Google Analytics —— Meta Pixel

फिर दहली अयोध्या, रहस्यमयी धमाके से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

Blast in Ayodhya: अयोध्या में राम मंदिर से करीब 25 किलोमीटर दूर पगलाधारी गांव में गुरुवार शाम को धमाका हुआ, जिसमें एक मकान पूरी तरह ढह गया, जिसकी गूंज एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। मलबा 200 मीटर तक बिखर गया। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला लापता है। गुरुवार शाम करीब 7 बजे राम कुमार कसौंधन उर्फ पप्पू के घर में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना तेज था कि पूरा घर ढह गया। मलबे में दबकर पप्पू, उसके दो बेटे लव (8) और यश, बेटी इशी, और साली वंदना की मौत हो गई। वहीं पत्नी लापता बताई जा रही है और घर में काम करने वाला युवक रामसजीवन गंभीर रूप से घायल है।

यह भी पढ़ें:- संवाद कार्यालय में हंगामा! अधिकारी से अभद्रता पर बिफरा जनसंपर्क अधिकारी संघ

धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में डीएम निखिल टीकाराम फुंडे, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी और सीओ अयोध्या टीम के साथ पहुंच गए। पांच थानों की पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाया और मलबे से शवों को बाहर निकाला। अन्य लोगों के दबे होने की आशंका में जेसीबी लगाकर मलबा हटाया गया, लेकिन कोई और नहीं मिला। डीएम निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि सूचना 7:15 बजे मिली थी। रेस्क्यू कर सभी शव निकाल लिए गए हैं। प्रारंभिक जांच में विस्फोट किचन में हुआ लगता है, क्योंकि बर्तन क्षतिग्रस्त मिले हैं। फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है। (Blast in Ayodhya)

एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि पप्पू पिछले कुछ समय से अवैध रूप से पटाखे बनाने का काम करता था। इसी कारण विस्फोट होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुखद है। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को शांति और परिवारों को यह दुख सहन करने की शक्ति दें। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घटना पर पैनी नजर रखने और घायलों को समुचित इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। (Blast in Ayodhya)

पहले भी हो चुका है धमाका

गांव में यह पहली ऐसी घटना नहीं है। एक साल पहले भी पगलाधारी गांव में पटाखा विस्फोट हुआ था, जिसमें तीन लोगों की मौत हुई थी। सिर्फ चार दिन पहले भी बीकापुर कोतवाली क्षेत्र में धमाका हुआ था, जिसमें एक युवक की मौत और दो लोग घायल हुए थे। गांववालों के मुताबिक धमाका इतना तेज था कि 200 मीटर दूर तक मलबा जाकर गिरा। कई घरों की दीवारों में दरारें भी पड़ गई। एम्बुलेंस चालक अजय कुमार ने बताया कि जब लोगों को मलबे से निकाला गया, तब सांसें चल रही थी, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। (Blast in Ayodhya)

Back to top button
error: Content is protected !!