Google Analytics —— Meta Pixel

100 रुपए के लिए दादा ने 8 साल के इकलौते पोते की ली जान, 8 घंटे तक खोजने का करता रहा ड्रामा

Grandson Murdered in Jhansi: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां लहचूरा थाना क्षेत्र के चकारा गांव में 8 साल के मासूम मुकेश कुशवाहा की हत्या उसके ही दादा ने कर दी। वजह सिर्फ 100 रुपए थे। दादा को शक था कि पैसे पोते ने चुराए हैं। डांटने पर जब पोते ने जवाब दिया तो गुस्से में दादा ने उसका गला दबाकर जान ले ली। हत्या के बाद आरोपी दादा ने शव को घर के भीतर भूसे वाले कमरे में छिपा दिया और बाहर जाकर बकरियां चराने चला गया। शाम को वह परिवार और गांव वालों के साथ मासूम को खोजने का नाटक करता रहा।

यह भी पढ़ें:- नेपाल में बारिश और भूस्खलन का कहर, दो दिन में 52 लोगों की मौत, 9 लापता, हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू कर रही सेना

आरोपी पुलिस के साथ भी तलाश में शामिल हुआ, लेकिन जब लाश मिली तो उसके चेहरे पर न तो कोई शिकन थी, न ही आंखों में आंसू। इसी पर पुलिस को शक हुआ और सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। चकारा गांव के रहने वाले राजवेंद्र कुशवाहा का 8 साल का बेटा मुकेश गांव के सरकारी स्कूल में कक्षा तीसरी का छात्र था। शनिवार को वह स्कूल नहीं गया था। उस दिन उसके माता-पिता खेत पर गए थे, जबकि घर पर दादा सरमन कुशवाहा और दादी शांति देवी मौजूद थे। सुबह करीब 11 बजे दादी मोहल्ले में किसी काम से गई। जब लौटी तो मुकेश घर पर नहीं था और सरमन भी गायब था। दादी ने आसपास तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। तब उन्होंने खेत से बेटे और बहू को बुलाया। (Grandson Murdered in Jhansi)

परिवार और ग्रामीणों ने मिलकर मुकेश को खोजा, लेकिन असफल रहे। जब कोई सुराग नहीं मिला तो थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। थाना प्रभारी सरिता मिश्रा टीम के साथ मौके पर पहुंची। लगभग 8 घंटे बाद घर के भीतर भूसे के कमरे में मुकेश की लाश मिली। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई। पोते की लाश मिलने के बाद भी सरमन के चेहरे पर कोई दुख नहीं दिखा। गांव वालों और पुलिस को यह अजीब लगा। उसने बताया कि दोपहर 12 बजे वह मुकेश को घर में छोड़कर बकरियां चराने खेत पर गया था, लेकिन ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने उसे डेढ़ बजे खेत की ओर जाते हुए देखा था।

जानिए क्या बनी हत्या की वजह 

पुलिस ने जब उससे सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया। उसने बताया कि घर में आए दिन बहू चंद्रमुखी से झगड़ा होता था। बहू घर का सामान अपने घर ले जाती थी और पोता मुकेश भी उसमें मदद करता था। इसी कारण घर में तनाव रहता था। शनिवार को उसके 100 रुपए गायब हो गए। उसे शक हुआ कि पैसे पोते ने उठाए हैं। जब उसने मुकेश से पूछा तो बच्चे ने जवाब दिया, जिससे गुस्से में उसने पोते का गला दबा दिया। कुछ ही देर में मुकेश की मौत हो गई। डर के मारे उसने शव को भूसे में छिपाया और खेत चला गया। (Grandson Murdered in Jhansi)

पोते की हत्या से गांव में सनसनी

मुकेश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उससे बड़ी एक बहन है। पिता राजवेंद्र भी अपने माता-पिता के इकलौते बेटे हैं। जब परिवार को पता चला कि उनके अपने पिता ने ही मासूम की जान ले ली तो पूरे गांव में सन्नाटा छा गया। ग्रामीणों के बीच यह वारदात चर्चा का विषय बन गई। लहचूरा थाना प्रभारी सरिता मिश्रा ने बताया कि शुरुआत से ही हमें शक था कि हत्यारा घर का ही कोई सदस्य है। जब सख्ती से पूछताछ की गई तो दादा सरमन कुशवाहा ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि 100 रुपए चोरी के शक में उसने पोते का गला दबाया था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। (Grandson Murdered in Jhansi)

Back to top button
error: Content is protected !!