धान खरीदी से पहले अवैध परिवहन पर कार्रवाई: सारंगढ़ में दो ट्रैक्टर धान जब्त, प्रशासन सख्त
तहसीलदार की अगुवाई में हुई संयुक्त कार्रवाई, क्षेत्र में मचा हड़कंप
सारंगढ़-बिलाईगढ़। प्रदेश में धान खरीदी प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही अवैध धान परिवहन के मामले सामने आने लगे हैं। इसी क्रम में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरिया क्षेत्र में बिना अनुमति धान ढो रहे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया है।
यह भी पढ़े :- रायपुर में 500 से ज्यादा परिवारों ने की सनातन धर्म में वापसी, सुकमा में भी 30 आदिवासियों की घर वापसी
जानकारी के अनुसार, तहसीलदार कोमल साहू के नेतृत्व में राजस्व और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। जांच के दौरान ट्रैक्टर चालकों से धान परिवहन के दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों ट्रैक्टरों को सरिया थाना में सुपुर्द कर दिया गया।
बिना पंजीयन धान परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध
कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक सख्ती से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मंडी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना खरीदी पंजीयन या वैध अनुमति के धान का क्रय-विक्रय या परिवहन पूरी तरह से प्रतिबंधित है।
प्रशासन ने किसानों और व्यापारियों को चेतावनी दी है कि धान खरीदी की आधिकारिक शुरुआत से पहले किसी भी प्रकार की अनधिकृत खरीदी या परिवहन करते पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



