स्ट्रीट लाइट लगाने के दौरान करंट लगने से युवक की मौत, इलाज में देरी से महिला की गई जान

Death Due to Electric Shock: सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र में टपरकेला के रहने वाले 33 साल के मनेश्वर टोप्पो की करंट लगने से मौत हो गई। यह हादसा सोहगा ग्राम पंचायत में उस वक्त हुआ, जब मनेश्वर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम कर रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक मनेश्वर टोप्पो बिना बिजली सप्लाई काटे ही खंभे में लाइट फिट कर रहा था। इसी दौरान अचानक बिजली प्रवाह शुरू हो गया और वह करंट की चपेट में आ गया। झुलसे हुए मनेश्वर को स्थानीय लोगों की मदद से अंबिकापुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें:- भाई के मौत के बाद युवक ने की आत्महत्या, वीडियो रिकॉर्ड कर कहा- हम दोबारा साथ-साथ जन्म लेंगे
परिजनों ने ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है और कहा कि उचित सुरक्षा उपाय न होने के कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। दरिमा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ठेकेदार की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उधर, भिंड जिले में लचर स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल एक बार फिर खुल गई। लहार के सिविल अस्पताल में इलाज के अभाव में करंट से झुलसी महिला की मौत हो गई। मृतिका की पहचान अर्चना रजक के रूप में हुई है, जो अमाहा गांव की रहने वाली थी। (Death Due to Electric Shock)
घर की साफ-सफाई के दौरान लगा करंट
जानकारी के मुताबिक अर्चना घर की साफ-सफाई के दौरान टूटे हुए करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गई और बुरी तरह झुलस गई। परिजन उसे तत्काल लहार के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां स्टाफ ने महिला को भर्ती तो कर लिया, लेकिन इलाज शुरू नहीं किया। गंभीर रूप से झुलसी महिला को ऑक्सीजन की आवश्यकता थी, लेकिन ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध होने के बावजूद उसे नहीं लगाया गया। इस लापरवाही के कारण महिला ने दम तोड़ दिया। घटना से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया और स्टाफ के साथ हाथापाई की। मृतिका के परिजन शव को लेकर विधायक अमरीश शर्मा के निवास पहुंचे और मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया।
दीपावली के दिन 3 जगहों पर हादसा
विधायक ने तत्काल बीएमओ को फटकार लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। बाद में शव को थाने में रखकर प्रदर्शन किया गया। अस्पताल स्टाफ की लापरवाही की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। वहीं ड्यूटी डॉक्टर शिवम पांडे का कहना है कि महिला मृत अवस्था में अस्पताल लाई गई थी। लहार पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में दीपावली की खुशियां सड़क हादसों की भेंट चढ़ गईं। एक ही दिन में तीन अलग-अलग हादसों में एक युवक की मौत हो गई। जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए।
पहला हादसा आमाडांड गांव के पास
लाटा गांव के रहने वाले मनराज सिंह पैकरा दीपावली के दिन बाइक से आमाडांड की ओर जा रहा था। रास्ते में तेज रफ्तार के चलते वह बाइक से नियंत्रण खो बैठा और दुर्घटनाग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल मनराज को जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दूसरा हादसा घटोली गांव के पास हुआ, जहां अनिल बख्ला पेंड्रा बाजार से दीपावली की खरीदारी कर लौट रहा था। तेज रफ्तार के कारण बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। घायल युवक को 112 वाहन की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
तीसरा हादसा मझगवां गांव के पास
वहीं मसुरीखार गांव के कल्याण पनिका और बेन सिंह पनिका धनपुर गांव से बाइक पर लौट रहे थे। बताया गया कि दोनों युवक शराब के नशे में थे, जिसके चलते उनकी बाइक पलट गई। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें भी स्थानीय ग्रामीणों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने तीनों मामलों में अस्पताल से प्राप्त मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।



