सीपत पुलिस पर वसूली के आरोप, NTPC कर्मी ने की आत्महत्या की कोशिश, दो पुलिसकर्मी निलंबित

Allegations Against Sipat Police: बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र में पुलिस पर ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगे हैं। मामला तब सामने आया, जब पुलिस के दबाव और धमकी से परेशान NTPC कर्मचारी ने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। फिलहाल कर्मचारी का इलाज अपोलो अस्पताल में जारी है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक सीपत के रहने वाले व्यापारी अविनाश सिंह ठाकुर ने थाना प्रभारी गोपाल सतपथी और आरक्षक पर रिश्वतखोरी का आरोप लगाया है।
यह भी पढ़ें:- नक्सलियों को तेलंगाना से भी मिला झटका, सिंगरेनी लेबर फेडरेशन ने किया संघर्ष विराम का समर्थन
शिकायत में बताया गया है कि पुलिस ने धारा 185 यानी शराब पीकर गाड़ी चलाने के तहत कार्रवाई करने का डर दिखाते हुए 50 हजार रुपए की मांग की थी। दबाव में आकर व्यापारी ने 24 हजार रुपए प्राइवेट कंप्यूटर ऑपरेटर राजेश्वर कश्यप के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। व्यापारी ने बैंक भुगतान की रसीद समेत पूरे मामले की लिखित शिकायत SSP रजनेश सिंह को सौंपी। शिकायत के मुताबिक 5 अक्टूबर की सुबह व्यापारी अपने साथी रवि कश्यप के साथ किसी कार्य से थाने पहुंचे थे, जहां पुलिसकर्मियों ने शराब पीकर बाइक चलाने का आरोप लगाते हुए चालान की धमकी दी और रिश्वत मांगी। (Allegations Against Sipat Police)
दो पुलिसकर्मी निलंबित
आरोप है कि रकम देने के बाद बाइक और व्यक्ति को छोड़ दिया गया, लेकिन रात में फिर से बाइक जब्त कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई कर दी गई। इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शिकायतों की जांच के बाद SSP रजनेश सिंह ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ASI सहेत्तर कुर्रे और कांस्टेबल आशीष मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रारंभिक जांच में दोनों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है, जिसके चलते विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। (Allegations Against Sipat Police)
ऑनलाइन भुगतान के ठोस सबूत
जानकारी के मुताबिक आरोपियों पर ऑनलाइन भुगतान के ठोस सबूत मिले हैं, जिन्हें जांच में शामिल किया गया है। वहीं एनटीपीसी कर्मी के आत्महत्या प्रयास से मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस अब पूरे घटना की गहराई से जांच कर रही है। पीड़ित की पत्नी रामेश्वरी बंजारे ने बताया कि उनके पति पुलिस की धमकी और उत्पीड़न से मानसिक रूप से टूट गए थे, जिसके चलते उन्होंने आत्महत्या की कोशिश की। SSP रजनेश सिंह ने कहा कि पुलिस पर लगे आरोप बेहद गंभीर हैं। दोषी पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। (Allegations Against Sipat Police)



