NHM कर्मचारियों की ओर से हड़ताल समाप्त करने का निर्णय स्वागतयोग्य: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

CM Sai on NHM: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ प्रदेश NHM कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात हुई। प्रतिनिधिमंडल ने अपनी प्रमुख मांगें पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री साय का आभार जताते हुए प्रदेशव्यापी हड़ताल वापस लिए जाने के निर्णय से उन्हें अवगत कराया। मुख्यमंत्री साय को प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कल से प्रदेशभर में NHM कर्मचारी काम पर लौटेंगे।
यह भी पढ़ें:- अपने ही बेटे के हाथों पिता की निर्मम हत्या, जशपुर में दिल दहला देने वाली वारदात
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त करने के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे सराहनीय और राज्यहित में उठाया गया कदम बताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार हर कर्मचारी को अपने परिवार का हिस्सा मानती है और उनकी जायज़ मांगों के प्रति सदैव संवेदनशील रही है। उन्होंने कहा कि जनता का स्वास्थ्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और सरकार ने सदैव इस दिशा में ठोस पहल की है। (CM Sai on NHM)
जानिए मुख्यमंत्री साय ने क्या कहा ?
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि NHM कर्मचारियों के इस निर्णय से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएँ और मजबूत होंगी तथा जनता को उत्कृष्ट और सुलभ चिकित्सा सुविधाएँ मिलेंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से छत्तीसगढ़ एक और बेहतर, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर होगा।
10 मांगों को लेकर कर रहे थे हड़ताल
बता दें कि NHM कर्मचारी अपनी दस सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर गए थे। राज्य सरकार ने इनमें से चार मांगों को पूरा कर दिया है। तीन अन्य मांगों पर समिति गठित कर कार्रवाई प्रारंभ की गई है, जबकि संविलयन, पब्लिक हेल्थ केडर और आरक्षण संबंधी मांगों पर भारत सरकार से निर्णय लिया जाना है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जताया आभार
NHM कर्मचारी संघ की ओर से जारी बयान में बताया गया कि मुख्यमंत्री की पहल पर हड़ताल समाप्त की गई है। इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर हड़ताल समाप्त होने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य का प्रत्येक कर्मचारी परिवार का सदस्य है और NHM कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर राज्यहित में सराहनीय निर्णय लिया है।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर विधायक किरण देव, छत्तीसगढ़ प्रदेश NHM कर्मचारी संघ से डॉ अमित मिरी, डॉ रविशंकर दीक्षित, पूरन दास, कौशलेश तिवारी, हेमंत सिन्हा, दिनेश चंद्र, संतोष चंदेल, प्रफुल्ल पाल, डॉ देवकांत चतुर्वेदी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।



