नक्सली संगठन में फूट: शांतिवार्ता को लेकर मतभेद, केंद्रीय प्रवक्ता अभय ने फिर जारी किया प्रेस नोट
Split in Naxalite Sangathan: नक्सली संगठन के भीतर अब खुलकर मतभेद सामने आने लगे हैं। शांतिवार्ता को लेकर संगठन दो फाड़ में बंटता नजर आ रहा है। केंद्रीय समिति के प्रवक्ता अभय ने एक बार फिर तीन पन्नों का प्रेस नोट जारी किया है। साथ ही नक्सली संगठन के तेलंगाना स्टेट कमेटी के प्रवक्ता जगन की तीखी आलोचना की है। दरअसल, हाल ही में जगन ने शांतिवार्ता की प्रक्रिया को सिरे से खारिज करते हुए इसे संगठन की विचारधारा के खिलाफ बताया था। इसके जवाब में अभय ने ताजा प्रेस नोट में स्पष्ट किया है कि शांतिवार्ता का निर्णय संगठन के बड़े कैडर की उपस्थिति में लोकतांत्रिक तरीके से लिया गया है।
यह भी पढ़ें:- ड्रग्स, नशा और देर रात पार्टियों पर प्रशासन की सख्ती, कलेक्टर-SSP ने बार संचालकों को चेताया
प्रेस नोट में अभय ने कहा कि लोगों का भरोसा जीतने के लिए पहले ही प्रेस नोट में मेरी फोटो और संगठन की ई-मेल ID साझा की गई थी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि नक्सली संगठन के भीतर लोकतंत्र अभी भी जीवित है। प्रवक्ता अभय ने तेलंगाना में संगठन की विफलताओं का भी जिक्र किया। उन्होंने स्वीकार किया कि तेलंगाना में नक्सली संगठन अपना विस्तार करने में असफल रहा है और वहां सुरक्षाबलों से लगातार शिकस्त झेलनी पड़ी है। यही हालात अन्य राज्यों में भी देखने को मिल रहे हैं। (Split in Naxalite Sangathan)
नारायणपुर में फिर मिली सफलता
उन्होंने यह भी कहा कि नक्सली संगठन की पोलित ब्यूरो के महासचिव बसवराजू और वरिष्ठ सदस्य रूपेश भी शांतिवार्ता के पक्षधर हैं। ताजा प्रेस नोट तेलुगु भाषा में जारी किया गया है, जिसमें एक बार फिर अभय की तस्वीर भी प्रकाशित की गई है। इधर, नारायणपुर जिले के नक्सल प्रभावित अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षाबलों को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। धनोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनार-तोयापारा मुख्य मार्ग पर सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, हथियार और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की हैं।
नेलनार एरिया कमेटी का सामान जब्त
इस संयुक्त अभियान को जिला बल और आईटीबीपी की 29वीं वाहिनी की ई कंपनी ने अंजाम दिया। सोमवार को चलाए गए इस सघन नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने संदिग्ध इलाकों में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) की मदद से एक प्रेशर कुकर बम, इलेक्ट्रिक मल्टीमीटर, वायर, बारूद और एक भरमार राइफल बरामद की गई।जांच में यह भी सामने आया है कि यह विस्फोटक सामग्री नक्सलियों की नेलनार एरिया कमेटी ने सुरक्षाबलों और आम नागरिकों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से छिपाई थी। (Split in Naxalite Sangathan)
नारायणपुर एसपी ने की पुष्टि
नारायणपुर एसपी रॉबिनसन गुरिया ने बरामदगी की पुष्टि करते हुए कहा कि यह कार्रवाई पूरी तरह से सुरक्षात्मक मानकों का पालन करते हुए की गई है। सुरक्षाबल क्षेत्र में नक्सली मंसूबों को नाकाम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और लगातार सर्चिंग ऑपरेशन जारी है। एक ओर नक्सली संगठन के भीतर शांतिवार्ता को लेकर गहराते मतभेद संगठन की आंतरिक कमजोरी को उजागर कर रहे हैं तो दूसरी ओर सुरक्षाबल लगातार दबाव बनाकर नक्सलियों के ठिकानों और हथियारों को ध्वस्त कर रहे हैं। संगठन की कमजोर होती पकड़ और नेतृत्व में पैदा हो रहे मतभेद यह संकेत दे रहे हैं कि आने वाले समय में नक्सलियों की पकड़ और कमजोर हो सकती है।



