मुख्यमंत्री बनने तैयार हूँ, अजय चंद्राकर के बयान पर बोले टी.एस. सिंहदेव …..
रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में इन दिनों एक बयान ने हलचल मचा दी है। भाजपा के वरिष्ठ नेता अजय चंद्राकर ने कहा था कि “अगर सिंहदेव को मुख्यमंत्री बनने की इतनी ही हसरत है, तो उन्हें एक दिन के लिए ही सही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कुर्सी पर बैठाकर सम्मानित कर देंगे। अजय चंद्राकर का यह बयान कुछ ही घंटों में पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया।
यह भी पढ़े :- बीजेपी नेता केदार गुप्ता ने कांग्रेस को घेरा, कहा – आदिवासियों से नहीं है प्रेम
इस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव — दोनों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
भूपेश बघेल ने कहा, “अजय चंद्राकर का बयान पूरी तरह अलोकतांत्रिक है। जाते-जाते एक दिन के लिए मुख्यमंत्री बना देने का मतलब क्या है? क्या मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को जब चाहे उठा सकते हैं और बिठा सकते हैं? इसका अर्थ है कि वे संविधान को नहीं मानते।”
वहीं, टी.एस. सिंहदेव ने इस बयान को हल्केपन में कहा गया बताया। उन्होंने कहा, “अजय चंद्राकर यह बातें हंसी-ठिठोली में कह रहे हैं। मैं कभी एक दिन का मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहूंगा। अगर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस्तीफा दे दें और अजय चंद्राकर कहें, तभी उनके कहने पर मैं मुख्यमंत्री बन सकता हूँ।”
इस बयानबाजी के बाद कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बीच राजनीतिक तकरार और तेज हो गई है।



