भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता से खुलेगा असीम संभावनाओं का द्वार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Modi on Trump: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दोनों देशों के बीच “व्यापार बाधाओं” को दूर करने की बात पर प्रतिक्रिया दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा कि भारत और अमेरिका घनिष्ठ मित्र और स्वाभाविक साझेदार हैं। मुझे विश्वास है कि हमारी व्यापार वार्ताएं भारत-अमेरिका साझेदारी की असीम संभावनाओं को उजागर करने का मार्ग प्रशस्त करेंगी। हमारी टीमें इन चर्चाओं को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए काम कर रही हैं। मैं राष्ट्रपति ट्रंप से बातचीत के लिए भी उत्सुक हूं। हम अपने दोनों देशों के लोगों के उज्जवल और समृद्ध भविष्य के लिए मिलकर काम करेंगे।
यह भी पढ़ें:- US Tariff On India : भारत के आगे झुके डोनाल्ड ट्रंप, बोले- पीएम मोदी से व्यापार वार्ता को तैयार
यह प्रतिक्रिया ट्रंप के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने ट्रुथ सोशल पर कहा था कि मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और अमेरिका दोनों देशों के बीच व्यापार बाधाओं को दूर करने के लिए बातचीत जारी रखे हुए हैं। मैं आने वाले हफ्तों में अपने बहुत अच्छे मित्र प्रधानमंत्री मोदी से बात करने के लिए उत्सुक हूं। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे दोनों महान देशों के लिए एक सफल निष्कर्ष तक पहुंचने में कोई कठिनाई नहीं होगी। हाल ही में राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत-अमेरिका रिश्तों को “बहुत खास संबंध” बताया था और कहा था कि वह और प्रधानमंत्री मोदी हमेशा दोस्त रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा था कि चिंता की कोई बात नहीं है, कभी-कभी मतभेद हो सकते हैं, लेकिन रिश्ते मजबूत हैं। इधर, ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल पेज पर भारत-अमेरिका संबंधों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ट्विटर संदेश को पोस्ट किया है। (PM Modi on Trump)

प्रधानमंत्री मोदी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि वह ट्रंप की सकारात्मक टिप्पणी और भावनाओं की सराहना करते हैं और पूरी तरह उनसे सहमत हैं। उन्होंने भारत-अमेरिका संबंधों को आगे की ओर देखने वाला व्यापक और वैश्विक रणनीतिक साझेदारी बताया था। दरअसल, अमेरिका ने भारत पर 50% का टैरिफ लगाया है, जिसके चलते भारत का करीब 85 हजार करोड़ रुपए का एक्सपोर्ट बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इससे दोनों देशों के संबंधों में कड़वाहट आ गई है। हालांकि दोनों देशों की टीमें एक बेहतर ट्रेड डील पर पिछले 6 महीने से बात कर रही है। इससे पहले 5 सितंबर को SCO समिट में PM मोदी, रूसी राष्ट्रपति पुतिन और चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग को एक साथ देखकर कहा था कि रूस और भारत अब चीन के पाले में जा चुके हैं। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर लिखा था कि ऐसा लगता है कि हमने भारत और रूस को चीन के हाथों खो दिया है। (PM Modi on Trump)



