Google Analytics —— Meta Pixel

अंधविश्वास की आड़ में हैवानियत- रायपुर क्राइम ब्रांच का एएसआई बना जल्लाद, आठ गिरफ्तार

Chhattisgarh Crimes News : अंधविश्वास और हैवानियत की हद पार कर देने वाला मामला जशपुर जिले में सामने आया है। दुलदुला थाना क्षेत्र के ग्राम भिंजपुर में 53 वर्षीय महिला को टोनही बताकर बेरहमी से पीटा गया। इस शर्मनाक वारदात में रायपुर क्राइम ब्रांच में पदस्थ एएसआई फूलचंद राम भगत मुख्य आरोपी पाया गया है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर एएसआई सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दो बैगा अब भी फरार हैं।

यह भी पढ़े :- Chhattisgarh : मतदाता सूची पुनरीक्षण में तेजी : 5 दिनों में 30 लाख मतदाताओं तक पहुंचे बीएलओ

सुबह 4 बजे टूटा दरवाज़ा, महिला पर किया हमला

पीड़िता फौसी बाई (53) के अनुसार, तड़के करीब 4 बजे कुछ लोग उसके घर के बाहर पहुंचे और शोर मचाने लगे। जब उसने दरवाज़ा नहीं खोला तो आरोपियों ने दरवाज़ा तोड़कर घर में घुसकर उस पर हमला कर दिया। आरोप था कि उसने गायत्री भगत की मां सुनीता बाई को जादू-टोना कर मार दिया है और अब उसे “जिंदा” करना होगा।

एएसआई की पत्नी की मौत से जुड़ा मामला

जांच में पता चला कि आरोपी फूलचंद राम भगत की पत्नी सुनीता भगत की 30 अक्टूबर को इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद फूलचंद ने कुछ बैगाओं से संपर्क किया, जिन्होंने दावा किया कि वे मृतका को जिंदा कर सकते हैं। वह बैगाओं को लेकर भिंजपुर के श्मशान घाट पहुंचा, जहां कथित “तंत्र-मंत्र” की क्रिया की गई। इसी दौरान बैगाओं ने गांव की फौसी बाई को “टोनही” बताकर हिंसा भड़काई।

आठ आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

गिरफ्तार आरोपियों में फूलचंद राम भगत (एएसआई), गायत्री भगत, विष्णु भगत, अनीता भगत, रमेश भगत, ललिता भगत, अंजना मिंज और तेलेस्फोर मिंज शामिल हैं। पुलिस ने सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि दो बैगाओं की तलाश जारी है।

एसएसपी बोले – अंधविश्वास नहीं, अपराध है यह

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि किसी को टोनही बताकर प्रताड़ित करना अंधविश्वास ही नहीं, बल्कि गंभीर अपराध है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे कुप्रथाओं से दूर रहें और ऐसी घटनाओं की तुरंत सूचना दें।

इन धाराओं में दर्ज हुआ केस

सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 (अंधविश्वास आधारित अपराध), 351(2), 115(2), 333, 190, 191(2) और टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम, 2005 की धारा 4 व 5 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। (Chhattisgarh Crimes News)

गांव में दहशत का माहौल

घटना के बाद भिंजपुर गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जब कानून के रखवाले ही अंधविश्वास फैलाने लगें, तो समाज का भरोसा टूट जाता है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। (Chhattisgarh Crimes News)

Back to top button
error: Content is protected !!