बिलासपुर में लोको पायलट की संदिग्ध मौत, चूराघाट एनीकट में बहकर रेलवे अधिकारी की गई जान
Accident in Bilaspur: बिलासपुर में दो अलग-अलग जगह हुए हादसे में लोको पायलट और रेलवे अधिकारी की मौत हो गई है। पहला मामला उसलापुर रेलवे स्टेशन का है, जहां दर्दनाक हादसा हुआ। बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस से टकराकर लोको पायलट अनंत कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना प्लेटफार्म नंबर एक से करीब 100 मीटर पहले यार्ड में हुई। पश्चिम बंगाल के रहने वाले अनंत कुमार उसलापुर में लोको पायलट के पद पर पदस्थ थे। जानकारी के मुताबिक बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस ट्रेन प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़ी थी और 10 मिनट के ठहराव के बाद रायपुर के लिए रवाना होने वाली थी।
यह भी पढ़ें:- 5 कॉलेजों की लापरवाही से खतरे में छात्रों का भविष्य, AISHE पोर्टल पर डाटा नहीं भरा तो 15 नवंबर के बाद मान्यता होगी रद्द
इसी दौरान अनंत कुमार ट्रेनिंग सेंटर और विश्राम गृह से निकलकर लाइन पार कर रहे थे, तभी वे एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी खोपड़ी फट गई और हाथ का पंजा कटकर अलग हो गया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। ट्रेन के चालक ने तत्काल स्टेशन प्रबंधक को सूचना दी। जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। तलाशी के दौरान मृतक के पास कोई मोबाइल या दस्तावेज नहीं मिले। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिया गया है। जीआरपी ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। (Accident in Bilaspur)
पिकनिक बना मौत का सफर
वहीं पिकनिक मनाने निकले दो परिवारों पर मौत का कहर टूट पड़ा। बिल्हा के चूराघाट एनीकट में नहाते समय तेज बहाव में बहने से रेलवे अधिकारी संतोष राम की मौत हो गई। उनका शव घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर बरामद हुआ, जबकि उनके साले अनुज कुमार का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। जानकारी के मुताबिक बिल्हा रेलवे कॉलोनी के रहने वाले एसएससी संतोष राम शनिवार को अपने परिवार और साले अनुज कुमार के परिवार के साथ पिकनिक मनाने चूराघाट एनीकट गए थे। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे दोनों जीजा-साला नहाने उतरे, तभी अचानक तेज बहाव में संतोष राम बहने लगे।
बचाने के लिए कुदा था अनुज
उन्हें बचाने के लिए अनुज भी पानी में कूदा, लेकिन दोनों बह गए। घटना की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया। अगले दिन सुबह करीब 8 बजे एक किलोमीटर दूर संतोष राम का शव मिला, जिसे टीम ने बाहर निकाला। अनुज कुमार की तलाश के लिए सर्च अभियान जारी है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। (Accident in Bilaspur)



