Google Analytics —— Meta Pixel

सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन का तूल पकड़ा मामला, हाईकोर्ट ने जताई नाराजगी, स्वास्थ्य मंत्री बोले- कानून सबके लिए बराबर

Birthday Celebration on Road: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निज सचिव राजेंद्र दास की पत्नी के सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन का मामला अब हाईकोर्ट तक पहुंच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद बिलासपुर हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेते हुए सोमवार को सुनवाई की। मुख्य न्यायाधीश रमेश कुमार सिन्हा और न्यायमूर्ति अमितेंद्र प्रसाद की खंडपीठ ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि स्वास्थ्य मंत्री को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए। कोर्ट ने राज्य सरकार को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

क्या है पूरा मामला ?

गुरुवार रात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें मंत्री के निज सचिव राजेंद्र दास की पत्नी सड़क पर लग्जरी कार की बोनट पर केक काटती और आतिशबाजी करती नजर आई। वीडियो में सड़क के बीच में पटाखे फूटते और सेलिब्रेशन के दौरान फोटो खिंचवाते हुए लोग दिख रहे हैं। इस वीडियो को खुद राजेंद्र दास ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपनी पत्नी को बधाई दी थी। कांग्रेस ने वीडियो शेयर करते हुए भाजपा नेताओं पर दोहरे मानदंडों का आरोप लगाया। कांग्रेस ने पोस्ट में लिखा स्वास्थ्य मंत्री के विशेष सहायक राजेंद्र दास खुलेआम सड़क पर पत्नी का जन्मदिन मना रहे हैं। पटाखों और आतिशबाजी के बीच सड़क को निजी जागीर बना दिया गया। क्या हाईकोर्ट के नियम सिर्फ आम जनता के लिए हैं ? (Birthday Celebration on Road)

यह भी पढ़ें:- बीजापुर में नक्सलियों ने फिर खेला खूनी खेल…!, 4 दिनों में 2 ग्रामीणों को उतारा मौत के घाट

कांग्रेस ने यह भी कहा कि यह घटना बताती है कि भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों पर कानून लागू नहीं होता। इस पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि कानून से बड़ा कोई नहीं है, यह देश में सबके लिए समान है। अगर मेरे निज सचिव या उनसे जुड़े किसी व्यक्ति ने नियमों का उल्लंघन किया है तो निश्चित रूप से कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की है और संबंधित वाहन जब्त किया गया है। मंत्री ने कहा कि यह कोई गंभीर अपराध नहीं था, जन्मदिन के उत्साह में लोग कभी-कभी ऐसा कर बैठते हैं। पुलिस ने सही कार्रवाई की है। मेरे निज सचिव आगे भी अपने पद पर बने रहेंगे। (Birthday Celebration on Road)

कांग्रेस ने मंत्री के बयान पर उठाए सवाल

मनेंद्रगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने मंत्री के बयान को विरोधाभासी बताया। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस वास्तव में स्वतंत्र होती तो वीडियो वायरल होने के बाद तीन दिन तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई ? मामला तभी आगे बढ़ा जब हाईकोर्ट ने संज्ञान लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन दबाव में काम कर रहा है। श्रीवास्तव ने कहा कि हाल के कई मामलों में भाजपा कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई नहीं हुई, जिससे प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हाईकोर्ट के स्वत: संज्ञान लेने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया है। कोर्ट ने साफ कहा कि कानून सबके लिए समान है और सरकार को सुनिश्चित करना चाहिए कि सार्वजनिक स्थलों पर इस तरह की अव्यवस्था न हो।

Back to top button
error: Content is protected !!