कांग्रेस ने सरकार पर लगाया बड़ा आरोप, बैज ने कहा- पिछले पौने दो साल में 5 लाख गाय राज्य से हुए गायब
Baij Allegation on Government: PCC चीफ दीपक बैज ने छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही कहा कि भाजपा सरकार के राज में गायों की तस्करी शुरू हो गई। गायें भूख और दुर्घटना से मर रही है। भाजपा की सरकार बनने के बाद बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था किए कांग्रेस सरकार की ओर से चलाई जा रही गौठान और गोबर खरीदी योजना को बंद कर दिया गया, जिसके कारण पिछले पौने दो साल में चारे पानी के अभाव में भूख से और खुले में घूमने के कारण सड़को पर एक्सीडेंट से बड़ी संख्या में गायों की लगातार मौत हो रही है। बैज ने कहा किया कि पिछले तीन दिनों में राजधानी रायपुर के आसपास के क्षेत्रों में 40 से ज्यादा गायों की मौत हुई है।
यह भी पढ़ें:- शक की आग में जिंदा जला पति, सूरजपुर में पत्नी ने रची खौफनाक साजिश, डेढ़ महीने बाद खुला राज
बैज ने कहा कि पौने दो साल में 850 से ज्यादा गाय सड़कों पर कुचल कर मारी गई। लगभग 1200 से ज्यादा गाय भूख और चारे पानी के अभाव में मारी गई। 200 से ज्यादा गाय जहरीला पदार्थ खाने से मारी गई। रायपुर जिले के समोदा गौठान में बेहद विभत्स दृश्य है, डेढ़ दर्जन से ज्यादा मृत गायों के अवशेष आज भी चील, कौवे और जानवर नोच रहे हैं। गुल्लू, मोहरा में भी यही स्थिती है। इन तीनों गांव में 40 गाय भूख से मरी है। 16 सितंबर को बिलासपुर-रतनपुर हाईवे पर गायों के झुंड को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिसमें 19 गायों की जान चली गई। गर्भवती गाय का पेट फट गया, जिसके चलते बछड़ा बाहर आ गया। (Baij Allegation on Government)
अगस्त 2025 के पहले 90 गायों की मौत: बैज
दीपक बैज ने कहा कि 16 सितंबर को ही दुर्ग जिले के बाफना पेट्रोल पंप के पास कंटेनर ने 8 गायों को कुचल कर मार दिया। अगस्त 2025 के पहले हफ्ते में ही 3 अलग-अलग हादसों में 90 गायों की मौत पर बिलासपुर हाईकोर्ट ने फटकार लगाई थी। बारीडीह के पास 17 गायें कुचल कर मारी गई। बिलासपुर में 25 गाय कुचली गई। तीन महीना पहले भी रतनपुर-बिलासपुर मार्ग पर 12 गायें मारी गई। दामाखेड़ा के पास 9 गायें मारी गई। किरना में 18 गायों को बेरहमी से रौंद कर मार दिया गया। बीते दो महीने के भीतर एक साथ बड़ी संख्या में हाईवे पर गायों के कुचलकर मारे जाने की ये छठवीं बड़ी घटना है।
गौ अभ्यारण्य और गौधाम को लेकर सवाल
उन्होंने कहा कि महासमुंद जिले में नेशनल हाईवे पर 12 गाय मारी गई। जांजगीर-चांपा जिले में तीन अलग-अलग घटनाओं में 16 गाय मरी। रायपुर के उरला से लगे कन्हेरा में जहरीला पदार्थ खाने से दो दर्जन से ज्यादा गाय मारी गई। सिमगा बेमेतरा हाईवे पर मई में 8 गाय मारी गई। बलौदाबाजार के पास भूख से एक दर्जन गाय मारी गई। गायों के मरने का यह सिलसिला लगातार चल ही रहा है। सरकार ने गोठान बंद कर दिया। विकल्प के तौर पर पहले गौ अभ्यारण्य बनाने की बात की गई। फिर गौधाम बनाने का निर्णय हुआ, लेकिन न गौ अभ्यारण्य बनाया गया और न ही गौधाम बनाया गया।
चारा के लिए आवंटन पर भी सवाल
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि दिखावे के लिए गौधामों चारा के लिए राशि की घोषणा भी सरकार ने किया, प्रति पशुधन 10 रुपए प्रतिदिन चारा के लिए आवंटन की बात की गई। इतने में कौन सा चारा आएगा ? गौठान बंद होने के कारण आवारा घूम रहे गौवंश जब एक समस्या के रूप में सामने आई तो सरकार ने अघोषित रूप से एक बेहद ही क्रूर निर्णय लिया और गौवंश की तरकरी को बढ़ावा देने शुरू कर दिया। 2023 में लगभग 14 लाख गौवंश का राज्य में कांग्रेस की सरकार के समय 10 हजार 800 गोठानों में व्यवस्थापन होता था। उनके चारे पानी की व्यवस्था होती थी। (Baij Allegation on Government)
कांग्रेस ने 6 कमेटी बनाई
दीपक बैज ने कहा कि गायों की मौत के मामले में कांग्रेस ने अभी तक 6 कमेटी बनाई है। उनकी रिपोर्ट और हमने जो अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से गांव वालों से चर्चा कर जानकारी एकत्रित की वह बहुत ही चौंकाने वाली वाली और दुखद है। दो साल में गांवों और शहरों में पशुओं की संख्या 40 फीसदी तक घट गई है। मतलब राज्य से पिछले दो सालों में लगभग 5 लाख से ज्यादा गौवंश गायब हो गए। दुर्घटना और भूख से मरने वाली कुल गार्यों की संख्या तो लगभग 2 हजार से ढाई हजार तक है। फिर ये लगभग पांच लाख गाय कहां गई ? सीधा मतलब है उनकी तस्करी कर यूपी और महाराष्ट्र के बूचड़खाना पहुंचा दी गई।
भाजपा के राज में यह महापाप हो रहा: बैज
उन्होंने कहा कि खुद को गौ पूजक और गौ रक्षक बताने वाली भाजपा के राज में यह महापाप हो रहा है। गायों की तस्करी हो रही है। गाय स्लाटर हाउस भेजी जा रही है। मोदी सरकार आने के बाद भारत ब्राजील के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा बीफ निर्यातक बन गया है। बीफ निर्यात करके मोदी सरकार हर साल 4.3 अरब डॉलर कमा रही है। 2014 के बाद भाजपा की मोदी सरकार की नीतियों के कारण भारत दुनिया के 65 देशों में बीफ निर्यात कर रहा है। भाजपा शासित राज्यों यानी यूपी, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में देश के सर्वाधिक बूचड़खाने है। (Baij Allegation on Government)
डबल इंजन की सरकार गौवंश को कत्लखाने भेज रही: बैज
PCC चीफ ने कहा कि मध्यप्रदेश में 15 से 20 स्लाटर हाउस संचालित हैं। सबसे बड़ा आधुनिक स्लाटर हाउस भोपाल में है, जहां रोजाना 500 पशुओं को काटने की क्षमता है। सिर्फ मध्यप्रदेश में रोजाना 1200 जानवर काटे जाते हैं। इसके अलावा अवैध और गैरकानूनी तरीके के होने वाली हत्या अलग है। भाजपा शासित यूपी देश का सबसे बड़ा बीफ निर्यातक राज्य है। इलेक्ट्रोल बांड में खुलासा हुआ कि भाजपा ने बीफ निर्यातक कंपनियो से चंदा लिया। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार थी तो हमने गायों की रक्षा के लिए गौठान बनाए और गोबर खरीदी शुरू किया, ताकि लोग गायों का पालन पोषण करे। उनकी आय का जरिया बने। भाजपा की डबल इंजन की सरकार तो गौवंश को कत्लखाने भेज रही है।
रायपुर सांसद ने किया पलटवार
बैज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि पिछले पौने दो साल में प्रदेश से गाय लगभग 5 लाख गौवंश के बारे में सरकार स्पष्टीकरण दें। सरकार 2023 के पहले के सभी 10800 गौठानों क्रो फिर शुरू करें। गोठानों में चारा पानी की सुरक्षित व्यवस्था किया जाए। कांग्रेस के इन आरोपों पर रायपुर भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने नेताओं को मार रही है। पहले उसकी जांच करवा ले। उसके बाद गायों की बात करें। गायों और गौठान के नाम पर कांग्रेस पार्टी ने लूट मचाई और भ्रष्टाचार किया। अब विष्णुदेव साय सरकार नीति बना रही है। उस नीति के आधार पर गायों का संरक्षण किया जाएगा। (Baij Allegation on Government)



