संदिग्ध हालात में मिले शवों से सनसनी, गुना, भोपाल, खरगोन, दमोह और दुर्ग में हत्या की आशंका

Suspicious Dead Body Found: मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने की कई घटनाएं सामने आई हैं, जो कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। पहला मामला MP के गुना जिले का है, जहां मधुसूदनगढ़ थाना क्षेत्र के सीतलपुर गांव में एक कुएं में अधेड़ व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिला। मृतक की पहचान 50 साल के नारायण सिंह के रूप में हुई है, जो सीतलपुर के रहने वाले थे। शव के हाथ-पैर बंधे हुए मिलने से यह मामला संदिग्ध हो गया है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें:- घरेलू विवाद के चलते कुल्हाड़ी से वार कर पत्नी की हत्या, बिलासपुर में पत्नी ने बीच सड़क में पति को चप्पल से पीटा
घटना की सूचना ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को दी थी, लेकिन एक घंटे से ज्यादा देरी से पहुंची, जिसके चलते पुलिस को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और नाराज महिलाओं ने पुलिसकर्मियों से हाथापाई करते हुए उन्हें मौके से खदेड़ने की कोशिश की। पुलिस को स्थिति संभालने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (Suspicious Dead Body Found)
नाले में मिली गला कटी लाश
MP की राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति की गला कटी लाश बोरी में बंद हालत में नाले में मिली। यह वारदात पुष्पा नगर से सटे 80 फीट रोड के पास हुई। पुलिस ने मौके से शव को बरामद किया, लेकिन अब तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। हैरानी की बात यह रही कि एंबुलेंस देर से पहुंची, जिससे पुलिस ने शव को अपनी जीप से ही हमीदिया अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में पुलिस का कहना है कि शॉर्ट पीएम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद आगे की जांच होगी। (Suspicious Dead Body Found)
खरगोन में खेत में मिली युवक की लाश
खरगोन जिले के भोंगा नाले के पास एक खेत में 33 साल के मयूर खोडे की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। युवक की बाइक भी घटनास्थल के पास मिली। खरगोन कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र के मुश्की बाबा इलाके में 20 साल के रूपेश अठया का शव गांव के पास के कुएं से बरामद हुआ। युवक सोमवार सुबह से लापता था और परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार सुबह कुएं के पास उसके कपड़े मिलने पर तलाशी ली गई और शव बरामद हुआ। परिजन इसे सुनियोजित हत्या मान रहे हैं, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
दुर्ग रेलवे स्टेशन में मिला युवक का शव
छत्तीसगढ़ के दुर्ग रेलवे स्टेशन के गेट परिसर में एक अज्ञात युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। युवक के गले और पीठ पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रेलवे परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हत्या की गुत्थी सुलझाई जा सके। इस तरह की घटनाएं सामने आना चिंता का विषय बन गया है। खासकर स्थानीय पुलिस की निष्क्रियता, देर से पहुंचना और जांच में लापरवाही को लेकर आम जनता का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। अब देखना यह होगा कि गुना, भोपाल, खरगोन, दमोह और दुर्ग में सामने आए इन अंधे कत्लों और संदिग्ध मौतों की गुत्थी पुलिस कब तक सुलझा पाती है। (Suspicious Dead Body Found)



