नक्सलियों को तेलंगाना से भी मिला झटका, सिंगरेनी लेबर फेडरेशन ने किया संघर्ष विराम का समर्थन
Telangana Naxalite: नक्सलियों को तेलंगाना से भी बड़ा झटका लगा है। दरअसल, तेलंगाना की सिंगरेनी लेबर फेडरेशन इकाई ने पोलित ब्यूरो सदस्य सोनू के सशस्त्र संघर्ष विराम की पहल का समर्थन किया। संगठन के सचिव अशोक ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि पिछले दो सालों से संगठन में दो गुटों के बीच टकराव चल रहा था। अब वे हथियार छोड़कर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेंगे। हालांकि इससे पहले तेलंगाना स्टेट कमेटी ने सशस्त्र संघर्ष विराम का विरोध किया था, लेकिन अब परिस्थितियां बदलती दिख रही है।
यह भी पढ़ें:- चार मजदूरों की मौत के बाद जागा प्रशासन, आरकेएम पावर प्लांट प्रबंधन के खिलाफ FIR दर्ज
वहीं छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद अपने अंतिम दौर में है। उन्होंने भरोसा जताया कि केंद्र सरकार की ओर से तय की गई डेडलाइन के भीतर बस्तर समेत देशभर से नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त हो जाएगा। इधर, नारायणपुर जिले में 70 लाख रुपए के 10 इनामी समेत 16 नक्सली आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौट आए हैं। सभी नक्सलियों ने SP रॉबिंसन गुड़िया के सामने हथियार डाले और समाज की मुख्यधारा में शामिल होने की शपथ ली। (Telangana Naxalite)
माड़ को उसके मूलवासियों को लौटाना होगा: SP
पुलिस पूछताछ में आत्मसमर्पित नक्सलियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि शीर्ष कैडर के नक्सली नेता ही आदिवासियों के असली दुश्मन हैं। वे जल, जंगल और जमीन की रक्षा के नाम पर ग्रामीणों को गुमराह करते हैं। महिला नक्सलियों के साथ संगठन में शारीरिक और मानसिक दोनों तरह का शोषण होता है। SP रॉबिनसन गुड़िया ने कहा कि अब माड़ को उसके मूलवासियों को लौटाना होगा। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य अबूझमाड़ के मूल निवासियों को नक्सलवादी विचारधारा से मुक्त कर शांति और विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। अब समय आ गया है कि नक्सली भाई-बहन हथियार छोड़कर समाज की सेवा में आगे आएं।
नारायणपुर में अब तक 192 नक्सली सरेंडर
उन्होंने बताया कि सभी आत्मसमर्पित नक्सलियों को राज्य शासन की पुनर्वास नीति के तहत 50,000 की प्रोत्साहन राशि और सुरक्षा-सुविधाएं प्रदान की गई हैं। SP गुड़िया ने कहा कि नारायणपुर में नक्सलियों का आत्मसमर्पण सिर्फ पुलिस की जीत नहीं, बल्कि बस्तर के आदिवासी समाज में बढ़ती जागरूकता और शांति का प्रतीक है। पुलिस कैंपों के विस्तार, जनजागरण और संवाद अभियानों के परिणामस्वरूप अब नक्सली हिंसा छोड़ समाज की ओर लौट रहे हैं। साल 2025 में अब तक नारायणपुर में कुल 192 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं। (Telangana Naxalite)



