छत्तीसगढ़ में बढ़ा हादसों का ग्राफ, जानिए किस-किस जिले में हुआ हादसा
Road Accident in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। ताजा मामला जगदलपुर-दंतेवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग 63 का है, जहां कोड़ेनार थाना क्षेत्र अंतर्गत सुमो वाहन और स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए। मृतकों में दुपहिया वाहन सवार शुभम कुमार सक्सेना और दंतेवाड़ा के पूर्व सहायक आयुक्त आनंद सिंह की सास सविता ठाकुर शामिल हैं। घायलों को गंभीर स्थिति में जगदलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें:- रिटायर्ड फौजी से 8 लाख की ठगी, ई-चालान के नाम पर 5.12 लाख पार
बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर थाना चौकी क्षेत्र के परसडीहा गांव में अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रोजगार सहायक सचिव और उनके ससुर की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार दोनों निजी कार्य से वाड्रफनगर जा रहे थे। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और वाहन चालक की तलाश शुरू की। जशपुर जिले के कांसाबेल-फरसाबहार मार्ग पर बरजोर मोड़ के पास राजधानी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में कुसुमताल की इग्नेशिया मिंज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 यात्री घायल हुए हैं। हादसे के समय बस में 23 यात्री सवार थे। गंभीर लापरवाही के बाद चालक और परिचालक बस छोड़कर फरार हो गए। (Road Accident in Chhattisgarh)
तेज रफ्तार कार ने दो छात्राओं को रौंदा
बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के वेयरहाउस रोड पर एक तेज रफ्तार कार चालक ने मोबाइल पर बात करते हुए लापरवाही से दो छात्राओं को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्रा हवा में उछल गई और दूसरी बाल-बाल बच गई। दोनों छात्राओं को गंभीर चोटें आई हैं। बिलासपुर के NH-49 में जयरामनगर मोड़ पर लापरवाह ट्रेलर चालक ने 15 से 16 गौवंशों को कुचल दिया। इस हादसे में 4 गौवंश गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें बिलासपुर गौ सेवा धाम के सेवकों ने प्राथमिक इलाज दिया। ट्रक चालक गांजे के नशे में धुत पाया गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर आरोपी चालक को हिरासत में लिया। गौ सेवकों ने कठोर कार्रवाई की मांग की है। (Road Accident in Chhattisgarh)
दुर्गा पंडाल निर्माण के दौरान मौत
बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गुप्ता चौक में करंट लगने से 19 साल के डेमन उर्फ डेविड रावटे की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब वह अपने साथियों के साथ दुर्गा पंडाल निर्माण कर रहा था और एलटी लाइन के संपर्क में आ गया। साथी उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज थाना क्षेत्र के दैवीगंज गांव में 35 साल की महिला अनीता पाल की जलकर मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह ढिबरी जलाकर सो रही थी। अचानक खाट में आग लगने से वह भी जिंदा जल गई। पुलिस घटना की जांच कर रही है। (Road Accident in Chhattisgarh)



