निगरानी LG और CM भी कर रहे हैं। हम आवश्यक सेवाओं तक पहुंच देने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, हम अनुरोध करते हैं कि बाकी लोग इस समय इस राजमार्ग पर यात्रा करने से बचें। (Cloud Burst in Uttarakhand)

भारतीय सेना ने तवी नदी पर बने चौथे पुल बेली ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। भारी वर्षा के कारण नदी में आए उफान के कारण इसका एक हिस्सा बह गया था। SSP ट्रैफिक जम्मू फारूक कैसर ने बताया कि 26 अगस्त को ही इस ब्रिज का एक हिस्सा ढह गया था। यहां जो ट्रैफिक सतवारी से लेकर एशिया क्रॉसिंग तक आ रहा था, उसे सुरक्षा कारणों से रोक दिया गया था। कल से इंजीनियर्स से बात करने के बाद हमने सतवारी चौक से लेकर एशिया क्रॉसिंग तक वन-वे ट्रैफिक खोल दिया है। मुझे यकीन है कि यह पुल का निर्माण जल्द ही हो जाएगा। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात की समीक्षा की और अधिकारियों को आपदा प्रबंधन व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि ट्रांसपोर्ट और पार्किंग की व्यवस्था, बिजली-पानी की व्यवस्था, मेडिकल कैंप, सफाई, टॉयलेट के इंतजाम अच्छे से हों। अब पानी का स्तर कम होना शुरू हो गया है, लेकिन मुझे अधिकारियों के साथ बैठकर समझना होगा कि 2014 के बाद हमने क्या किया। (Cloud Burst in Uttarakhand)

रामबन के विधायक अर्जुन सिंह राजू ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। इसे लेकर उन्होंने कहा कि बारिश से निचले मैत्रा में घरों को पूरा नुकसान पहुंचा है, हम इसकी पूरी तरह से भरपाई नहीं दे पाएंगे…हम किसी तरह से कल यहां पहुंचे हैं। मैं मनरेगा में 5,00,000 रुपये जमा करूंगा और सुरक्षा दीवार के निर्माण के लिए अपनी तरफ से 5,00,000 रुपये का योगदान दूंगा… हम प्रशासन को सलाह देंगे कि वह इसको गंभीरता से ले। प्रशासन को सतर्क रहने की जरूरत है। सरकार और प्रशासन उनका समर्थन करेंगे। हम अपने लोगों के लिए प्रतिबद्ध हैं। IMD वैज्ञानिक नरेश कुमार ने बताया कि 25 और 26 अगस्त के लिए हमने जम्मू-कश्मीर के लिए रेड अलर्ट दिया हुआ था। इसका कारण सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ था और उसके अलावा बंगाल की खाड़ी से हवाएं आ रही थीं। कल से सिस्टम थोड़ा कमजोर हो गया है। आज भी हमने अनुमान लगाया है कि वर्षा की गतिविधियां ज्यादा नहीं रहेंगी। हालांकि इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने का अनुमान है। (Cloud Burst in Uttarakhand)
मौसम वैज्ञानिक ने कहा कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में इसके बाद पूरे हफ्ते इस तरह की गतिविधियां रहेंगी। दिल्ली NCR में बहुत हल्की या हल्की वर्षा हो सकती है। आज केवल हमारा उत्तराखंड के लिए ऑरेंज अलर्ट है, जहां बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश ने कहर ढाया है। कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग कई जगह क्षतिग्रस्त हो गया है। कुल्लू DC तोरुल एस रवीश ने कहा कि भारी बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग को व्यापक नुकसान हुआ है। हम हल्के वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक मार्गों को बहाल करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं.। अभी तक किसी की जान नहीं गई है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को बचा लिया गया है और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। सबसे ज्यादा नुकसान सार्वजनिक संपत्ति को हुआ है। (Cloud Burst in Uttarakhand)
हिमाचल प्रदेश के मनाली, कुल्लू में भारी बारिश के कारण स्थानीय लोगों को यात्रा में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। वहीं हिमाचल प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश इस समय चारों तरफ से आपदा से प्रभावित है। बहुत बड़ी संख्या में जान-माल की क्षति हुई है। पिछले तीन दिनों से चंबा जिले से संपर्क टूट गया है… मंडी-कुल्लू-मनाली का रास्ता अवरुद्ध है, लाहौल-स्पीति में लोग फंसे पड़े हैं। पूरे हिमाचल प्रदेश में आज की तारीख में कोई जिला ऐसा नहीं है जहां पर आपदा के कारण जनमानस प्रभावित ना हुआ हो। ऐसे में विधानसभा का सत्र है। विधानसभा का सत्र मुख्यमंत्री की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन मुख्यमंत्री परसो दिल्ली गए थे और आज बिहार में राजनीतिक रैली के लिए गए हैं। यह प्रदेश का दुर्भाग्य है कि इतनी आपदा के समय जब पहली प्राथमिकता लोगों को रेस्क्यू करना, लोगों को राहत पहुंचाना होनी चाहिए थी, मुख्यमंत्री लोगों की रैली को संबोधित करने बिहार गए हैं। नुकसान बहुत ज्यादा हुआ है और नुकसान के लिए सरकार की ओर से जो प्रयत्न करने की बात है वह पर्याप्त नहीं है। सच्चाई यह है कि लोगों का जीवन बहुत कठिनाई में हो चुका है।



