कुत्ते की मौत को लेकर मचा बवाल, दो गांव के लोग आमने-सामने, पढ़ें पूरी खबर

Controversy Over Dog: मुंगेली जिले के लोरमी के चिल्फी थाना क्षेत्र के साल्हेघोरी गांव में एक साधारण सा सड़क हादसा बड़ा विवाद बन गया। दरअसल, 29 अगस्त को एक बाइक एक्सीडेंट में कुत्ते की मौत हो गई थी। इस घटना को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ा कि यह विवाद दो गांवों के बीच संघर्ष का कारण बन गया। मारपीट की नौबत आ गई और दोनों पक्षों के लोग भिड़ गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने दोनों पक्षों के कई युवकों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि दूसरा पक्ष पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं दिखा। उनका आरोप है कि मारपीट में पूर्व जनपद सदस्य भी शामिल था, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार नहीं किया। उनका कहना है कि पुलिस पूर्व जनपद सदस्य को बचाने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें:- टूटी पुलिया, उफनती नदी पार कर स्कूल जाने को मजबूर बच्चे, हाईकोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब
इसी मुद्दे को लेकर सतनामी समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर चिल्फी थाना का घेराव किया। उनकी मांग है कि पूर्व जनपद सदस्य को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। बाइक सवारों पर चाकू से हमला किया गया, इसलिए आरोपियों पर आर्म्स एक्ट लगाया जाए। समाज के लोगों पर जो लूटपाट की धाराएं लगाई गई हैं, उन्हें हटाया जाए। सतनामी समाज ने चेतावनी दी है कि अगर एक हफ्ते के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। वहीं मुंगेली SP भोजराम पटेल ने बताया कि थाने का घेराव करने की किसी तरह की जानकारी पुलिस और जिला प्रशासन को पहले नहीं दी गई थी। हालांकि सोशल मीडिया पर दो दिन पहले इसकी घोषणा जरूर की गई थी। इसलिए मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। (Controversy Over Dog)
9 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
उन्होंने बताया कि इस पूरे विवाद में अब तक 9 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की जा चुकी है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कलेक्टर कुंदन कुमार और SP ने सतनामी समाज के प्रमुख लोगों के साथ लोरमी के विश्राम गृह में शांति समिति की बैठक की। प्रशासन ने समाज से अपील की कि किसी भी तरह की अप्रिय घटना ना हो और शांति बनाए रखें। वहीं लोरमी विधानसभा के सतनामी समाज के अध्यक्ष तोरण खांडे ने कहा कि समाज किसी भी परिस्थिति में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों को समर्थन नहीं करेगा। (Controversy Over Dog)
बिलासपुर में गौ तस्करी
तोरण खांडे ने कहा कि आपसी भाईचारा, सामंजस्य और शांति समाज की सबसे बड़ी ताकत है और घटना की निष्पक्ष जांच पुलिस और प्रशासन कर रहा है। इधर, बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र के जोंधरा गांव से गौ तस्करी का मामला सामने आया है। गौरक्षकों और हिंदू संगठनों की सतर्कता से एक ट्रक पकड़ा गया, जिसमें 25 से 30 गौवंश भरे हुए थे। आशंका है कि इन्हें बूचड़खाने ले जाया जा रहा था। गौरक्षकों ने मौके पर ट्रक रोका और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन चालक और मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया और सभी गौवंशों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। (Controversy Over Dog)



