Google Analytics —— Meta Pixel

दुनियाभर में शांति और स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण योगदान दे रहा भारत: मंगोलिया के राष्ट्रपति

Mongolia President on India: मंगोलिया के राष्ट्रपति खुरेलसुख उखना अपने उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ भारतीय संसद भवन पहुंचे, जहां लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मकर द्वार पर उनका स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच भारत-मंगोलिया संबंधों को और सुदृढ़ करने पर चर्चा हुई। मंगोलियाई प्रतिनिधिमंडल ने संसद भवन की स्थापत्य सुंदरता, कलात्मकता और सांस्कृतिक विरासत की सराहना की। उन्होंने नए संसद भवन में भारत की जीवंत लोकतांत्रिक परंपराओं की झलक देखी और भारत की लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता की प्रशंसा की।

यह भी पढ़ें:- संस्कृति से विकास तक… भारत-मंगोलिया एक साथ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि भारत और मंगोलिया इस साल अपने राजनयिक संबंधों की 70वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले सात दशकों में दोनों देशों के बीच सहयोग बहुआयामी और मजबूत हुआ है। उन्होंने 2023 में मंगोलिया की अपनी यात्रा को याद करते हुए संसदीय लोकतंत्र को सशक्त बनाने की साझा प्रतिबद्धता को दोहराया। बिरला ने कहा कि भारत और मंगोलिया के संबंध लोकतंत्र, धर्म और विकास (3डी) के साझा सिद्धांतों पर आधारित हैं। उन्होंने दोनों देशों के गहरे ऐतिहासिक और आध्यात्मिक संबंधों का भी उल्लेख किया। बौद्ध विरासत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध की शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं। (Mongolia President on India)

   

उन्होंने कहा कि बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय का सिद्धांत भारत की लोकनीति का मार्गदर्शन करता है। बिरला ने नए संसद भवन के निर्माण को लेकर बताया कि कोविड-19 जैसी चुनौतियों के बावजूद यह भवन रिकॉर्ड समय में पूरा हुआ। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि 1.4 अरब भारतीयों की आकांक्षाओं का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि संसद भवन में बौद्ध दर्शन के तत्वों को विशेष रूप से शामिल किया गया है। जैसे गैलरी में अंकित श्लोक “बुद्धं शरणं गच्छामि, धम्मं शरणं गच्छामि, संघं शरणं गच्छामि” जो जीवन में प्रकाश फैलाने की प्रेरणा देता है। बिरला ने दोनों देशों के बीच संसदीय जुड़ाव को और गहरा करने पर जोर दिया। (Mongolia President on India)

उन्होंने मंगोलियाई सांसदों को भारतीय संसदीय अनुसंधान और प्रशिक्षण संस्थान (PRIDE) में प्रशिक्षण के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने 2023 में हस्ताक्षरित संसदीय सहयोग समझौते को द्विपक्षीय संबंधों का सशक्त आधार बताया। लोकसभा अध्यक्ष ने बताया कि भारत में स्थानीय निकायों में महिलाओं के लिए न्यूनतम 33% आरक्षण अनिवार्य है, और कई राज्यों में यह 50% तक है। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का भी उल्लेख किया, जो नए संसद भवन में पारित पहला कानून है और लोकसभा-विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण सुनिश्चित करता है। इस दौरान राष्ट्रपति खुरेलसुख उखना ने ओम बिरला के 2023 के मंगोलिया दौरे को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व ने दोनों देशों के संसदीय संबंधों को नई ऊंचाई दी है।

उन्होंने भारत को मंगोलिया का आध्यात्मिक पड़ोसी और सच्चा मित्र बताया और भारत की आर्थिक प्रगति और वैश्विक नेतृत्व की सराहना की। राष्ट्रपति उखना ने भारत को एक तेजी से उभरती हुई आर्थिक शक्ति बताते हुए कहा कि भारत आज वैश्विक शांति, स्थिरता और विकास का प्रमुख स्तंभ बन चुका है। राष्ट्रपति उखना ने कहा कि मंगोलिया, भारत के साथ ग्लोबल साउथ मंचों पर सहयोग को और आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। मंगोलिया के राष्ट्रपति खुरेलसुख उखना ने कहा कि एक मंगोलियाई एयर कैरियर इस साल के अंत में अमृतसर और नई दिल्ली के लिए चार्टर उड़ानें संचालित करने की तैयारी कर रहा है, जो पर्यटन और व्यापार क्षेत्रों सहित हमारे द्विपक्षीय संबंधों और सहयोग के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान देगा। (Mongolia President on India)

Back to top button
error: Content is protected !!