स्वच्छता कर्मी ही वास्तविक दीप हैं जो स्वच्छता का प्रकाश फैलाते हैं : उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पहली बार दीपावली के अवसर पर राज्य के उपमुख्यमंत्री और कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने स्वच्छता कर्मियों का आत्मीय सम्मान कर एक मिसाल कायम की। उन्होंने अपने कवर्धा स्थित निवास में नगर पालिका क्षेत्र के लगभग 200 स्वच्छता दीदी और स्वच्छता कमांडो को आमंत्रित कर उनके साथ जलपान किया और स्नेहपूर्वक उपहार, मिठाई एवं फटाखे भेंट किए।
यह भी पढ़े :- जहां कभी बम से स्कूल उड़ाए जाते थे, वहां अब दिवाली के दीये जल रहे हैं: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
यह आयोजन दीपावली के दिन स्वच्छता योद्धाओं के सम्मान में आयोजित राज्य का पहला कार्यक्रम रहा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चन्द्रवंशी, वीर सिंह पटेल, शिव अग्रवाल, सीएमओ रोहित साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्वच्छता कर्मी उपस्थित थे।
स्वच्छता कर्मी हमारे समाज के प्रकाश दीप हैं : विजय शर्मा
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि दीपावली का अर्थ केवल अपने घर को दीपों से सजाना नहीं, बल्कि उन हाथों का सम्मान करना है जो प्रतिदिन हमारे नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखते हैं। उन्होंने कहा, “स्वच्छता कर्मी हमारे समाज के ‘स्वच्छता के प्रकाश दीप’ हैं। जिस प्रकार दीपक अंधकार को मिटाता है, उसी प्रकार ये कर्मवीर स्वच्छता योद्धा हमारे जीवन से गंदगी और अव्यवस्था को दूर करते हैं।”
शर्मा ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को धरातल पर सफल बनाने में इन स्वच्छता दीदी और भाइयों का सबसे बड़ा योगदान है। उन्होंने नगर पालिका अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे समय-समय पर स्वच्छता कर्मियों से संवाद स्थापित करें और उनके कार्यों की सराहना करें।
“यह सम्मान हमारे लिए प्रेरणा है: स्वच्छता दीदी
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता दीदियों ने कहा कि उपमुख्यमंत्री द्वारा मिला यह सम्मान उनके लिए प्रेरणादायक है और इससे उनका मनोबल कई गुना बढ़ा है। उन्होंने नगर की स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प दोहराते हुए विजय शर्मा को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। सभी स्वच्छता कर्मियों ने भी सामूहिक रूप से उपमुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
जनसामान्य ने की पहल की सराहना
नगरवासियों और सामाजिक संगठनों ने विजय शर्मा की इस अभिनव पहल की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज में सबसे अधिक सम्मान के पात्र वे लोग हैं जो बिना किसी प्रचार के, प्रतिदिन सुबह से पहले उठकर नगर को स्वच्छ बनाते हैं।
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि-
“आज का यह आयोजन केवल उपहार वितरण का कार्यक्रम नहीं था, बल्कि समाज में स्वच्छता कर्मियों की गरिमा और महत्व को स्थापित करने का एक सशक्त संदेश है। वास्तविक दीप वही हैं जो अपने कर्म से दूसरों के जीवन में प्रकाश फैलाते हैं।”



