क्लास लेने को लेकर भिड़े दो शिक्षक, स्कूल को बनाया ‘अखाड़ा’, बच्चों के सामने हाथापाई

Teachers Fight in Sarangarh: सारंगढ़ जिले के बिलाईगढ़ ब्लॉक अंतर्गत शासकीय हाई और पूर्व माध्यमिक स्कूल धारासिव से शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां दो शिक्षक आपसी वाद-विवाद के बाद छात्रों की मौजूदगी में ही आपस में भिड़ गए। अचानक हुई इस घटना से क्लास में बैठे बच्चे सहम गए और घबराकर इधर-उधर भागने लगे। विवाद और हाथापाई के कारण कक्षा की पढ़ाई पूरी तरह बाधित हो गई।
क्या है पूरा मामला
छात्रों ने बताया कि शिक्षक विनीत दुबे समय पर क्लास लेने नहीं पहुंचे थे। उनकी अनुपस्थिति में हिंदी शिक्षक मनोज कश्यप कक्षा में बच्चों को पढ़ाने लगे। इसी दौरान विनीत दुबे भी क्लास रूम पहुंचे और मनोज कश्यप से बहस करने लगे। देखते ही देखते दोनों में गाली-गलौज होने लगी और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इस झगड़े में दोनों शिक्षकों को चोटें भी आई हैं। पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दोनों शिक्षक छात्रों के सामने आपस में लड़ते दिखाई दे रहे हैं। (Teachers Fight in Sarangarh)
यह भी पढ़ें:- मनेंद्रगढ़ में भालुओं का आतंक, SDM कार्यालय के बाबू पर किया हमला, कर्मचारी गंभीर रूप से घायल
अचानक हुई इस शर्मनाक हरकत से बच्चे सहम गए और कुछ बच्चे क्लास से बाहर भाग निकले। घटना के बाद बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह ठप हो गई। इस मामले पर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि स्कूल प्राचार्य की ओर से लिखित शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी। दोषी शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। (Teachers Fight in Sarangarh)




