रायपुर में 500 से ज्यादा परिवारों ने की सनातन धर्म में वापसी, सुकमा में भी 30 आदिवासियों की घर वापसी

Return to Sanatana Dharma: रायपुर के गुढ़ियारी स्थित दही हांडी मैदान में भव्य घर वापसी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 500 से ज्यादा परिवारों ने सनातन धर्म में वापसी की। स्वामी नरेंद्राचार्य ने पूजा-पाठ के साथ सभी की घर वापसी कराई। जबकि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने पैर पखार कर परिवारों का स्वागत किया। जानकारी के मुताबिक धर्म परिवर्तन कर ईसाई बने लोगों ने पूजा-पाठ, यज्ञ-हवन से अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक जड़ों से फिर जुड़े। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता सच्चिदानंद उपासने समेत कई लोग मौजूद रहे। प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि हिंदुओं के धर्मांतरण को रोकने के लिए यह कदम आवश्यक है और इसे राष्ट्रधर्म का हिस्सा माना जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें:- बस्तर में NIA का बड़ा ऑपरेशन, अरनपुर IED ब्लास्ट मामले को लेकर 12 जगहों पर एक साथ छापा
स्वामी नरेंद्राचार्य ने बताया कि धर्मांतरण प्रलोभन और एजेंटों के माध्यम से कराया जा रहा है, जो गलत है और इसलिए लोगों की घर वापसी कराई गई। सच्चिदानंद उपासने ने सरकार से जल्द ही धर्मांतरण रोकने के लिए कठोर कानून बनाने की मांग की। वहीं घर वापसी करने वाले लोगों का कहना था कि पहले वे दुख या बीमारी ठीक करने के विश्वास से ईसाई धर्म में चले गए थे, लेकिन अनुभव हुआ कि सनातन हिंदू धर्म ही उनके लिए सही मार्ग है। इसलिए उन्होंने धर्म वापसी का फैसला लिया।

इससे पहले सुकमा जिले के सौतनार गांव में भाजपा नेता और जिला पंचायत सदस्य हुंगाराम मरकाम के नेतृत्व में करीब 30 आदिवासी परिवारों ने ईसाई धर्म छोड़कर अपने मूल आदिवासी धर्म में वापसी की थी। यह घटना बस्तर में चल रहे सामाजिक बदलाव की एक और कड़ी मानी जा रही है, जहां स्थानीय लोग लगातार अपनी पुरखों की आस्था की ओर लौट रहे हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक बस्तर में धर्मांतरण का मुद्दा लंबे समय से चर्चा और विवाद का केंद्र रहा है।
लोगों ने फिर देवी-देवताओं और संस्कृति को अपनाया: हुनाराम
ईसाई धर्म में परिवर्तित होने और फिर अपनी पारंपरिक आस्था में लौटने वाले परिवारों की बढ़ती संख्या दर्शाती है कि आदिवासी समाज में आस्था, सांस्कृतिक पहचान और जड़ों से जुड़ाव आज भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। हुनाराम मरकाम ने कहा कि यह प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और लोगों ने अपनी मर्जी से अपने पारंपरिक देवी-देवताओं और संस्कृति को अपनाया। राजनीतिक दृष्टि से भी इसे क्षेत्रीय स्तर पर बड़ी सामाजिक पहल के रूप में देखा जा रहा है। (Return to Sanatana Dharma)



