Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी पर कांग्रेस में घमासान, संदीप बनाम आकाश में फंसा मामला

Raipur Leader of Opposition: राजधानी रायपुर नगर निगम में कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई है। सिर्फ 8 पार्षदों वाले कांग्रेस दल में नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी पर दो दावेदार आमने-सामने हैं। एक तरफ संदीप साहू तो दूसरी ओर आकाश तिवारी। आधे पार्षदों का समर्थन संदीप साहू तो कांग्रेस संगठन का समर्थन आकाश तिवारी को मिला है। यही वजह है कि सवाल खड़ा हो गया है कि नगर निगम में असली नेता प्रतिपक्ष कौन है ? दरअसल, रायपुर नगर निगम में कांग्रेस ने पहले संदीप साहू को नेता प्रतिपक्ष घोषित किया था, लेकिन बाद में पार्टी छोड़कर गए आकाश तिवारी की वापसी हुई तो प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पलटी मारते हुए उन्हें नेता प्रतिपक्ष नियुक्त कर दिया। इस फैसले का विरोध शुरू हुआ। साहू समाज ने भी कांग्रेस भवन का घेराव किया था।

यह भी पढ़ें:- रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने SET परीक्षा नियमित कराने की उठाई मांग, कांग्रेस ने साधा निशाना

23 सितंबर को हुई बैठक में 5 पार्षदों जयश्री नायक, दीप मनीराम साहू, रोनिता प्रकाश जगत, संदीप साहू और रेणु जयंत साहू ने सभापति सूर्यकांत राठौर के सामने संदीप साहू को ही अपना नेता प्रतिपक्ष मानने का अभिमत दिया। उनका तर्क था कि पार्टी से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले आकाश तिवारी को वे नेता नहीं मान सकते। सभापति सूर्यकांत राठौर ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष विवाद की जड़ खुद कांग्रेस पार्टी है। पहले जिला अध्यक्ष के पत्र पर संदीप साहू को मान्यता दी गई। बाद में पीसीसी ने आकाश तिवारी का नाम भेजा, लेकिन पार्षदों की सहमति नहीं मिली। लिहाजा जब तक नया नाम आधिकारिक रूप से घोषित नहीं होता, संदीप साहू ही नेता प्रतिपक्ष बने रहेंगे। (Raipur Leader of Opposition)

कांग्रेस ने किया पलटवार

कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने सभापति के फैसले पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम अधिनियम में सभापति को ऐसा कोई अधिकार नहीं है कि वे पार्षदों से अभिमत लें। कांग्रेस संगठन ने साफ कर दिया है कि आकाश तिवारी ही नेता प्रतिपक्ष हैं। यह विवाद बीजेपी की स्तरहीन राजनीति का नतीजा है। इस पर महापौर मीनल चौबे ने तंज कसते हुए कहा कि यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है। कांग्रेस चाहे तो अपने सभी 8 पार्षदों को नेता प्रतिपक्ष बना दे, हमें कोई दिक्कत नहीं है। उन्हें खुद यह मसला सुलझाना चाहिए। (Raipur Leader of Opposition)

भाजपा विधायक ने दिया ऑफर

भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस में बड़े नेताओं की आपसी लड़ाई के चलते आकाश तिवारी जैसे लोग नेता प्रतिपक्ष बनते हैं। मैं सभी बागी पार्षदों से निवेदन करता हूं कि वे कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आएं और छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा करें। फिलहाल नगर निगम सभापति के अनुसार संदीप साहू ही नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाएंगे, लेकिन कांग्रेस संगठन अब भी आकाश तिवारी के पक्ष में है। ऐसे में रायपुर नगर निगम में विपक्ष का असली चेहरा कौन होगा, यह अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। वहीं सिर्फ 8 पार्षदों वाली कांग्रेस में यह सियासी खींचतान भाजपा को भी हमलावर होने का मौका दे रही है। (Raipur Leader of Opposition)

Back to top button
error: Content is protected !!