Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में देर रात तक शराब परोसने वालों पर होगी कार्रवाई, चौथी गलती पर स्थायी रूप से रद्द होगा लाइसेंस

Excise Commissioner Meeting: नया रायपुर में आबकारी आयुक्त आर. संगीता की अध्यक्षता में प्रदेशभर के होटल, बार और पब संचालकों की अहम बैठक हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य बार संचालन में हो रहे नियमों के उल्लंघन पर सख्ती बरतना और लाइसेंस की शर्तों पर गंभीर चर्चा करना था। बैठक में छत्तीसगढ़ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों समेत प्रदेशभर के 55 से ज्यादा बार और होटल संचालक शामिल हुए। हाल के दिनों में बार और क्लबों के तय समय से ज्यादा देर तक संचालन की शिकायतें मिलने के बाद यह बैठक बुलाई गई थी। आबकारी आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि रात 12 बजे के बाद कोई भी बार संचालित पाया गया तो उसे तत्काल सील किया जाएगा। इसके अलावा अगर किसी होटल या बार में नियमों का उल्लंघन पाया गया तो तीव्र और चरणबद्ध कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढे़ं:- नवरात्रि के बीच शर्मनाक वारदात, बाइक सवार युवकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम से लौट रही महिला से किया गैंगरेप

आयुक्त आर. संगीता  ने कहा कि पिछले 10 दिनों में पुलिस के साथ मिलकर की गई संयुक्त कार्रवाई के दौरान कई बारों को नियमों के उल्लंघन पर बंद किया गया है, जिन बार संचालकों ने तय समय सीमा का पालन नहीं किया, उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में चार चरणों में कार्रवाई की जाएगी। पहली बार नियमों का उल्लंघन करने पर 3 दिन के लिए लाइसेंस निरस्त किया जाएगा। दूसरी बार 5 दिन और तीसरी बार 7 दिन के लिए लाइसेंस निरस्त किया जाएगा। अगर बार संचालक फिर भी नियमों का उल्लंघन करता है तो उसका लाइसेंस स्थायी रूप से निरस्त कर दिया जाएगा। आयुक्त ने यह भी कहा कि नियमों के उल्लंघन वाले क्षेत्र के जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे अधिकारियों को पहले नोटिस जारी किया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। (Excise Commissioner Meeting)

15 दिनों में 10 बारों का निरीक्षण, 7 पर कार्रवाई

आबकारी विभाग ने पिछले 15 दिनों में 10 बारों का निरीक्षण किया, जिनमें से 7 बारों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। राजधानी रायपुर में देर रात तक संचालित हो रहे बारों पर भी जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए कार्रवाई की है। बैठक में संदिग्ध गतिविधियों, ड्रग्स सेवन, CCTV निगरानी और 21 साल से कम उम्र के व्यक्तियों को बार में प्रवेश से प्रतिबंध जैसे मुद्दों पर भी विशेष चर्चा की गई। सभी संचालकों को निर्देश दिया गया कि अगर उनके परिसर में कोई ग्राहक नशीले पदार्थों के सेवन में लिप्त पाया जाता है तो इसकी तत्काल सूचना पुलिस या आबकारी विभाग को दी जाए। बैठक में मौजूद छत्तीसगढ़ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष तरंजीत होरा ने बताया कि प्रदेशभर के संचालकों ने रात 12 बजे तक बार संचालन के नियमों पर सहमति जताई है।

राज्यभर में अभियान जारी

उन्होंने कहा कि हमने समय, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर विभाग से सहयोग की अपील की है। संचालक भी चाहते हैं कि बार का संचालन कानूनी दायरे में हो। आबकारी विभाग ने राज्यभर में अवैध शराब पर रोकथाम और आबकारी अधिनियम के पालन को लेकर व्यापक अभियान चला रखा है। इस अभियान में जिला प्रशासन और पुलिस की भी सक्रिय भूमिका है। लाइसेंस निलंबन या रद्द करने का अधिकार संबंधित जिला कलेक्टर को प्राप्त है। हालांकि आबकारी आयुक्त ने संकेत दिया कि अब विभाग नियमों के सख्त पालन को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगा। आबकारी आयुक्त ने निर्धारित समय-सीमा से ज्यादा समय तक शराब नहीं परोसने, होटल में अगर कोई ग्राहक ड्रग्स लेकर आता हो तो तत्काल इसकी सूचना विभाग को देने के निर्देश दिए हैं। (Excise Commissioner Meeting)

Back to top button
error: Content is protected !!