Google Analytics —— Meta Pixel

ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान की पोल खोली, भारत की निर्णायक क्षमता को सिद्ध किया: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

Defence Minister Rajnath Singh: विजयादशमी के अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 2 अक्टूबर 2025 को गुजरात के भुज स्थित मिलिट्री स्टेशन में शस्त्र पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय सशस्त्र बलों को ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के रक्षा नेटवर्क में घुसपैठ के प्रयासों को विफल करने के लिए बधाई दी। रक्षा मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान ने लेह से लेकर सर क्रीक सेक्टर तक भारत की रक्षा प्रणाली में सेंध लगाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय सेना की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई ने पाकिस्तान की वायु रक्षा प्रणाली की कमजोरियों को उजागर कर दिया और दुनिया को स्पष्ट संदेश दिया कि भारत समय, स्थान और अपनी पसंद के तरीके से भारी क्षति पहुंचाने में सक्षम है। 

सर क्रीक विवाद पर सख्त संदेश

रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि आजादी के 78 सालों बाद भी पाकिस्तान सर क्रीक क्षेत्र को लेकर विवाद पैदा करता रहा है, जबकि भारत बार-बार इस मुद्दे को बातचीत से सुलझाने की कोशिश करता रहा है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान द्वारा सर क्रीक सेक्टर में सैन्य ढांचे का हालिया विस्तार उसकी दुर्भावनापूर्ण मंशा को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पाकिस्तान ने सर क्रीक सेक्टर में कोई दुस्साहस किय तो जवाब इतना प्रचंड होगा कि वह इतिहास और भूगोल दोनों को बदल देगा। 1965 में भारतीय सेना ने लाहौर तक पहुंच कर साहस दिखाया था और 2025 में पाकिस्तान को यह याद रखना चाहिए कि क्रीक से होकर कराची की राह भी गुजरती है। 

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की रिकॉर्ड समय में सफलता सशस्त्रबलों के आपसी समन्वय और संयुक्तता के कारण संभव हो सकी। उन्होंने सभी सैनिकों और अधिकारियों को उनकी रणनीति, साहस और क्षमता के लिए बधाई दी, जिससे यह सिद्ध हो गया कि भारत किसी भी परिस्थिति में अपने दुश्मनों को पराजित कर सकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत ने अपनी सैन्य शक्ति के बावजूद संयम का परिचय दिया, क्योंकि ऑपरेशन सिंदूर का उद्देश्य आतंकवाद का मुकाबला करना था, न कि व्यापक युद्ध को भड़काना। उन्होंने संतोष जताया कि सभी सैन्य उद्देश्य सफलतापूर्वक प्राप्त किए गए और कहा कि भारत की आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई पूरे संकल्प के साथ जारी रहेगी।

शस्त्र पूजन भारत की सांस्कृतिक परंपरा

रक्षा मंत्री ने कहा कि शस्त्र पूजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारत की सभ्यता की वह सोच है, जिसमें हथियारों को धर्म की रक्षा का साधन माना जाता है, न कि केवल हिंसा का औजार। उन्होंने कहा कि भारत में किसान अपने हल की पूजा करते हैं, विद्यार्थी अपनी पुस्तकों की, और सैनिक अपने शस्त्रों की। उन्होंने कहा कि ज्ञान बिना रक्षा के असुरक्षित है, और शक्ति बिना ज्ञान के अराजकता को जन्म देती है। शास्त्र (ज्ञान) और शस्त्र (शक्ति) का संतुलन ही हमारी सभ्यता को जीवंत और अजेय बनाता है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत जो ज्ञान की दृष्टि से सदैव समृद्ध रहा है, अब रक्षा निर्माण के क्षेत्र में भी आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना के तहत भारत अब रक्षा उपकरणों का निर्माता और निर्यातक बन रहा है।

यह भी पढ़ें:- केंद्र में कांग्रेस की पाकिस्तान के आगे घुटने टेकने वाली सरकार थी: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह

रक्षा मंत्री ने सेना, नौसेना और वायु सेना की संयुक्त शक्ति की सराहना की और उन्हें भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के तीन मजबूत स्तंभ बताया। उन्होंने एक्सरसाइज वरुणास्त्र का उल्लेख किया, जो इसी क्षेत्र में आयोजित की गई थी और जिसमें तीनों सेनाओं की संयुक्त अभियान क्षमता को प्रदर्शित किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि भारत की सीमाएं हमेशा से चुनौतीपूर्ण रही हैं और ये चुनौतियां समय-समय पर विभिन्न रूपों में सामने आती हैं। कभी बाहरी आक्रमण के रूप में, कभी आतंकी संगठनों के रूप में, और आज के युग में साइबर युद्ध और सूचना युद्ध के रूप में। विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि यह पर्व हमें सिखाता है कि दुराचार कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, विजय सदैव धर्म और न्याय की होती है। उन्होंने कहा कि शस्त्र पूजन देश की सामूहिक शक्ति, सुरक्षा और स्वतंत्रता का प्रतीक है।

रक्षा मंत्री ने महात्मा गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें नैतिक साहस का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि बापू ने केवल आत्मबल के दम पर दुनिया की सबसे शक्तिशाली साम्राज्य को झुकने पर मजबूर किया। उन्होंने कहा, “हमारे सैनिकों के पास आत्मबल भी है और शस्त्र भी; इसलिए कोई भी चुनौती उनके संकल्प के आगे टिक नहीं सकती। इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने “Tidal Independent Berthing Facility” और “Joint Control Centre (JCC)” का वर्चुअल उद्घाटन भी किया, जो रणनीतिक सर क्रीक सेक्टर में स्थापित किए गए हैं। ये सुविधाएं संयुक्त तटीय संचालन के लिए प्रमुख आधार बनेंगी और तटीय सुरक्षा, समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाएंगी।

Back to top button
error: Content is protected !!