मुंबई एयरपोर्ट पर 12.58 करोड़ का सोना जब्त, 13 लोग गिरफ्तार, जानिए क्या है पूरा मामला

Mumbai Airport Action: राजस्व आसूचना निदेशालय यानी DRI ने “ऑपरेशन गोल्डन स्वीप” के तहत मुंबई में चल रहे एक बड़े सोना तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में DRI ने 10.5 किलोग्राम सोना जब्त किया, जिसकी कीमत 12.58 करोड़ रुपए आंकी गई है। साथ ही 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में दो बांग्लादेशी, छह श्रीलंकाई, हवाई अड्डे के मीट-एंड-ग्रीट सेवा के दो कर्मचारी, दो हैंडलर और एक मास्टरमाइंड शामिल हैं। यह कार्रवाई छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे मुंबई पर की गई है।
यह भी पढ़ें:- नई योजनाओं से छत्तीसगढ़ में खेती-किसानी की बदलेगी तस्वीर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
जांच में पता चला है कि यह एक अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी सिंडिकेट था, जो दुबई से मुंबई होते हुए सिंगापुर, बैंकॉक और ढाका जाने वाले यात्रियों का इस्तेमाल करता था। ये यात्री अपने शरीर के अंदर मोम से बने अंडे के आकार के कैप्सूल में सोना छिपाकर लाते थे। मुंबई पहुंचने के बाद ये ट्रांजिट यात्री गुप्त रूप से सोना हवाई अड्डे के कर्मचारियों को सौंप देते थे। इसके बाद कर्मचारी अवैध रूप से सोना बाहर निकालकर हैंडलरों और मास्टरमाइंड तक पहुंचाते थे। DRI ने इस ऑपरेशन के जरिए एक संगठित अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क को खत्म किया है। यह कार्रवाई DRI की खुफिया जानकारी जुटाने की क्षमता और त्वरित कार्रवाई का उदाहरण मानी जा रही है। (Mumbai Airport Action)

यह ऑपरेशन हवाई अड्डे जैसे संवेदनशील स्थानों पर आंतरिक सुरक्षा खतरे की ओर भी इशारा करता है, जहां कुछ कर्मचारी आपराधिक गिरोहों से मिलकर देश की आर्थिक सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते हैं। DRI ने कहा कि वह भारत के आर्थिक हितों और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए इस तरह के अंतरराष्ट्रीय अपराध सिंडिकेट्स के खिलाफ अपने अभियान को जारी रखेगा। डीआरआई भारत के आर्थिक हितों और राष्ट्रीय सुरक्षा को इस तरह के अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक सिंडिकेटों से उत्पन्न खतरों से बचाने के अपने मिशन पर दृढ़ है। जांच फिलहाल जारी है। (Mumbai Airport Action)



