पद्मविभूषण शास्त्रीय गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र का निधन, राष्ट्रपति और PM मोदी ने जताया दुख

Pandit Chhannulal Mishra Passes Away: शास्त्रीय संगीत के दिग्गज और पद्मविभूषण से सम्मानित पंडित छन्नूलाल मिश्र का निधन हो गया। वे 89 साल के थे। पंडित मिश्र ने मिर्जापुर स्थित गंगा दर्शन कॉलोनी में अपनी बेटी नम्रता मिश्र के आवास पर अंतिम सांस ली। वे पिछले कई महीनों से बीमार चल रहे थे। पंडित छन्नूलाल मिश्र देश-विदेश में अपने खयाल, ठुमरी, भजन, दादरा, कजरी और चैती गायन के लिए विशेष रूप से पहचाने जाते थे। उनका गाया प्रसिद्ध लोकगीत “खेले मसाने में होली” आज भी श्रोताओं की जुबान पर है। शास्त्रीय-लोक विधाओं के अनूठे संगम ने उन्हें विशिष्ट पहचान दिलाई।
यह भी पढ़ें:- राष्ट्रपति मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि, जानिए क्या-क्या कहा…?
पंडित मिश्र की तबीयत पिछले 7 महीने से खराब थी। हाल ही में वे 17 दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहे। 11 सितंबर को मिर्जापुर में तबीयत बिगड़ने पर उन्हें रामकृष्ण सेवाश्रम अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें 13 सितंबर की रात बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में रेफर किया गया। इलाज के बाद तबीयत में कुछ सुधार हुआ और 27 सितंबर को उन्हें छुट्टी दे दी गई, जिसके बाद वे मिर्जापुर लौट आए। बीएचयू की मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक उन्हें एक्यूट रेस्पिरेटरी डिस्ट्रेस सिंड्रोम (ARDS) था, फेफड़ों में सूजन थी। इसके साथ ही उन्हें टाइप-2 डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, ऑस्टियोआर्थराइटिस और प्रोस्टेट की समस्याएं भी थी। (Pandit Chhannulal Mishra Passes Away)

3 अगस्त 1936 को आजमगढ़ जिले के हरिहरपुर गांव में जन्मे पंडित छन्नूलाल मिश्र संगीत परंपरा से जुड़े परिवार से आते थे। उनके दादा गुदई महाराज और पिता बद्री प्रसाद मिश्र खुद भी संगीतज्ञ थे। उन्होंने छह साल की आयु में पिता से संगीत की शिक्षा प्रारंभ की। बाद में किराना घराने के उस्ताद अब्दुल गनी खान से खयाल की विधा सीखी और ठाकुर जयदेव सिंह से भी प्रशिक्षण प्राप्त किया। बिहार के मुजफ्फरपुर में प्रारंभिक संगीत शिक्षा लेने के बाद वे लगभग चार दशक पहले वाराणसी आ गए और यहीं अपनी संगीत साधना को पूर्णता दी। उन्होंने काशी को अपनी कर्मभूमि बनाया और यहीं रहकर शास्त्रीय संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

पंडित मिश्र के परिवार में चार बेटियां और एक बेटा हैं। साल 2021 में कोरोना संक्रमण के दौरान उनकी पत्नी मनोरमा मिश्र और बड़ी बेटी संगीता मिश्र का निधन हो गया था। पंडित छन्नूलाल मिश्र को वर्ष 2000 में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, 2010 में पद्म भूषण और 2021 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। 2014 में वे वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसभा नामांकन में प्रस्तावक भी बने थे। कहा जाता है कि पहले उन्होंने नाम प्रस्तावक बनने में दिलचस्पी नहीं दिखाई थी, लेकिन बाद में अमित शाह की व्यक्तिगत पहल पर उन्होंने हामी भरी थी। उन्होंने आशा जताई थी कि नई सरकार काशी की गंगा और संगीत परंपरा के लिए कुछ सकारात्मक करेगी।

पंडित मिश्र के निधन से देशभर में शोक की लहर है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि शास्त्रीय संगीत के सुविख्यात गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र के निधन से भारतीय संगीत की अपूरणीय क्षति हुई है। बनारस घराने की इस महान संगीत-विभूति ने शास्त्रीय गायन को नए आयाम दिए। अनेक सम्मानों सहित उन्हें पद्म विभूषण से भी अलंकृत किया गया था। मैं उनके प्रियजनों और प्रशंसकों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। वे जीवनपर्यंत भारतीय कला और संस्कृति की समृद्धि के लिए समर्पित रहे। उन्होंने शास्त्रीय संगीत को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही भारतीय परंपरा को विश्व पटल पर प्रतिष्ठित करने में भी अपना अमूल्य योगदान दिया। यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे सदैव उनका स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त होता रहा। साल 2014 में वे वाराणसी सीट से मेरे प्रस्तावक भी रहे थे। शोक की इस घड़ी में मैं उनके परिजनों और प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करता हूं।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि महान शास्त्रीय संगीतज्ञ पंडित छन्नूलाल मिश्र का निधन अत्यंत दुःखद है। खयाल, ठुमरी, भजन से लेकर कजरी, चैती तक अपनी गायकी का प्रभाव छोड़ने वाले छन्नूलाल जी के संगीत की गूँज बनारस की गलियों और भवनों से लेकर खेतों की मेड़ों तक सुनाई देती है। उनकी आवाज में रामचरितमानस और कबीर के भजन आज भी घर-घर में लोकप्रिय हैं। उनका निधन संगीत जगत में एक अपूरणीय क्षति है। बाबा विश्वनाथ पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा उनके परिजनों और प्रशंसकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि भारतीय शास्त्रीय संगीत के सशक्त स्वरूप, पद्मविभूषण से सम्मानित पंडित छन्नूलाल मिश्र जी का निधन अत्यंत दुःखद है।

उन्होंने कहा कि उनकी अनूठी गायकी और भावपूर्ण प्रस्तुतियां अद्भुत रही। किराना और बनारस घराने के प्रख्यात शास्त्रीय गायक छन्नूलाल जी का देहावसान भारतीय शास्त्रीय संगीत की दुनिया के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें। उनके परिवार, शिष्यों और असंख्य प्रशंसकों के प्रति गहरी संवेदनाएं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय शास्त्रीय संगीत के आकाश में एक अनमोल सितारे के रूप में चमकने वाले, ‘पद्म विभूषण’ से अलंकृत पंडित छन्नूलाल मिश्र जी का निधन संगीत और संस्कृति जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने साधना-पूर्ण जीवन से न केवल शास्त्रीय संगीत को समृद्ध किया बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपरा को विश्व पटल पर प्रतिष्ठित किया। उनका योगदान संगीत साधकों और कला प्रेमियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों व अनगिनत प्रशंसकों को धैर्य प्रदान करें।

CM योगी ने कहा कि आपने अपना पूरा जीवन भारतीय शास्त्रीय गीत-संगीत के उत्थान में समर्पित कर दिया। आपका गायन कला साधकों के लिए एक प्रेरणा है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति व उनके शोकाकुल परिजनों, अनुयायियों और प्रशंसकों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उत्तरप्रदेश के डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारतीय शास्त्रीय संगीत के महान विभूति, ‘पद्म विभूषण’ से अलंकृत प्रख्यात गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है और शास्त्रीय संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। लोक गायिका मालिनी अवस्थी ने कहा कि पंडित छन्नूलाल मिश्र का निधन शास्त्रीय संगीत जगत, खासकर काशी और भक्ति, शास्त्रीय संगीत की उस विधा के लिए बहुत बड़ी क्षति है, जो जन-जन से जुड़ी है, जो भी उनसे व्यक्तिगत रूप से मिला है, वह जानता है कि वह कितने विनम्र स्वभाव के थे और उनका जीवन सादगी से भरा था। वह भगवान राम के परम भक्त थे।



