पालतू कुत्ते के आतंक से परेशान ग्रामीणों ने की थाने में धावा, मालकिन की जमकर पिटाई

Dog Bite in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के कई जिलों में कुत्तों के आतंक से लोग परेशान हैं। कहीं एक पालतू कुत्ता पूरे गांव के लिए सिरदर्द बना हुआ है तो कहीं पागल कुत्तों के झुंड ने बच्चों और महिलाओं को निशाना बना डाला। जशपुर, कोरिया और बगीचा से आई ये घटनाएं स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही को उजागर करती हैं। पहला मामला जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र का है, जहां दीवानपुर गांव में एक पालतू कुत्ते के आतंक से ग्रामीण इतने परेशान हो गए कि भीड़ के साथ थाने पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव की एक महिला के पाले गए कुत्ते ने अब तक 8 से 10 लोगों को काटकर घायल कर दिया है, जिसमें एक बच्ची भी शामिल है।
यह भी पढ़ें:- डबल मर्डर से दहला खैरागढ़, अतरिया गांव में पति-पत्नी की बेरहमी से हत्या, हिरासत में पड़ोसी
ग्रामीणों का कहना है कि कुत्ता राह चलते लोगों को निशाना बना रहा है। थाने में दर्ज शिकायत के मुताबिक पालतू कुत्ते की मालकिन को कई बार समझाइश दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आखिर में गांववालों ने घायल बच्ची और अन्य पीड़ितों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुत्ते को पकड़कर उसकी मालकिन को गिरफ्तार किया, लेकिन इसी दौरान भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा और थाने के सामने ही महिला के साथ मारपीट कर दी गई। कुछ ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से हमला भी कर दिया। (Dog Bite in Chhattisgarh)
पागल कुत्ते ने दो मासूमों को काटा
दूसरा मामला बगीचा के कुरुमकेला मोहल्ले का है, जहां खेल रहे दो मासूम बच्चों पर एक पागल कुत्ते ने हमला कर घायल कर दिया। परिजन तुरंत बच्चों को लेकर बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां प्रारंभिक इलाज के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। इस घटना के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्था की भी पोल खुल गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक डॉक्टरों का ड्यूटी समय सुबह 9 बजे था, लेकिन 9:30 बजे तक अस्पताल में केवल एक डॉक्टर और एक कंपाउंडर ही मौजूद थे। परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
कोरिया में पागल कुत्ते ने 15 लोगों को काटा
कोरिया जिले के शिवपुर-चरचा क्षेत्र में एक पागल कुत्ते ने 15 लोगों को काट लिया, जिनमें चार मासूम बच्चे भी शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में डर और गुस्से का माहौल है। घायलों को जिला अस्पताल बैकुंठपुर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि अधिकांश की हालत सामान्य है, लेकिन 9 साल के हसन रजा की स्थिति गंभीर है। उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर एम्स रेफर किया गया है। गुरुवार सुबह ऑफीसर कॉलोनी में एक और कुत्ते ने महिला पर हमला किया, जिससे लोग अब घर से बाहर निकलने में भी डरने लगे हैं। घायलों को SECL अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने आम नागरिकों को रेबीज का टीका देने से इनकार कर दिया, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
तीनों जिलों की इन घटनाओं के बाद लोगों ने नगर पालिका और जिला प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों को तत्काल पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाए। पालतू जानवरों पर भी निगरानी रखी जाए। रेबीज और अन्य जरूरी टीकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाओं को मजबूत किया जाए। इन घटनाओं ने साफ कर दिया है कि पालतू और आवारा कुत्तों के बढ़ते हमले सिर्फ व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामुदायिक संकट बन चुके हैं। समय रहते प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अगर कदम नहीं उठाया तो यह संकट और गंभीर रूप ले सकता है। (Dog Bite in Chhattisgarh)



