RSS प्रमुख मोहन भागवत के तीन बच्चे वाले बयान पर छत्तीसगढ़ में सियासी संग्राम, जानिए किसने क्या कहा ?

Politics on Bhagwat Statement: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी RSS प्रमुख मोहन भागवत के तीन बच्चे वाले बयान को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। भागवत ने हाल ही में एक कार्यक्रम में कहा था कि पूरी दुनिया में अलग-अलग समाज के शास्त्रों और विज्ञान में यह लिखा है कि तीन बच्चे हों तो आप लुप्त नहीं होंगे। वहीं डॉक्टर्स ने भी उनसे कहा है कि जिन दंपत्तियों की समय पर शादी होती है और उनके तीन बच्चे होते हैं, उनका स्वास्थ्य अच्छा रहता है। भागवत ने कहा था कि हमारे देश की पॉलिसी हर नागरिक को 2.1 बच्चे रिकमंड करती है, ये देश का एवरेज है। संतान 0.1 तो हो नहीं सकती, इसलिए भारत के हर नागरिक को चाहिए कि उसके घर में तीन बच्चे हों।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में 14 मंत्री बनाए जाने पर सियासी घमासान, वार-पलटवार का दौरा जारी
इस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि मोहन भागवत खुद शादीशुदा नहीं है। उनकी बात पर क्या कहना। देश की जनसंख्या पहले ही 140 करोड़ से ज्यादा है। युवा बेरोजगार हैं, नौकरी नहीं मिल रही है। महंगाई बढ़ रही हैतो क्या तोड़फोड़ करने के लिए, गुंडागर्दी करने के लिए और भाजपा को वोट देने के लिए तीन बच्चे पैदा करें ? भूपेश बघेल के बयान पर बीजेपी ने पलटवार किया है। कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस को हर हिंदू गुंडा दिखता है। भूपेश बघेल का इशारा हिंदू समाज के प्रति है। वे भूल रहे हैं कि यह देश सनातन संस्कृति और सनातनियों का देश है। मां भारती के कोख से पैदा हुआ हर व्यक्ति हिंदुस्तानी है। (Politics on Bhagwat Statement)
अजय चंद्राकर ने किया पलटवार
वहीं पूर्व मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि 3 बच्चे का आशय डेमोग्राफी से है। डेमोग्राफी बदलने के कारण भूपेश बघेल जैसे नेता, कांग्रेस पार्टी और टीएमसी जैसी पार्टी है। वे राजविरोधी तत्वों के साथ मिलकर राजनीति करती हैं और सत्ता में आने की कोशिश करती हैं। रायपुर दक्षिण के विधायक सुनील सोनी ने कहा कि भूपेश बघेल को कितने बच्चे हैं, वह अपने परिवार में झांककर देखें। संघ प्रमुख ने देश की डेमोग्राफी के चिंतन के आधार पर कहा है। उन्हें देशहित में सोच-समझकर बयान देना चाहिए विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने कहा कि भूपेश बघेल का कुछ दिनों से जो बयान आ रहा है वह अजीबोगरीब है। पता नहीं क्यों वे हड़बड़ी में हैं। सरसंघचालक की बात और उनके विषय को समझने के लिए थोड़ी ज्यादा बुद्धि चाहिए। (Politics on Bhagwat Statement)



