Google Analytics —— Meta Pixel

भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर विदेश मंत्री जयशंकर का बड़ा बयान, कहा- दोनों देशों के बीच हैं कुछ समस्याएं

External Affairs Minister Jaishankar: विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने दिल्ली में आयोजित चौथे कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने स्वीकार किया कि भारत और अमेरिका के बीच वर्तमान में कुछ व्यापारिक और नीतिगत मतभेद हैं, लेकिन दोनों देश इन मुद्दों को संवाद के जरिए सुलझाने की दिशा में काम कर रहे हैं। विदेश मंत्री ने कहा कि व्यापार वार्ता में सहमति न बनने के कारण अमेरिका ने भारत पर टैरिफ लगाया है, जो संबंधों में तनाव की वजह बना हुआ है। विदेश मंत्री ने कहा कि रूस से तेल खरीदने को लेकर अमेरिका ने भारत पर एक्स्ट्रा टैरिफ लगाया है, जिसे भारत अनुचित मानता है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण के विरोध में उबाल, कांकेर से रायपुर तक सर्व समाज की एकजुटता

उन्होंने कहा कि कई अन्य देश भी रूस से तेल खरीदते हैं, लेकिन अमेरिका ने खास तौर पर भारत को निशाना बनाया है। विदेश मंत्री ने कहा कि दोनों देशों को अपने मतभेद बातचीत और समझदारी से दूर करने चाहिए, ताकि संबंधों में मजबूती बनी रहे। जयशंकर ने कहा कि आने वाले समय में अमेरिका-चीन संबंध वैश्विक राजनीति की दिशा तय करेंगे। अमेरिका अब पहले से कहीं ज्यादा सक्रिय भूमिका निभा रहा है और अपने राष्ट्रीय हितों के अनुरूप साझेदारी और सहयोग की नीतियां बना रहा है। चीन इस बदलाव को ऐसे समय में देख रहा है जब वह कई नई व्यवस्थाओं और संस्थाओं को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन वे अभी पूरी तरह लागू नहीं हुई हैं।

दुनिया की अर्थव्यवस्था जटिल दौर से गुजर रही: जयशंकर

विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि आज वैश्विक अर्थव्यवस्था में कई घटनाएं एक साथ हो रही हैं, जिससे अस्थिरता बढ़ी है। एक ओर जोखिम लेने का माहौल बन रहा है। वहीं दूसरी ओर राजनीति और अर्थव्यवस्था के हर क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की प्रवृत्ति भी दिख रही है। उन्होंने कहा कि पहले यूरोप में एक संतुलन था। अमेरिका सुरक्षा देता था। रूस ऊर्जा देता था और चीन व्यापार करता था, लेकिन अब यह संतुलन टूट चुका है और तीनों क्षेत्रों में नई चुनौतियां सामने आ रही हैं। विदेश मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब हाल ही में अमेरिका ने भारत पर 25% टैरिफ लगाया है। 30 जुलाई को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने यह ऐलान किया था। यह टैरिफ 7 अगस्त से लागू हुआ है।

6 अगस्त को ट्रंप ने लगाया था अतिरिक्त टैरिफ

वहीं 6 अगस्त को ट्रम्प ने रूसी तेल खरीदने की वजह से भारत पर 25% अतिरिक्त शुल्क लगाया था, जो 27 अगस्त से प्रभावी हुआ। ट्रम्प प्रशासन का दावा है कि भारत रूस से सस्ता तेल खरीदकर खुले बाजार में बेच रहा है, जिससे पुतिन को यूक्रेन के खिलाफ जंग जारी रखने में मदद मिल रही है। 8 सितंबर को हुई ब्रिक्स समिट की वर्चुअल बैठक में जयशंकर ने कहा था कि ट्रेड पॉलिसी निष्पक्ष, पारदर्शी और सभी के फायदे वाली होनी चाहिए। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा था कि व्यापार में रुकावटें डालने से किसी को फायदा नहीं होता, बल्कि व्यापार को सुगम और संतुलित होना चाहिए। इस बैठक में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, और ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डि सिल्वा भी शामिल थे। (External Affairs Minister Jaishankar)

अमेरिका के साथ ट्रेड डील की उम्मीद

इससे पहले 2 सितंबर को केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा था कि भारत और अमेरिका के बीच बाइलेटरल ट्रेड एग्रीमेंट (BTA) पर जल्द ही सहमति बनने की उम्मीद है। उन्होंने कहा था कि मुझे विश्वास है कि नवंबर तक हम ट्रेड डील को अंतिम रूप दे देंगे। भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड वार्ता और टैरिफ विवाद फिलहाल एक चुनौती बने हुए हैं, लेकिन दोनों देश संवाद और सहयोग के माध्यम से इन मतभेदों को दूर करने की कोशिश में हैं। जयशंकर के मुताबिक रिश्तों में कुछ कठिनाइयां हैं, लेकिन वे अस्थायी हैं और बातचीत से हल संभव है। बता दें कि हाल ही में PM मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति के बीच ट्वीट और टेलीफोन पर बात के जरिए बातचीत शुरू हो गई है। दोनों देश एक-दूसरे की तारीफ कर रहे हैं। ऐसे में हालत जल्द ठीक होने की उम्मीद जताई जा रही है। (External Affairs Minister Jaishankar)

Back to top button
error: Content is protected !!