Google Analytics —— Meta Pixel

Chhattisgarh News: दो तहसीलदारों पर हमला, नशे में धुत युवकों ने की मारपीट – 4 आरोपी गिरफ्तार

Chhattisgarh News: कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र के आदर्श नगर बस्ती में मंगलवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब आधा दर्जन से अधिक युवकों ने दीपका तहसीलदार अमित केरकेटा और हरदीबाजार तहसीलदार अभिजीत राजभानु पर हमला कर दिया। दोनों अधिकारियों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह भी पढ़े :- मंत्री लखनलाल देवांगन का काफिला हादसे का शिकार, बाल-बाल बचे मंत्री

जानकारी के अनुसार, रात करीब 9 से 10 बजे के बीच तहसीलदारों को सूचना मिली थी कि आदर्श नगर स्थित राजेश ब्यूटी पार्लर में कुछ संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। इस पर दोनों अधिकारी अपनी-अपनी ब्लैक स्कॉर्पियो गाड़ियों से मौके पर पहुंचे।

बताया जा रहा है कि जब अधिकारी दुकान के भीतर मौजूद थे, तभी बाहर कुछ युवक गाड़ियों को लेकर विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर जब तहसीलदार बीच-बचाव के लिए बाहर आए, तो युवकों ने अचानक उन पर लाठियों और पत्थरों से हमला कर दिया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही कुसमुंडा थाना प्रभारी युवराज सिंह तिवारी टीम सहित मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भेजा। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों — पुनेश, बबन, डिंपल और हितेश सारथी — को गिरफ्तार किया है।

बताया गया है कि मुख्य आरोपी हितेश सारथी एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। (Chhattisgarh News)

थाना प्रभारी तिवारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धारा 307 (हत्या का प्रयास) सहित डकैती और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की जांच तेज कर दी गई है। (Chhattisgarh News)

Back to top button
error: Content is protected !!