मनेंद्रगढ़ में भालुओं का आतंक, SDM कार्यालय के बाबू पर किया हमला, कर्मचारी गंभीर रूप से घायल

Bear Attack in Manendragarh: मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के नगर पालिका क्षेत्र में भालुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बीच भालुओं ने SDM कार्यालय में पदस्थ बाबू अश्वनी भगत पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक अश्वनी भगत रायपुर से लौटने के बाद सुबह करीब 5 बजे रेलवे स्टेशन से अपने घर आमाखेरवा लौट रहे थे। इसी दौरान सेंट जोसेफ स्कूल के पास अचानक तीन भालू सामने आ गए और उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके हाथ और पैर पर गहरे घाव आए हैं। घायल को तत्काल मनेंद्रगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के इस जिले में डायरिया का कहर, तीन दिन में दो बैगा आदिवासियों की मौत, 16 से ज्यादा बीमार
घटना की जानकारी मिलने पर SDM लिंगराज सिदार खुद अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से अश्वनी की स्थिति की जानकारी ली। नगर पालिका उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा ने वन विभाग से जल्द से जल्द भालुओं को पकड़ने की मांग की है। बताया जा रहा है कि एक मादा भालू अपने दो शावकों के साथ रोज रात में शहर की ओर घूमने आती है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है। फिलहाल वन विभाग की टीम ने स्कूल परिसर के पास पिंजरा लगाकर निगरानी शुरू कर दी है। (Bear Attack in Manendragarh)
हाथी के हमले से महिला की मौत
इधर, सूरजपुर जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत गौरा गांव में हाथी के हमले से एक महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि देर रात हाथी ने ग्रामीण का मकान तोड़ दिया। घर की दीवार गिरने से मलवे में दबकर घर में सो रही महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से ग्रामीणों में गुस्सा है और उन्होंने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। मनेंद्रगढ़ में भालुओं का आतंक और सूरजपुर में हाथियों का कहर लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोग डरे हुए हैं। ग्रामीण प्रशासन और वन विभाग से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। (Bear Attack in Manendragarh)



