नक्सलवाद की बेड़ियों से मुक्त होकर विकास की राह पर तेजी से बढ़ रहा छत्तीसगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Modi in Raipur: छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवा रायपुर में आयोजित रजत महोत्सव में राज्य को नई विकास योजनाओं की सौगात दी। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर 14,260 करोड़ से ज्यादा की विकास और परिवर्तनकारी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि 25 साल पहले अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने आपके सपनों का छत्तीसगढ़ सौंपा था। आज वह बीज विकास का वटवृक्ष बन चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य अब लोकतंत्र का नया मंदिर नया विधानसभा भवन प्राप्त कर रहा है, जो इसकी प्रगति का प्रतीक है।
यह भी पढ़ें:- प्रधानमंत्री मोदी ने रायपुर में बच्चों से की दिल की बात, कहा-स्वस्थ शरीर ही अच्छे कर्मों का आधार
प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की बदलती तस्वीर पर विशेष रूप से जोर दिया। उन्होंने कहा कि जो इलाका कभी बम और बंदूकों के डर में जीता था, वहां अब तिरंगा लहरा रहा है, बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक जैसे उत्सव हो रहे हैं। PM मोदी ने बताया कि 2014 में केंद्र सरकार ने देश को नक्सलवाद से मुक्त करने का संकल्प लिया था और आज उसके परिणाम साफ दिखाई दे रहे हैं। 11 साल पहले देश के 125 से ज्यादा जिले नक्सल प्रभावित थे, अब केवल तीन जिले बचे हैं। वह दिन दूर नहीं जब छत्तीसगढ़ पूरी तरह नक्सल आतंक से मुक्त होगा। उन्होंने यह भी कहा कि सैकड़ों नक्सली अब मुख्यधारा में लौट रहे हैं। हाल ही में कांकेर में 20 और बस्तर में 200 से ज्यादा नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। (PM Modi in Raipur)

उन्होंने कहा कि आज छत्तीसगढ़ वह राज्य है, जिसने नक्सलवाद की अंधेरी सुरंग से निकलकर विकास की रोशनी तक का सफर तय किया है। बस्तर में अब बम नहीं, ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई देती है। यह परिवर्तन छत्तीसगढ़ की असली जीत है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से आज देश में नक्सल हिंसा की घटनाएं 80 प्रतिशत तक कम हो चुकी हैं। पहले जहां हर सप्ताह किसी न किसी इलाके से हमले की खबर आती थी, वहीं अब वहां विकास योजनाओं की शुरुआत की खबरें आ रही हैं। प्रधानमंत्री ने बताया कि अब पहले से नक्सल प्रभावित इलाकों में सड़कों का नेटवर्क तेजी से बढ़ रहा है।

PM मोदी ने कहा कि 6,000 किमी से अधिक ग्रामीण सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है। सैकड़ों गांव अब बिजली, इंटरनेट और बैंकिंग सेवाओं से जुड़ चुके हैं। दूरस्थ इलाकों में स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कि सड़कें सिर्फ गाड़ियों के लिए नहीं होतीं, वे उम्मीद का रास्ता खोलती हैं। जिस दिन सड़क गांव तक पहुंची, उसी दिन नक्सलवाद की जड़ें हिल गईं। प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र की मुख्यधारा में वापसी नीति के तहत बड़ी संख्या में नक्सली आत्मसमर्पण कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने माना कि नक्सलवाद के खिलाफ असली लड़ाई आदिवासी समाज ने लड़ी है। उन्होंने कहा कि अब सरकार उसी समाज को सशक्त बनाने में लगी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना, धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान और जनजातीय विकास परियोजनाएं के जरिए 80,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की योजनाएं सीधा जनजातीय क्षेत्रों में पहुंच रही हैं। हम बंदूक नहीं, विश्वास से जीत रहे हैं। आदिवासी युवाओं को शिक्षा, रोजगार और खेल के अवसर देकर हमने उन्हें अपने सपनों से जोड़ा है। PM मोदी ने विशेष रूप से बस्तर मॉडल की चर्चा की, जिसके तहत प्रशासन ने जनभागीदारी के ज़रिए नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय रोजगार और सांस्कृतिक उत्सवों को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों ने वहां के युवाओं में नई ऊर्जा पैदा की है। (PM Modi in Raipur)

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले बस्तर की पहचान डर और हिंसा से होती थी, अब वह खेल, संस्कृति और पर्यटन से जुड़ रहा है। यही भारत के बदलते कदम हैं। PM मोदी ने स्पष्ट कहा कि अब सरकार का लक्ष्य सिर्फ नक्सल हिंसा को घटाना नहीं, बल्कि इसे पूरी तरह समाप्त करना है। यह मोदी की गारंटी है। आने वाले कुछ सालों में छत्तीसगढ़ पूरी तरह नक्सलवाद से मुक्त होगा। तब यह इलाका देश के सबसे तेज़ी से बढ़ते विकास केंद्रों में शामिल होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने सड़क, बिजली, उद्योग और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। गांवों में सड़कों का जाल 40,000 किमी तक फैल चुका है। नए चार-लेन हाईवे से झारखंड से कनेक्टिविटी बढ़ेगी। नागपुर-झारसुगुड़ा गैस पाइपलाइन राष्ट्र को समर्पित की गई, जिससे 11 जिलों को सस्ती गैस मिलेगी।

राज्य में अब 14 मेडिकल कॉलेज और रायपुर में एम्स मौजूद है। आज के दिन ही 3.5 लाख परिवारों को नए घरों में गृह प्रवेश और 1 हजार 200 करोड़ की राशि का वितरण हुआ। प्रधानमंत्री ने कहा कि हर गरीब परिवार को पक्का घर, हर गांव तक बिजली और अब इंटरनेट तक पहुंचाना हमारा संकल्प है। PM मोदी ने आदिवासी समाज के योगदान का सम्मान करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध जनजातीय परंपरा से जुड़ी है। उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन किया और कहा कि यह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगा। उन्होंने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और पीएम-जनमन योजना के तहत 80,000 करोड़ रुपए की योजनाएं आदिवासी क्षेत्रों में विकास की नई रोशनी फैला रही हैं। प्रधानमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि आने वाले 25 साल छत्तीसगढ़ के लिए निर्णायक होंगे। यह समय आपका है। ऐसा कोई लक्ष्य नहीं जो आप हासिल न कर सकें। मोदी की गारंटी है। हर कदम पर मैं आपके साथ हूं।



