राज्योत्सव को लेकर नवा रायपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर

Nava Raipur Security Arrangements: छत्तीसगढ़ के रजत जयंती राज्योत्सव को लेकर नवा रायपुर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। राज्योत्सव को लेकर राजधानी नवा रायपुर इन दिनों सज-धज कर तैयार है। 1 नवंबर को होने वाले इस ऐतिहासिक आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी इसे और खास बनाने वाली है। प्रदेश सरकार और प्रशासन ने समारोह को भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक और जनता की सुविधा तक हर व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- 1 नवंबर को रायपुर आएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जानिए मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 नवंबर को नवा रायपुर पहुंचकर मुख्य समारोह का शुभारंभ करेंगे। उनके आगमन को देखते हुए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने विशेष इंतजाम किए हैं। प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए एडीजी दीपांशु काबरा के नेतृत्व में 5 IG, 12 DIG और करीब 2000 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही 20 IPS, 100 एडिशनल एसपी और डीएसपी रैंक के अधिकारी और 5000 से ज्यादा पुलिसकर्मी पूरे नवा रायपुर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
कार्यक्रम स्थल में बना अस्थायी PMO
PM मोदी की मौजूदगी में कार्यक्रम स्थल पर अस्थायी प्रधानमंत्री कार्यालय यानी PMO भी तैयार किया गया है, जहां से पूरे दौरे की मॉनिटरिंग की जाएगी। प्रधानमंत्री यहीं लंच भी करेंगे और राज्य के विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट लेंगे। भीड़ और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए प्रशासन ने बड़े स्तर पर योजना बनाई है। (Nava Raipur Security Arrangements )
- 16 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, जो मुख्य मेला स्थल से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर हैं।
- 10 हजार बाइक, 5 हजार बसें और 3 हजार कारें पार्क करने की व्यवस्था की गई है।
- पार्किंग से मेला स्थल तक 100 ई-रिक्शे और बसें निशुल्क चलेंगी, ताकि लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो।
- 1 नवंबर को भारी वाहनों और बसों की नो-एंट्री रहेगी, जबकि आम जनता के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।
राज्योत्सव मैदान में इस बार सरकार ने 30 विभागीय प्रदर्शनी स्टॉल लगाने की योजना बनाई है, जिनमें राज्य की प्रमुख योजनाएं और उपलब्धियां प्रदर्शित की जाएंगी। शिल्पग्राम क्षेत्र में प्रदेश के शिल्पकार अपनी कला और हस्तशिल्प उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे, वहीं फन पार्क, मीनाबाजार और फूड कोर्ट दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। (Nava Raipur Security Arrangements )



