Google Analytics —— Meta Pixel

बीजापुर में 51 और कांकेर में 21 नक्सलियों ने छोड़ा हिंसा का रास्ता, मुख्यधारा में हुई वापसी

Naxalite Surrender in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे शांति और पुनर्वास प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर में 51 और कांकेर में 21 नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का फैसला लिया है। राज्य शासन की “पूना मारगेम-पुनर्वास से पुनर्जीवन” योजना के तहत नक्सलियों ने सरेंडर किया है। मुख्यधारा में लौटने वालों में 9 महिलाएं और 42 पुरुष शामिल हैं। इन सभी पर कुल मिलाकर 66 लाख का इनाम घोषित था। सरेंडर नक्सलियों में PLGA बटालियन नंबर 01 और कंपनी नंबर 01, 02 और 05 के 5 सदस्य, ACM-01, प्लाटून और एरिया कमेटी के 7 सदस्य शामिल हैं।

यह भी पढ़ें:- भारतमाला परियोजना में मुआवजा घोटाला : ईओडब्ल्यू की कार्रवाई में तीन पटवारी गिरफ्तार, करोड़ों की हेराफेरी का आरोप

इसी तरह LOS के 3 सदस्य, एक मिलिशिया प्लाटून कमांडर, 14 मिलिशिया प्लाटून सदस्य और आरपीसी-जनताना सरकार, डीएकेएमएस और सीएनएम के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य समेत 20 लोग शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार यादव ने कहा कि इन सभी ने हिंसक और जनविरोधी विचारधारा को त्यागकर शांति और प्रगति का मार्ग चुना है। SP ने बताया कि सभी मुख्यधारा में लौटे कैडरों ने संविधान पर आस्था व्यक्त करते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था में सम्मानजनक जीवन जीने का संकल्प लिया है। राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक वापस लौटे व्यक्ति को पुनर्वास प्रोत्साहन राशि के रूप में 50,000 देने की घोषणा की गई है। (Naxalite Surrender in Chhattisgarh)

SP ने इस चरण को बीजापुर जिले में बदलते सामाजिक परिवेश और जनविश्वास का संकेत बताया और कहा कि संवाद, पुनर्वास-विकास पर केंद्रित रणनीति ही स्थायी शांति का मार्ग है। SP जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि बीजापुर जिले में इस साल अब तक 461 नक्सली मुख्यधारा में शामिल हुए हैं। सुरक्षाबलों की कार्रवाई में 138 नक्सली मारे गए हैं। जबकि 485 नक्सली गिरफ्तार हुए हैं।

इधर, कांकेर के जंगलवार कॉलेज में आयोजित पुनर्वास से पुनर्जीवन कार्यक्रम के अंतर्गत 21 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इस दौरान बस्तर आईजी पी सुंदरराज, कांकेर कलेक्टर महादेव क्षीरसागर और जिले में तैनात बीएसएफ, एसटीएफ, एसएसबी, अन्य पैरामिल्ट्री फोर्स के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। बस्तर IG पी सुंदरराज ने कहा कि 21 नक्सलियों का आत्मसमर्पण एक महत्वपूर्ण घटना है और इससे नक्सल संगठन को बड़ा नुकसान पहुंचा है। 

प्रभावी रणनीति के तहत अभियान: IG

उन्होंने बताया कि पिछले दो सालों में फोर्स ने प्रभावी रणनीति के तहत अभियान चलाया है, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है। IG ने कहा कि बीते दो सालों में 250 से ज्यादा नक्सली मारे गए हैं या उन्होंने आत्मसमर्पण किया है। वहीं बीते दस महीनों में नक्सलियों की सेंट्रल कमेटी के 11 शीर्ष नेता मारे गए हैं या उन्होंने आत्मसमर्पण किया है। यह नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने में अहम भूमिका निभा रहा है। IG ने नक्सलियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे जल्द आत्मसमर्पण कर लें, अन्यथा उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि सिर्फ सुरक्षा अभियानों से नक्सलवाद पर काबू पाना संभव नहीं है। स्थानीय समुदायों की भागीदारी, विकास की पहुंच और नक्सलियों का सम्मानजनक पुनर्वास ही स्थायी शांति की कुंजी है।

वहीं CM मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पुनर्वास की रोशनी से भय का अंधकार मिट रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति 2025 और नियद नेल्ला नार योजना ने नक्सलवाद की हिंसक विचारधारा में लिप्त युवाओं में नया विश्वास जगाया है। हिंसा का रास्ता छोड़कर वे अब मुख्यधारा में लौट रहे हैं। बीजापुर और कांकेर में नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर संविधान पर आस्था व्यक्त करते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था में सम्मानजनक जीवन जीने का संकल्प लिया है। यह कदम इस बात का प्रमाण है कि बस्तर अब भय और हिंसा के अंधकार को मिटाते हुए शांति और प्रगति के नए युग में प्रवेश कर रहा है। शासन की संवेदनशील नीतियों और मानवीय दृष्टिकोण ने यह साबित कर दिया है कि संवाद इस समस्या का स्थायी समाधान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में देश अब नक्सल मुक्त भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है।

Back to top button
error: Content is protected !!