बिलासपुर में भीषण ट्रेन हादसा, 11 की मौत, 20 घायल, सिग्नल फेल होने की आशंका

Bilaspur Train Accident Update: बिलासपुर में मंगलवार को हुए भीषण ट्रेन हादसे में अब तक 11 यात्रियों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा बिलासपुर स्टेशन के आउटर पर हुआ, जब गेवरा मेमू लोकल ट्रेन खड़ी मालगाड़ी से जा टकराई। प्रारंभिक जांच में ऑटो सिग्नल फेल होने की आशंका जताई जा रही है।
कैसे हुआ हादसा ?
मंगलवार शाम करीब 4 बजे गेवरा मेमू लोकल ट्रेन कोरबा से बिलासपुर की ओर आ रही थी। लालखदान के पास ट्रेन ने खड़ी मालगाड़ी को पीछे से इतनी तेज टक्कर मारी कि मेमू का इंजन मालगाड़ी के ब्रेक वैन को लेकर कोयले से भरे वैगन पर चढ़ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि इंजन और महिला आरक्षित डिब्बा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। लोको पायलट विद्या सागर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि असिस्टेंट पायलट रश्मि राज गंभीर रूप से घायल हैं।
यह भी पढ़ें:- “छत्तीसगढ़ प्रकृति, संस्कृति और प्रगति का संगम” प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने अचानक जोरदार धमाका सुना और फिर यात्रियों की चीख-पुकार मच गई। कुछ लोगों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई। राहत और बचाव दलों ने गैस कटर से बोगियां काटकर फंसे यात्रियों को निकाला। रेस्क्यू ऑपरेशन करीब 11 घंटे तक चला, जिसमें रात 2.30 बजे तक बोगी में फंसे तीन शव निकाले गए। इनमें से एक की पहचान सक्ती के जैजैपुर की रहने वाली प्रिया चंद्रा के रूप में हुई, जो गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में पढ़ती थी। घायल यात्रियों का इलाज रेलवे अस्पताल, सिम्स और अपोलो अस्पताल में चल रहा है।
घायलों में मथुरा भास्कर (55), चौरा भास्कर (50), शत्रुघ्न (50), गीता देबनाथ (30), रश्मि राज (34) और दो साल के ऋषि यादव समेत कुल 20 यात्री शामिल हैं। रेल प्रशासन ने हर घायल यात्री को 50,000 की अग्रिम सहायता राशि प्रदान की है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख, गंभीर घायलों को 5 लाख और सामान्य घायलों को 1 लाख की सहायता देने की घोषणा की है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 5 लाख और घायलों को 50 हजार देने की घोषणा की है। रेलवे ने कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (CRS) से हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। दक्षिण पूर्वी सर्किल के कमिश्नर बी.के. मिश्रा 6 नवंबर की सुबह बिलासपुर पहुंचकर जांच शुरू करेंगे। जांच रिपोर्ट के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। (Bilaspur Train Accident Update)

कवच सिस्टम पर उठे सवाल
हादसे के बाद कोरबा-बिलासपुर रेलमार्ग पर ट्रेनों का संचालन बाधित रहा। आजाद हिंद एक्सप्रेस, हीराकुंड एक्सप्रेस, बिलासपुर-टाटा एक्सप्रेस और अमरकंटक एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को 4-5 घंटे की देरी से चलाया गया। रातभर मरम्मत कार्य चलता रहा और बुधवार सुबह तक सभी लाइनें चालू कर दी गई। इस हादसे ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। देश में रेलवे के पास 15,000 से ज्यादा इंजन हैं, लेकिन सिर्फ 1,290 इंजनों में ही कवच सिस्टम लगा है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बीते वित्तीय वर्ष में 27,000 करोड़ रुपए की कमाई की थी, लेकिन उसके किसी भी इंजन में कवच सुरक्षा प्रणाली नहीं लगाई गई है। रेलवे के मुताबिक एक इंजन में कवच लगाने में 80-90 लाख रुपए का खर्च आता है।
क्या है कवच सिस्टम
कवच एक ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम (ATP) है, जो सिग्नल फेल या लोको पायलट की चूक की स्थिति में ट्रेन को स्वतः रोक देता है। इससे ट्रेनें तय गति सीमा में रहती हैं और टक्कर जैसी घटनाओं से बचा जा सकता है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक हादसे की दो संभावित वजहें हो सकती हैं। पहला ऑटो सिग्नल सिस्टम का फेल होना या लोको पायलट का सिग्नल ओवरशूट करना। हालांकि शुरुआती जांच में सिग्नल फेल की संभावना ज्यादा बताई जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि हरसंभव सहायता दी जाएगी। सरकार पीड़ित परिवारों के साथ है। (Bilaspur Train Accident Update)




