Google Analytics —— Meta Pixel

बीजापुर में नक्सलियों ने की एक और भाजपा नेता की हत्या, शव के पास मिला धमकी भरा पर्चा, मद्देड़ एरिया कमेटी ने ली जिम्मेदारी

Naxalites Kill BJP Leader: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर नक्सलियों का कायराना करतूत सामने आया है। बीजापुर जिले में नक्सलियों ने भाजपा नेता पूनेम सत्यम की हत्या कर दी है। पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाकर उन्हें मौत के घाट उतारा गया। वारदात के बाद नक्सलियों ने मौके पर धमकी भरा पर्चा फेंकते हुए हत्या की जिम्मेदारी ली है। यह घटना लमिड़ी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। मृतक पूनेम सत्यम मुंजालकांकेर के रहने वाले थे और भाजपा संगठन से जुड़े हुए थे। पुलिस के मुताबिक नक्सलियों ने सत्यम को पकड़कर रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। ग्रामीणों को देर रात घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस ने सुबह घटनास्थल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।

यह भी पढ़ें:- भारतमाला परियोजना घोटाला मामले में EOW ने 10 लोगों को बनाया आरोपी, कोर्ट में पेश किया 7,500 पन्नों का चालान

नक्सलियों ने अपने पर्चे में लिखा है कि भाजपा और आरएसएस मिलकर माओवादी संगठन को खत्म करने की योजना बना रहे हैं। पर्चे में आगे लिखा है कि हिन्दुत्ववादी भाजपा, आरएसएस, मोदी और विष्णुदेव साय सरकार ने मार्च 2026 तक माओवादी पार्टी को खत्म करने का लक्ष्य तय किया है। नक्सलियों ने आरोप लगाया है कि भाजपा गांव-गांव में संगठन को मजबूत कर रही है और पुलिस मुखबिरों का नेटवर्क तैयार कर रही है। इसके जरिए माओवादी दलों पर हमले किए जा रहे हैं। पर्चे में आगे लिखा गया कि भाजपा कार्यकर्ता पूनेम सत्यम को 2016 से कई बार चेतावनी दी गई थी कि वह पुलिस के लिए मुखबिरी न करे और जनता के साथ जीवनयापन करे, लेकिन उसने संगठन की बात नहीं मानी। (Naxalites Kill BJP Leader)

नक्सली पर्चे में यह भी लिखा गया है कि जुलाई 2024 में पूनेम सत्यम ने पुलिस को जानकारी दी थी, जिसके चलते माओवादी संगठन के कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया था और संगठन के कुछ सामान भी जब्त हुए थे। पर्चे में लिखा है कि हमारी पार्टी के कई सदस्यों की गिरफ्तारी के पीछे सत्यम का हाथ है, इसलिए 15 अक्टूबर 2025 को भारत बंद के आह्वान के तहत उसे मौत की सजा दी गई। नक्सलियों ने पर्चे में यह भी कहा कि इस हत्या के लिए एरिया कमेटी नहीं, बल्कि हिन्दुत्व, फासीवादी भाजपा और विष्णुदेव साय सरकार जिम्मेदार हैं। बीजापुर में पिछले एक हफ्ते में यह तीसरी हत्या है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। (Naxalites Kill BJP Leader)

लगातार बढ़ रही नक्सली हिंसा

9 अक्टूबर को पामेड़ थाना क्षेत्र के उड़तामल्ला गांव में नक्सलियों ने ग्रामीण कुमार पोडियम की हत्या की थी। 12 अक्टूबर को बासागुड़ा थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने गुड्डू सोड़ी को मौत के घाट उतारा था और अब 13 अक्टूबर की रात को भाजपा नेता पूनेम सत्यम की हत्या कर दी गई। लगातार हो रही इन हत्याओं से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल है। कई ग्रामीण इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। बीजापुर पुलिस ने हत्या की पुष्टि करते हुए बताया कि घटनास्थल से नक्सली पर्चे बरामद किए गए हैं। बीजापुर एसपी ने कहा कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। आसपास के गांवों में पुलिस बल को सतर्क कर दिया गया है। (Naxalites Kill BJP Leader)

उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने एक बार फिर निर्दोष ग्रामीण और जनप्रतिनिधियों को निशाना बनाया है। इस कायराना हरकत का जवाब कानून के दायरे में दिया जाएगा। स्थानीय लोगों से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। घटना के बाद भाजपा नेताओं ने नक्सल हिंसा की निंदा की है। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा है कि पूनेम सत्यम संगठन के समर्पित कार्यकर्ता थे। भाजपा ने राज्य सरकार से मांग की है कि नक्सली गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ठोस रणनीति अपनाई जाए और दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिले। इलाके के ग्रामीणों ने बताया कि रात में नक्सलियों का मूवमेंट लगातार बढ़ा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से गांवों में नक्सली पोस्टर और पर्चे फेंके जा रहे थे। अब भाजपा कार्यकर्ता की हत्या से गांव में भय और तनाव का माहौल है। कई ग्रामीण अस्थायी रूप से गांव छोड़ने की तैयारी में हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!