कवर्धा में युवती से गैंगरेप, तीन आरोपी गिरफ्तार, जुलूस के दौरान आदिवासी समाज और पुलिस के बीच झड़प

Kawardha Gang Rape Case: कवर्धा जिले में आदिवासी समाज की एक छात्रा के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की वारदात ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद पुलिस ने 36 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, 23 सितंबर की रात आदिवासी युवती अपने बॉयफ्रेंड के घर पर रुकी थी। देर रात करीब 3 बजे किसी विवाद के बाद वह घर से बाहर निकल गई। उसी समय बाइक पर सवार तीन युवक नसीम अहमद (25), जितेंद्र खरे उर्फ जीतू (22) और मोहम्मद सरफराज उर्फ सफ़्फु (21) मौके पर वहां पहुंचे। आरोप है कि युवती को अकेला देख उन्होंने जबरन उसे बाइक पर बैठाया और अटल आवास के पास एक सुनसान इलाके में ले जाकर बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।
यह भी पढ़ें:- GST Bachat Utsav : धान का कटोरा छत्तीसगढ़ में किसानों को जीएसटी सुधार का लाभ, ट्रैक्टर–हार्वेस्टर खरीदी में मिली बड़ी राहत
वारदात के बाद आरोपी युवती को बस स्टैंड के पास छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह पीड़िता महिला थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। 24 सितंबर को पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने 36 घंटे के भीतर सभी तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। नसीम अहमद को गंडई, जितेंद्र खरे और मोहम्मद सरफराज को चिल्फी घाटी के पास से पकड़ा गया। तीनों आरोपी आदतन अपराधी हैं, जिन पर पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक वारदात वाली रात इन्होंने एक दुकान से सुलेशन चुराकर उसका नशा किया और फिर अपराध को अंजाम दिया। (Kawardha Gang Rape Case)
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तीनों को घटनास्थल ले जाकर रिक्रिएशन करवाई। इस दौरान आरोपियों ने बताया कि युवती को कहां से उठाया गया, कैसे बहलाया गया, कौन-सी बाइक का इस्तेमाल किया गया और वारदात को कैसे अंजाम दिया गया। वहीं शाम को गिरफ्तार तीनों आरोपियों का पुलिस ने जुलूस निकाला। इस दौरान शहर में तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला। जुलूस के दौरान आदिवासी समाज के लोगों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। आदिवासी समुदाय के लोग एक आरोपी को जूतों की माला पहनाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपियों को सुरक्षित वाहन में बैठाकर रवाना किया। इस दौरान हुई अफरा-तफरी में एक आदिवासी महिला घायल हो गई, जिसे पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

आदिवासी समाज ने पुलिस पर ज्यादती का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पुलिस और आदिवासी समाज के बीच टकराव की स्थिति एक बार फिर बनती नजर आ रही है। प्रशासन ने इलाके में एहतियातन सुरक्षा बढ़ा दी है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। इससे पहले घटना के दूसरे दिन यानी बुधवार को भी आदिवासी समाज में जबरदस्त आक्रोश देखा गया था। जिला अस्पताल और थाने के बाहर हंगामा हुआ। गुरुवार को समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया और 50 लाख रुपए मुआवजे की मांग के साथ आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की भी मांग उठी। (Kawardha Gang Rape Case)

वहीं घटना को लेकर प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस ने घटना की पार्टी स्तर पर जांच के लिए 7 सदस्यीय जांच समिति गठित की है। अनिला भेड़िया (पूर्व मंत्री) को समिति की संयोजक बनाया गया है। वहीं विधायक संगीता सिन्हा, हर्षिता बघेल, यशोदा वर्मा समेत कई महिला नेता समिति में शामिल हैं, जो जल्द ही घटनास्थल का दौरा करेगी। साथ ही पीड़िता, उसके परिजनों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब गृहमंत्री के अपने जिले में महिलाएं असुरक्षित हैं तो बाकी राज्य की क्या हालत होगी ? वहीं भाजपा ने इस पर पलटवार किया है। पार्टी की प्रवक्ता शताब्दी पांडेय ने कहा कि कांग्रेस कमेटी बनाए, जांच करे, लेकिन इतनी संवेदनशील घटना पर राजनीति न करे। (Kawardha Gang Rape Case)

इस केस में एक चिंताजनक तथ्य यह भी सामने आया है कि तीनों आरोपियों ने अपराध से पहले सुलेशन नामक रासायनिक पदार्थ का नशा किया था। यह एक सॉल्वेंट है, जो जूते-ट्यूब चिपकाने, पेंट में उपयोग होता है। इसमें टोलीन, हेक्सेन, बेंजीन जैसे हानिकारक केमिकल होते हैं। इसे पॉलीथिन या कपड़े में डालकर सूंघा जाता है, जिससे अस्थायी नशा होता है। पुलिस का कहना है कि रिक्रिएशन वीडियो और मेडिकल रिपोर्ट, दोनों सबूत के तौर पर मजबूत कड़ी साबित होंगे। कवर्धा की यह वारदात न केवल एक गंभीर कानूनी मामला है, बल्कि समाज, प्रशासन और राजनीति सभी के लिए सवाल भी खड़े करता है, जहां एक ओर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से कुछ राहत मिली है। वहीं दूसरी ओर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए सिस्टम को और जवाबदेह बनाने की जरूरत है।



