Google Analytics —— Meta Pixel

राष्ट्रपति मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि, जानिए क्या-क्या कहा…?

Ghandhi Jayanti 2025: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 156वीं जयंती पर उन्हें राजघाट पर श्रद्धांजलि दी। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को विजयघाट पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति ने कहा कि यह हम सब के लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों और मूल्यों के प्रति खुद को समर्पित करने का अवसर है। गांधी जी का शांति, सहिष्णुता और सचाई का संदेश समूची मानवता के लिए प्रेरणा है। उन्होंने अपना समूचा जीवन छुआछूत, निरक्षरता, बुरी आदतों और अन्य सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन के लिए समर्पित किया। उन्होंने अपने अटूट निश्चय से समाज के कमजोर वर्गों को शक्ति और समर्थन दिया।

यह भी पढ़ें:- ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान की पोल खोली, भारत की निर्णायक क्षमता को सिद्ध किया: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने अपने संपूर्ण जीवन में नैतिकता और सदाचरण पर अडिग विश्वास रखते हुए लोगों को इस पथ पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने आत्मनिर्भर, स्वावलंबी और शिक्षित भारत के निर्माण के उद्देश्य से चरखे के जरिए आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। उन्होंने अपने आचरण और संदेशों से श्रम की गरिमा को हमेशा प्रोत्साहन दिया। उनके जीवनमूल्य आज भी प्रासंगिक हैं और भविष्य में हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे। आइए, हम सब गांधी जयंती के पावन अवसर पर सत्य और अहिंसा के पथ पर चलने, राष्ट्र के कल्याण और प्रगति के लिए प्रतिबद्ध रहने और एक स्वच्छ, अधिक सक्षम, पूर्ण सशक्त और संपन्न भारत के निर्माण का संकल्प दोहराएं। 

PM मोदी ने कहा कि गांधी जयंती बापू के असाधारण जीवन को श्रद्धांजलि देने का दिन है, जिनके आदर्शों ने मानव इतिहास की दिशा बदल दी। उन्होंने दिखाया कि कैसे साहस और सादगी महान परिवर्तन के साधन बन सकते हैं। वे सेवा और करुणा की शक्ति को लोगों को सशक्त बनाने के अनिवार्य साधन मानते थे। हम एक विकसित भारत के निर्माण के अपने अभियान में उनके बताए मार्ग पर चलते रहेंगे। उन्होंने आगे कहा कि लाल बहादुर शास्त्री एक असाधारण राजनेता थे, जिनकी ईमानदारी, विनम्रता और दृढ़ संकल्प ने चुनौतीपूर्ण समय में भी भारत को सशक्त बनाया। वे अनुकरणीय नेतृत्व, शक्ति और निर्णायक कार्रवाई के प्रतीक थे। ‘जय जवान जय किसान’ के उनके आह्वान ने हमारे लोगों में देशभक्ति की भावना जगाई। वे हमें एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए निरंतर प्रेरित करते रहते हैं। (Ghandhi Jayanti 2025)

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि सत्य, अहिंसा, स्वतंत्रता और न्याय के पथिक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। उनके सशक्त मूल्यों ने भारतीय स्वाधीनता संघर्ष को नई दिशा और ऊर्जा दी। उनके आह्वान पर करोड़ों भारतवासी एकजुट होकर स्वाधीनता के ध्येय पर आगे बढ़े। महात्मा गांधी जी का जीवन संदेश और उनकी शिक्षाएं सामाजिक – राजनीतिक – नागरिक जीवन के लिए जीवंत प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि सादगी, शुचिता और राष्ट्र के प्रति अनुपम निष्ठा के प्रतीक पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर भावपूर्ण नमन। स्वाधीनता संघर्ष से लेकर राष्ट्र निर्माण तक, भारतभूमि के उत्कर्ष में उन्होंने महती भूमिका निभाई। अटूट देशभक्ति, दृढ़ संकल्प और सरल व्यवहार के धनी शास्त्री जी को देश सदैव याद करता रहेगा। (Ghandhi Jayanti 2025)

गांधी जयंती के अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित खादी इंडिया शोरूम का दौरा किया। उन्होंने खादी उत्पाद खरीदे और उनका ऑनलाइन भुगतान भी किया। इस दौरान शाह ने कहा कि यह महात्मा गांधी ही थे, जिन्होंने भारत की आत्मा को पहचाना। उन्होंने भारत के लोगों को जागरूक कर उन्हें अंग्रेजों के खिलाफ खड़ा किया। एक तरह से हम स्वतंत्रता आंदोलन को खादी और स्वदेशी से अलग नहीं कर सकते। उस समय भारत अंग्रेजी कपड़ा मिलों का बाजार था। देश को स्वदेशी और खादी की अवधारणा से परिचित कराकर, महात्मा गांधी ने न केवल स्वतंत्रता आंदोलन को गति दी, बल्कि कई गरीब लोगों के जीवन में रोशनी भी लाई। लंबे समय तक खादी और स्वदेशी दोनों को भुला दिया गया था। 2003 में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, उन्होंने गुजरात में खादी को पुनर्जीवित करने के लिए एक बड़ा अभियान शुरू किया। 2014 से आज तक खादी सैकड़ों गुना बढ़ गई है। आज कारोबार 1.7 अरब रुपये तक पहुंच गया है। मेरा मानना है कि यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। 

यूपी के CM योगी आदित्यनाथ ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज 2 अक्टूबर है और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती है सत्य अहिंसा की क्या ताकत होती है देश की आजादी के दौरान महात्मा गांधी के नेतृत्व में चला भारत का स्वाधीनता आंदोलन इस बात की गवाही देता है पूरी दुनिया के लिए यह शोध और उत्सुकता का कारण बना हुआ है कि क्या केवल सत्य अहिंसा के मार्ग पर ही चलकर आजादी पाई जा सकती है, लेकिन भारत ने ये करके दिखाया है। भारत की स्वाधीनता आंदोलन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का पदार्पण जिन मूल्यों के आधार पर हुआ था उसमें स्वदेशी का महत्वपूर्ण भूमिका है। भारत का स्वाधीनता आंदोलन सत्य अहिंसा के मार्ग पर अनुसरण करते हुए स्वदेशी का अवलंबन करते हुए सैकड़ों सालों की गुलामी से भारत को मुक्त करने में सफल रहा। इसके साथ ही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी स्वच्छता के पक्षधर थे। उन्होंने स्वच्छता के प्रति समाज का आह्वान किया था।

CM योगी ने कहा कि आज बापू के स्वदेशी सपने को साकार करने के लिए पीएम मोदी के नेतृत्व में देश और दुनिया के लिए एक मॉडल बन रहा है और भारत की ताकत का एहसास कर रहा है। इसके साथ ही स्वदेशी अब केवल खादी तक नहीं है बल्कि स्वदेशी देश में दिनचर्या बन गया है। स्वेदशी वस्तुओं को लेकर और मेक इन इंडिया के इस अभियान को बढ़ावा देने के लिए हमारी सरकार 25 सितंबर से 29 सितंबर के बीच ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन किया था। आज गांधी जयंती है और इस अवसर पर खादी में उत्तर प्रदेश सरकार 25% फीसदी की छूट आज से प्रारंभ की है। स्वच्छता महात्मा गांधी को सबसे ज्यादा पसंद थी पीएम मोदी ने स्वच्छता अभियान के माध्यम से इसे एक नई ऊंचाई दी। स्वच्छता हमारी पहचान बन चुकी है। गांधी जी के सपनों को भाजपा की सरकार पूरी कर रही है। मैं उनके जयंती पर उन्हें नमन करते हुए प्रदेशवासियों की ओर से श्रद्धांजलि देता हूं और आज ही पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुरी शास्त्री की जयंती है। मैं इस अवसर पर उन्हें नमन करते हुए प्रदेशवासियों की ओर से श्रद्धांजलि देता हूं। मैं सभी को विजयदशमी की बधाई देता हूं।

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, ओडिशा के राज्यपाल कुंभमपति हरिबाबू, ओडिशा विधानसभा के अध्यक्ष सुरमा पाधी, विधायक बाबू सिंह ने गांधी जयंती के राज्य स्तरीय समारोह में हिस्सा लिया और महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि पुराने गोवा में हम हर साल गांधी जयंती और शास्त्री जयंती मनाते हैं। इस कार्यक्रम में हम हमेशा भगवद गीता, बाइबिल और कुरान के संदेशों को साझा करके धार्मिक सद्भाव का संदेश देते हैं। प्रधानमंत्री मोदी महात्मा गांधी के स्वच्छता ही सेवा और आत्मनिर्भरता के सपने को अंत्योदय, सर्वोदय और ग्रामोदय तक फैलाने का काम कर रहे हैं। बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गांधी जयंती के अवसर पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। (Ghandhi Jayanti 2025)

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सी.वी. आनंद बोस ने गांधी जयंती के अवसर पर मेयो रोड स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह एक पवित्र दिन है। यह हम सभी के लिए आत्मचिंतन का अवसर है। हमें महात्मा गांधी के सिद्धांतों का पालन करना चाहिए, जिसमें सत्य और अहिंसा पर जोर दिया गया है। यही पश्चिम बंगाल का आदर्श वाक्य होना चाहिए। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने कहा कि महात्मा गांधी ने संघर्षों के आधार पर इस देश से अंग्रेजों को बाहर किया था और देश को आजादी दिलाई थी। उन्होंने अपना सारा जीवन समाज और देश के लिए माना था। यह देश जब तक रहेगा तब तक हम महात्मा गांधी को मानेंगे। यह देश हमेशा रहेगा इसलिए हम हमेशा महात्मा गांधी जी को मानेंगे। 

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर मैं प्रदेश की जनता की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। प्रधानमंत्री जिस तरह से स्वदेशी आंदोलन को आगे बढ़ा रहे हैं, उससे लोगों में भारत में निर्मित उत्पादों के प्रति गहरी आस्था है और सभी का मानना है कि स्वदेशी आंदोलन के माध्यम से भारत विकसित भारत के अपने संकल्प को पूरा करेगा। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि आज 2 अक्टूबर है तो स्वर्गीय महात्मा गांधी की जयंती है अपने स्वतंत्रता की लड़ाई में उनका योगदान अविस्मरणीय है, लेकिन स्वतंत्रता के बाद भारत कैसा हो उसके बारे में विचार देने वाले हमारे उस समय के दार्शनिक नेता थे उनमें उनका स्थान अग्रणीय हैं, जिन्होंने देश के लिए अपने प्राण दिए ऐसे स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री का आज जयंती है। भक्ति, देश सेवा के ये उत्तम उदाहरण हैं।

पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने कहा कि संघ में व्याप्त समरसता और समानता, जाति भेद से पूरी तरह मुक्त व्यवहार को देखकर महात्मा गांधी भी बहुत प्रभावित हुए थे। जिसका विस्तृत विवरण संपूर्ण गांधी वांग्मय में मिलता है। गांधी जी ने 16 सितंबर 1947 को दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के रैली को संबोधित किया था और कहा था कि वह परसों पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉक्टर हेडगेवार के जीवनकाल में संघ के शिविर में गए थे गांधी जी शिविर के अनुशासन, सादगी और छुआछूत की पूर्ण समाप्ति को देखकर अत्यंत प्रभावित हुए थे। AAP दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आज सारी दुनिया महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सद्भाव के पाठ को याद कर रही है। उन्हीं के देश में दुनिया के सबसे बड़े गांधीवादी, विद्वान, वैज्ञानिक, समाजसेवी और देशभक्त सोनम वांगचुक को देशद्रोह के झूठे मुकदमे में इसी सरकार ने गिरफ्तार किया हुआ है। यह शर्म की बात है। कर्नाटक के डिप्टी CM शिवकुमार ने कहा कि गांधी शांति के पक्षधर हैं। हम अपने गांधी दर्शन और देश को उनके द्वारा दी गई दिशा को लागू होते देखना चाहते हैं। हम गांधी के अनुयायी हैं। (Ghandhi Jayanti 2025)

Back to top button
error: Content is protected !!