छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण के विरोध में उबाल, कांकेर से रायपुर तक सर्व समाज की एकजुटता

Opposition to Conversion: छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण के विरोध को लेकर सामाजिक और प्रशासनिक स्तर पर माहौल गरमाता जा रहा है। एक ओर कांकेर जिले के सरोना में सर्व समाज ने धर्मांतरण के खिलाफ बड़ा सम्मेलन आयोजित कर अपनी संस्कृति की रक्षा का संकल्प लिया तो दूसरी ओर राजधानी रायपुर में धर्मांतरण के आरोपों के चलते तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस को कई लोगों को हिरासत में लेना पड़ा है और स्थानीय संगठन खुलकर विरोध में उतर आए हैं। कांकेर जिले के सरोना गांव में धर्मांतरण के खिलाफ बड़ी बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें 35 गांवों के सैकड़ों लोग शामिल हुए। बैठक का आयोजन ग्राम समिति अध्यक्ष अजय हिरवानी की अध्यक्षता और सर्व समाज अध्यक्ष कमल किशोर कश्यप की मौजूदगी में हुआ।
बैठक का उद्देश्य ईसाई धर्म में एसटी, एससी, ओबीसी वर्ग के लोगों के बढ़ते धर्मांतरण को लेकर चिंता व्यक्त करना और इसे रोकने के लिए रणनीति तैयार करना था। जिला पंचायत उपाध्यक्ष तारा ठाकुर, टिकेश्वर सिन्हा, सरपंच दीपिका वट्टी, उपसरपंच दिनेश सहारे, पूर्व उपसरपंच यशवंत सुरोजिया, अनिल गजपाल, पूर्व सरपंच सूरज कोराम समेत सैकड़ों ग्रामीणों ने इस बैठक में भाग लिया।
मुख्य निर्णय और प्रस्ताव
- पादरी और पास्टरों की गांव में एंट्री पर प्रतिबंध- कई गांवों में बाकायदा बोर्ड लगाकर ईसाई प्रचारकों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
- धर्म परिवर्तन कर चुके लोगों की डी-लिस्टिंग- बैठक में मांग की गई कि जो लोग धर्म परिवर्तन कर चुके हैं, उन्हें आरक्षण का लाभ न दिया जाए।
- संस्कृति और परंपराओं की रक्षा- ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से अपनी सांस्कृतिक विरासत, देवी-देवताओं और परंपराओं की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास करने का निर्णय लिया।
- हिंदू समाज को जागरूक करने का संकल्प- धर्मांतरण के संभावित खतरों को लेकर गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय भी लिया गया।
रायपुर में इलाज के बहाने धर्मांतरण का आरोप
राजधानी रायपुर के परशुराम नगर में धर्मांतरण के एक कथित प्रयास से क्षेत्र में तनाव फैल गया। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र की एक महिला ने आरोप लगाया कि उसे बीमारी के इलाज के नाम पर ईसाई धर्म अपनाने के लिए मानसिक रूप से प्रभावित करने की कोशिश की गई। संतोषी पारा निवासी बालका राजपूत ने बताया कि उनकी भांजे की पत्नी लंबे समय से बीमार थी। इलाज के दौरान मायाराम नामक व्यक्ति और उसके साथियों ने महिला को ईसाई धर्म अपनाने के लिए मनाने की कोशिश की। पीड़िता के मुताबिक इलाज के दौरान हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक बातें की गईं, जिससे उसकी धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
पुलिस ने 6 लोगों को हिरासत में लिया
मामले के सामने आते ही बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने मायाराम समेत 6 लोगों को हिरासत में लिया और धार्मिक भावनाएं आहत करने व जबरन धर्म परिवर्तन कराने जैसी धाराओं में मामला दर्ज किया। इस मामले ने शहर के अन्य इलाकों में भी तनाव पैदा कर दिया है। सरस्वती नगर के कुकुरबेड़ा, खमतराई, पुरानी बस्ती और आमानाका जैसे क्षेत्रों में धर्मांतरण को लेकर पहले भी विवाद और मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। अब राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में भी विवाद गहराता दिख रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद बड़ी संख्या में भीम आर्मी के कार्यकर्ता थाने पहुंचे और धरने पर बैठ गए। उन्होंने सुबह 4:30 बजे तक प्रदर्शन जारी रखा, लेकिन पुलिस ने किसी को रिहा नहीं किया। (Opposition to Conversion)
धर्मांतरण को लेकर जनभावनाएं उग्र
संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने परशुराम नगर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण को लेकर जनभावनाएं लगातार उग्र होती जा रही हैं। एक ओर जहां ग्रामीण समाज अपनी संस्कृति की रक्षा को लेकर संगठित हो रहा है, वहीं शहरी इलाकों में धर्मांतरण के आरोपों के चलते कानून व्यवस्था की स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। सरकार और प्रशासन के लिए यह विषय अब केवल धार्मिक नहीं, सामाजिक और राजनीतिक रूप से भी अत्यंत संवेदनशील बन चुका है। (Opposition to Conversion)



