Google Analytics —— Meta Pixel

कांग्रेस की रैली पर विजय शर्मा का हमला, बोले – वोट चोरी रोकने के नाम पर एसआईआर का विरोध क्यों

Chhattisgarh politics : छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बिलासपुर में मंगलवार को हुई कांग्रेस की रैली को दोहरे राजनीतिक मापदंड का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि जिस वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस हंगामा कर रही है, उसी को दुरुस्त करने के लिए चल रही एसआईआर (Special Summary Revision) प्रक्रिया का विरोध कांग्रेस को नहीं करना चाहिए।

यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में वन्य प्राणियों का संरक्षण और संवर्धन हमारी प्राथमिकता: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

नया रायपुर स्थित सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए शर्मा ने कई उदाहरण दस्तावेजों सहित प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने गलत जानकारी देकर कवर्धा और रायपुर के विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग बूथों पर दो-दो एपिक नंबर के साथ नाम दर्ज कराया है। इन मामलों को लेकर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा।

शर्मा ने आरोप लगाया कि यह सब पिछली भूपेश बघेल सरकार के मंत्री मोहम्मद अकबर के इशारे पर हुआ। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “कांग्रेस वोट चोरी के मामले में अब उल्टा चोर कोतवाल को डांटे वाली कहावत चरितार्थ कर रही है। हैरत की बात है कि कई बुजुर्गों ने फर्स्ट टाइम वोटर का फॉर्म जमा कर दिया।”

उन्होंने कहा कि राजधानी के एक मकान में 350 नाम जानबूझकर दर्ज कराए गए हैं। एसआईआर का विरोध करके कांग्रेस खुद कठघरे में खड़ी है। यहां तक कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट भी मानते हैं कि वोट चोरी का मुद्दा उठाना, अपनी हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ने जैसा है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गलत तरीके से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने वालों के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत की गई है और अब उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई कराई जाएगी। कांग्रेस को रैली और प्रदर्शन करने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए। (Chhattisgarh politics)

इस दौरान मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक मोतीलाल साहू और भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही भी मौजूद रहे। (Chhattisgarh politics)

Back to top button
error: Content is protected !!