PM मोदी ने सोशल मीडिया पर छत्तीसगढ़ आगमन की दी जानकारी, CM साय ने कहा – प्रधानमंत्री जी का छत्तीसगढ़ में स्वागत..अभिन्दन
रजत जयंती पर ₹20,498 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण
Chhattisgarh Rajyotsava : छत्तीसगढ़ राज्य के स्थापना दिवस और रजत जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शनिवार, 1 नवंबर को राजधानी रायपुर के दौरे पर रहेंगे। प्रधानमंत्री नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव में शामिल होकर सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी ₹20,498.93 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
यह भी पढ़े :- November New Rules : आज से बदल गए ये 7 बड़े नियम – आपकी जेब पर पड़ेगा सीधा असर!
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि “जनजातीय संस्कृति और प्राकृतिक संपदा से समृद्ध छत्तीसगढ़ अपनी विकास यात्रा के 25 वर्ष पूरे कर रहा है। इस अवसर पर नवा रायपुर अटल नगर में सुबह से कई कार्यक्रमों में शामिल होऊंगा। दोपहर करीब 2:30 बजे रजत महोत्सव का हिस्सा बनूंगा, जहां विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने का सुअवसर मिलेगा।”

उन्होंने कहा कि इस दौरे के दौरान वे नवा रायपुर में शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक और जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे। साथ ही श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में जन्मजात हृदय रोग से मुक्ति पाने वाले करीब ढाई हजार बच्चों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री ब्रह्माकुमारी संस्थान के ‘शांति शिखर’ ध्यान केंद्र का उद्घाटन और छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन का लोकार्पण भी करेंगे। इस अवसर पर वे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे।
मुख्यमंत्री साय बोले — प्रधानमंत्री का आगमन प्रेरणा और नव ऊर्जा का क्षण
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री मोदी के आगमन पर हर्ष व्यक्त करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा – “रजत जयंती महोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन हम सभी के लिए प्रेरणा और नव ऊर्जा का क्षण बनेगा। यह अवसर न केवल छत्तीसगढ़ के गौरवशाली 25 वर्षों का उत्सव है, बल्कि ‘विकसित छत्तीसगढ़ 2047’ के संकल्प को नई गति देने वाला क्षण भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा छत्तीसगढ़ के लिए गौरव और आत्मविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता और विकास की नई परिभाषा लिख रहा है। (Chhattisgarh Rajyotsava)
साय ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रभु श्रीराम का ननिहाल — छत्तीसगढ़ — आज नवाचार, सुशासन और समृद्धि का प्रतीक बन रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री का यह दौरा राज्य की विकास यात्रा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर सिद्ध होगा और यह जनमानस में आत्मविश्वास, राष्ट्रभक्ति व सहभागी विकास की भावना को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। (Chhattisgarh Rajyotsava)




