बस्तर में NIA का बड़ा ऑपरेशन, अरनपुर IED ब्लास्ट मामले को लेकर 12 जगहों पर एक साथ छापा
NIA Action in Chhattisgarh: राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी NIA ने अरनपुर IED ब्लास्ट मामले को लेकर दंतेवाड़ा और सुकमा के 12 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। एजेंसी ने अरनपुर में 26 अप्रैल 2023 को हुए IED हमले से जुड़े आरोपियों और संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दी। इस हमले में दरभा डिवीजन कमेटी के नक्सलियों ने DRG जवानों को निशाना बनाया था, जिसमें 10 जवान शहीद हो गए थे। जबकि वाहन चालक की भी मौत हो गई थी। NIA ने सुकमा जिले के एक और दंतेवाड़ा जिले के 11 जगहों पर एक साथ छापेमारी की।
यह भी पढ़ें:- मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना बनी जीवनदान – किसान गणेशराम का किडनी प्रत्यारोपण सफल
एजेंसी ने बताया कि तलाशी के दौरान नकदी, हस्तलिखित पत्र, लेवी वसूली से संबंधित प्रिंटेड रसीद बुक्स और डिजिटल उपकरण बरामद किए गए। शुरुआती जांच में यह सामग्री CPI (माओवादी) संगठन की फंडिंग और गतिविधियों से जुड़ी पाई गई है। जांच के दौरान मिले दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य यह स्पष्ट कर रहे हैं कि आरोपियों के संबंध दरभा डिवीजन कमेटी के सक्रिय नक्सली कैडरों से हैं। यही कैडर 26 अप्रैल 2023 को अरनपुर के पास पेडका गांव में हुए IED हमले में शामिल थे। इस हमले ने पूरे बस्तर क्षेत्र को हिला कर रख दिया था। (NIA Action in Chhattisgarh)
अभी भी जारी है जांच
NIA ने कहा कि इस मामले की जांच अभी जारी है। अब तक कुल 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और दो चार्जशीट दाखिल की जा चुकी हैं। एजेंसी को उम्मीद है कि हालिया तलाशी में मिले दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य नक्सली नेटवर्क को और गहराई से उजागर करेंगे। विशेषज्ञों का कहना है कि यह कार्रवाई नक्सल प्रभावित इलाकों में NIA की सबसे सटीक और समन्वित कार्रवाई मानी जा रही है। इसे नक्सली संगठनों की आर्थिक और रणनीतिक कमर तोड़ने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।



