कवर्धा में फर्जी मतदाता जोड़ने का आरोप, भाजपा ने पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर को घेरा

Fake Voters in Kawardha: कवर्धा में दो लोगों पर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में फर्जी नाम जोड़ने का आरोप लगा है। इस मामले में पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भाजपा के जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी और प्रदेश कार्य समिति सदस्य रवि राजपूत ने बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव के दौरान सैकड़ों बाहरी लोगों के नाम कवर्धा विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में फर्जी तरीके से जोड़े गए।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में छात्र और छात्रा ने की आत्महत्या, NCRB रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता
उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब तत्कालीन सरकार के मंत्री और पूर्व विधायक मोहम्मद अकबर के करीबी लोगों की मिलीभगत से हुआ। कैलाश चंद्रवंशी और रवि राजपूत के अनुसार, तैय्यब खान और रमिज कुट्टी नाम के दो व्यक्तियों ने गलत जानकारी देकर अपने नाम कवर्धा विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज करवाए। प्रेस वार्ता में बताया गया कि ये दोनों व्यक्ति पहले से ही रायपुर क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज थे, लेकिन उन्होंने अलग-अलग दस्तावेजों में झूठी जानकारी देकर नए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराया। (Fake Voters in Kawardha)
27 अक्टूबर को FIR दर्ज
इस मामले में 27 अक्टूबर को FIR दर्ज की गई, जिसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 199, 200, 419, 468 और 34 के तहत कार्रवाई की गई है। कवर्धा में फर्जी मतदाता जोड़ने के इस मामले ने अब राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। भाजपा ने इस मुद्दे पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, जबकि प्रशासन ने जांच शुरू करने की पुष्टि की है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के खुलासे विधानसभा चुनावों की निष्पक्षता और जनमत पर सवाल खड़े कर सकते हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इस मामले में और कितने फर्जी नाम सामने आते हैं और प्रशासन इस पर कितनी तेजी से कार्रवाई करता है। (Fake Voters in Kawardha)



