Google Analytics —— Meta Pixel

सबसे बड़ नक्सली सरेंडर को लेकर आरोप‑प्रत्यारोप का दौर जारी, पूर्व CM भूपेश बघेल ने लिया क्रेडिट, सरकार की भी तारीफ

Bhupesh on Naxalite Surrender: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बस्तर में 210 नक्सलियों के आत्मसमर्पण को लेकर ट्वीट किया है और कहा कि छत्तीसगढ़ ने नक्सलवाद के कारण दशकों तक दंश झेला है। हमने बड़ी संख्या में जवानों, आदिवासियों और कांग्रेस पार्टी ने तो अपने शीर्ष नेतृत्व को खोया है। प्रदेश में डेढ़ दशक रही भाजपा की सरकार नक्सलवाद के विरुद्ध लड़ाई को लेकर इच्छाशून्य रही थी, इसका बयान तो सुरक्षा सलाहकार केपीएस गिल साहब ने ही किया था। 2018 में हमारी सरकार आने के बाद पहली बार नक्सल उन्मूलन नीति बनाई गई, बड़ी संख्या में कैंप खोले गए, सड़कें बनी, स्कूल की घंटियां गूंजी और हमने नक्सलियों की मांद में घुसकर उन्हें चुनौती दी।

यह भी पढ़ें:- अगर भारत पाकिस्तान को जन्म दे सकता है तो मुझे इस बारे में और कुछ कहने की जरूरत नहीं: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

उन्होंने आगे कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का इस लड़ाई में सहयोग रहा और हमने इसे देश की साझा चुनौती के तौर पर लिया। मुझे खुशी है कि केंद्रीय गृहमंत्री के साथ प्रदेश सरकार पहले की तरह हमारी “विश्वास-विकास-सुरक्षा” की नीति को सूत्र बनाकर आगे बढ़ी है। बस्तर में नक्सलियों के बड़ी संख्या में आत्मसमर्पण से हम सबको संतोष है कि देश की यह लड़ाई जल्द खात्मे की ओर बढ़ेगी। हम सब मिलकर जीतेंगे। सरकार और सुरक्षाबलों को बधाई। झीरम शहीद अमर रहें। संविधान जिंदाबाद। (Bhupesh on Naxalite Surrender)

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर बोला हमला

इस बीच नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नक्सलवाद को लेकर कई बातें कही। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि नक्सलवाद शब्द यूं ही गढ़ लिया गया है, वास्तव में यह माओवादी आतंकवाद है। कांग्रेस शासन के दौरान शहरी नक्सल तंत्र इतना प्रभावी था कि उन्होंने भारी सेंसरशिप लगाकर यह सुनिश्चित किया कि माओवादी आतंकवाद की कोई भी घटना देश की जनता तक न पहुंचे। हमारे देश में आतंकवाद को लेकर इतनी चिंता थी, अनुच्छेद 370 पर इतनी बहस हुई, लेकिन कांग्रेस शासन के दौरान हमारे शहरों में पनपे शहरी नक्सलियों जिन्होंने कई संस्थानों पर नियंत्रण कर लिया था, माओवादी आतंकवाद को छिपाया और देश को अंधेरे में रखा।

बिना नाम लिए राहुल गांधी पर हमला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं बहुत जिम्मेदारी से कहता हूं कि जो माथे पर संविधान की किताब लेके नाचते हैं, वे आज भी माओवादी आतंकियों जो संविधान नहीं मानते हैं उनकी रक्षा के लिए दिन रात लगा देते हैं। कांग्रेस राज में पनपे हुए अर्बन नक्सली ऐसी संस्थाओं में बैठे जो माओवादी आतंक पर पर्दा डालने का काम करते थे। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री का दिल कितना छोटा है। छत्तीसगढ़ की जनता जानती है कि आज अगर नक्सली आत्मसमर्पण कर रहे हैं तो वह कांग्रेस सरकार की नक्सल उन्मूलन नीति और हमारे ‘विश्वास-विकास-सुरक्षा’ के सूत्र के कारण ही यह संभव हो पाया है। ऐसे समय में जब माओवाद कमजोर हो रहा है तब भी आप कांग्रेस को नक्सलवाद से जोड़कर जो छींटाकशी कर रहे हैं, वह दिखाता है कि आपके लिए देश की आंतरिक सुरक्षा से ज्यादा विपक्ष पर झूठे आरोप लगाने में रूचि है।

बघेल ने प्रधानमंत्री मोदी पर किया वार

बघेल ने कहा कि हमने तो केंद्रीय गृहमंत्री को भी इस लड़ाई में हमारा सहभागी बनने के लिए आभार किया है। आप लोगों को छत्तीसगढ़ की जनता बखूबी देख सुन रही है। मत भूलिए कि नक्सलवाद और आतंकवाद की सबसे ज्यादा कीमत कांग्रेस ने ही चुकाई है। हमारे सारे बड़े नेता एक कथित नक्सल हमले में मारे गए। उस कथित नक्सल हमले की जांच को हर बार रोका आपकी ही पार्टी के नेताओं ने। बस्तर ने जो दंश झेला है उसकी जिम्मेदार 15 साल तक रही छत्तीसगढ़ में रही भाजपा सरकार है। जो अब हुआ वो तब क्यों नहीं हुआ ? केंद्र में आपकी सरकार आने के बावजूद नहीं हुआ। बस्तर को खुशहाल बनाने का काम कांग्रेस ने शुरु किया और आगे भी इसे जारी रखेगी, लेकिन माओवाद को राजनीतिक मुद्दा बनाकर छत्तीसगढ़ के लोगों के साथ दोहरी राजनीति न कीजिए। हम छत्तीसगढ़ के लोग शांति स्थापित करके, अपना खुशहाल छत्तीसगढ़ बनाएंगे और हां! नक्सल मुक्ति के नाम पर हम आपको बस्तर बेचने नहीं बनने देंगे, ये भी सनद रहे।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने घेरा

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि 28 अप्रैल 2024 को एक टीवी इंटरव्यू में नरेंद्र मोदी ने कहा था कि जातिगत जनगणना की मांग करने वालों की सोच ‘अर्बन नक्सल’ है। फिर वही नरेंद्र मोदी कहते हैं- हम जातिगत जनगणना कराएंगे। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के कई सारे नेता नक्सली हमले में मारे गए। क्या राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, मनरेगा योजना, वन अधिकार अधिनियम और जातिगत जनगणना एक ‘अर्बन नक्सल’ सोच है ? मेरा सिर्फ यही कहना है कि PM मोदी हमें बदनाम करने की कोशिश न करें और झूठ न बोलें। सवाल है- वे ट्रंप के बयान पर क्यों नहीं बोलते, रूस से तेल खरीदने के मुद्दे पर क्यों नहीं बोलते ?  वहीं गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि 2026 तक नक्सलवाद का नामोनिशान मिटेगा। 

अपनी अंतिम सांसें गिन रहा नक्सलवाद: शाह

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की धरती पर एक नया इतिहास लिखा जा रहा है। नक्सलवाद, जो कभी देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा था, आज अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है। छत्तीसगढ़ के डिप्टी CM विजय शर्मा ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री मोदी का हृदय से आभार व्यक्त करना चाहता हूं। उनके आह्वान पर गृहमंत्री अमित शाह ने सभी रणनीति तय की है।।। यह बस्तर के लिए सुखद समय है। इस समय बस्तर लाल आतंक से मुक्त होने की कगार पर है। 210 नक्सलियों ने पुनर्वास किया है, 153 हथियार वापस आए हैं जिनमें 19 AK-47 हैं। इनमें ज्यादातर हथियार सुरक्षाबलों से लूटे हुए हथियार थे। यह बहुत बड़ी सफलता है। 

नक्सलवाद जड़ से उखाड़कर फेंकने का समय आ गया: चुघ 

शिवसेना नेता शाइना एनसी ने कहा कि नक्सलवादी 125 जिलों में मौजूद थे और आज वे 11 जिलों में भी नहीं हैं। अब सवाल यह उठता है कि क्या जब कांग्रेस पार्टी शासनकाल में थी तो उन्होंने नक्सलवाद को बढ़ावा दिया या इसे घटाया था? पिछले 3 दिनों में 303 नक्सलवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा कि मोदी सरकार का संकल्प है कि भारत को मार्च 2026 तक नक्सल और माओवादी आतंकियो से पूरी तरह मुक्त किया जाएगा। अब नक्सलवाद जड़ से उखाड़कर फेंकने का समय आ गया है। मोदी सरकार विकास और सुरक्षा के दोहरे रास्ते पर आगे बढ़ रही है। (Bhupesh on Naxalite Surrender)

Back to top button
error: Content is protected !!