अंधविश्वास की बलि चढ़ा एक और भविष्य, झाड़-फूंक में उलझी जिंदगी, ITI छात्र ने गंवाया अपना पैर

Snakebite in Pakhanjur: 21वीं सदी में जहां विज्ञान और तकनीक तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। वहीं कांकेर के पखांजूर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां अंधविश्वास की भेंट एक होनहार छात्र का भविष्य चढ़ गया। झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के भरोसे इलाज टालते हुए छात्र का पैर तक गंवाना पड़ गया। ITI छात्र श्याम बैरागी विष्णुपुर गांव का रहने वाला है, जो छुट्टी के दिन खेत में काम करने गया था, ताकि अपनी पढ़ाई का खर्च निकाल सके। काम के दौरान उसे एक जहरीले सांप ने काट लिया।
यह भी पढ़ें:- राजनांदगांव में नवरात्र पर्व पर भव्य आयोजन, ‘लव जिहाद’ थीम पर बनी अनोखी झांकी चर्चा का विषय
इस गंभीर हालत में भी उसे फौरन अस्पताल ले जाने के बजाय गांव के बैगा के पास झाड़-फूंक के लिए ले जाया गया, जहां शुरू हुआ अंधविश्वास का घातक सिलसिला। तीन दिनों तक छात्र के साथ तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक का इलाज चलता रहा, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। जब परिवार को अहसास हुआ कि स्थिति हाथ से निकल रही है, तब छात्र को महाराष्ट्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन तब तक जहर शरीर में पूरी तरह फैल चुका था। डॉक्टरों ने बताया कि जहर के प्रभाव से श्याम का एक पैर सड़ चुका है और संक्रमण को रोकने के लिए उसे काटना जरूरी हो गया। (Snakebite in Pakhanjur)
परिवार ने प्रशासन से की मदद की मांग
डॉक्टरों को श्याम का एक पैर काटना पड़ा। एक होनहार छात्र, जो अपने दम पर पढ़ाई कर रहा था, आज अपंगता का जीवन जीने को मजबूर है। श्याम के भाई रामप्रसाद बैरागी ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में कड़ी कार्रवाई हो और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए। उन्होंने कहा कि हमने समय रहते इलाज कराया होता तो शायद मेरा भाई आज स्वस्थ होता, लेकिन गांव में फैले अंधविश्वास और बैगा के बहकावे में आकर हम सबने बहुत बड़ी गलती कर दी। (Snakebite in Pakhanjur)
अंधविश्वास फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई: ASP
इस मामले पर एडिशनल एसपी राकेश कुर्रे ने कहा कि लोगों को अंधविश्वास से दूर रहना चाहिए। अगर किसी भी तरह की शिकायत मिलती है कि किसी व्यक्ति की जान को खतरा हुआ है या झाड़-फूंक के नाम पर जान से खिलवाड़ हो रहा है तो निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी। यह कोई पहली घटना नहीं है। गांवों में अब भी ऐसे कई बैगा खुलेआम झाड़-फूंक का कारोबार कर रहे हैं और ग्रामीण भय, अज्ञानता और परंपरा के नाम पर उन्हें ही प्राथमिकता दे रहे हैं। इसका खामियाजा कई बार जान और भविष्य गवां कर चुकाना पड़ता है। (Snakebite in Pakhanjur)
बड़ा सवाल-कब रुकेगा अंधविश्वास ?
सरकार और प्रशासन को इस दिशा में सख्त कदम उठाने की जरूरत है। जागरूकता अभियान चलाना, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत करना और झाड़-फूंक के नाम पर लोगों की जिंदगी से खेलने वालों पर कड़ी कार्रवाई करनी ही होगी। श्याम बैरागी की कहानी कोई अकेली नहीं है, बल्कि यह समाज में फैले अंधविश्वास और लापरवाही की गहरी जड़ें उजागर करती है। एक होनहार छात्र, जो अपने पैरों पर खड़ा होने का सपना देख रहा था, आज एक पैर गंवाकर दूसरों की मदद पर निर्भर है। सवाल यह है कि क्या यह हमें झकझोरने के लिए काफी नहीं है ? (Snakebite in Pakhanjur)



