बिहार चुनाव 2025: रिकॉर्ड जीत की ओर NDA, महागठबंधन बुरी तरह पिछड़ा

Bihar NDA Victory: बिहार विधानसभा चुनाव की तस्वीर साफ हो गई है। 243 सीटों की लड़ाई में NDA भारी बढ़त के साथ रिकॉर्ड जीत की ओर बढ़ता दिख रहा है। रुझानों के मुताबिक NDA के खाते में 203 सीटें आ रही हैं, जबकि महागठबंधन के पास सिर्फ 35 सीटों तक ही सीमित रहने का अनुमान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- सुशासन की जीत हुई है। विकास की जीत हुई है। जन-कल्याण की भावना की जीत हुई है। सामाजिक न्याय की जीत हुई है। बिहार के मेरे परिवारजनों का बहुत-बहुत आभार, जिन्होंने 2025 के विधानसभा चुनावों में एनडीए को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व जीत का आशीर्वाद दिया है। यह प्रचंड जनादेश हमें जनता-जनार्दन की सेवा करने और बिहार के लिए नए संकल्प के साथ काम करने की शक्ति प्रदान करेगा।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ : साय कैबिनेट की बड़ी बैठक: किसानों से लेकर आवास और खेल तक, छत्तीसगढ़ सरकार के 5 अहम फैसले
PM मोदी ने कहा कि एनडीए ने राज्य का चौतरफा विकास किया है। लोगों ने हमारे ट्रैक रिकॉर्ड और राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के हमारे विजन को देखकर हमें भारी बहुमत दिया है। मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी और एनडीए परिवार के हमारे सहयोगी चिराग पासवान जी, जीतन राम मांझी जी और उपेंद्र कुशवाहा जी को इस जबरदस्त जीत के लिए हार्दिक बधाई देता हूं। मैं एनडीए के प्रत्येक कार्यकर्ता का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अथक परिश्रम किया है। उन्होंने जनता के बीच जाकर हमारे विकास के एजेंडे को सामने रखा और विपक्ष के हर झूठ का मजबूती से जवाब दिया। मैं उनकी हृदय से सराहना करता हूं। आने वाले समय में हम बिहार के विकास, यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्य की संस्कृति को नई पहचान देने के लिए बढ़-चढ़कर काम करेंगे। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यहां की युवा शक्ति और नारी शक्ति को समृद्ध जीवन के लिए भरपूर अवसर मिले। (Bihar NDA Victory)
बिहार की कमान संभालने वाले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी बधाई दी है। उन्होंने लिखा- ज्ञान, परिश्रम और लोकतंत्र की रक्षक ‘बिहार भूमि’ की जनता को कोटि-कोटि नमन। बिहारवासियों द्वारा NDA को यह प्रचंड जनादेश, बिहार में विकास, महिलाओं की सुरक्षा, सुशासन और गरीब कल्याण की NDA की संकल्प सेवा पर जनता की मुहर है। पिछले 11 सालों में मोदी जी ने बिहार के लिए दिल खोलकर कार्य किए और नीतीश जी ने बिहार को जंगलराज के अंधेरे से बाहर निकालने का काम किया। यह जनादेश ‘विकसित बिहार’ के संकल्प के लिए है। बिहारवासियों का एक-एक वोट भारत की सुरक्षा और संसाधनों से खेलने वाले घुसपैठियों और उनके हितैषियों के खिलाफ मोदी सरकार की नीति में विश्वास का प्रतीक है। वोटबैंक के लिए घुसपैठियों को बचाने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि बिहार की जनता ने पूरे देश का मूड बता दिया है कि मतदाता सूची शुद्धिकरण अनिवार्य है और इसके खिलाफ राजनीति की कोई जगह नहीं है। इसीलिए राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस आज बिहार में आखिरी पायदान पर आ गई है। यह ‘विकसित बिहार’ में विश्वास रखने वाले हर बिहारवासी की जीत है। जंगलराज और तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले किसी भी भेष में आएँ, उन्हें लूटने का मौका नहीं मिलेगा। जनता अब सिर्फ और सिर्फ ‘Politics of performance’ के आधार पर जनादेश देती है। PM नरेंद्र मोदी, नीतीश कुमार और NDA के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं। साथ ही अपने अथक परिश्रम से इस परिणाम को चरितार्थ करने वाले बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक के सभी कार्यकर्ताओं का अभिवादन करता हूं। मैं बिहार की जनता और विशेषकर हमारी माताओं-बहनों को आश्वस्त करता हूं कि जिस आशा और विश्वास के साथ आपने NDA को यह जनादेश दिया है, मोदी जी के नेतृत्व में NDA सरकार उससे अधिक समर्पण से उसे पूरा करेगी। (Bihar NDA Victory)
NDA को पिछली बार की तुलना में 70 सीटों का फायदा
रुझानों के मुताबिक NDA को 2020 के मुकाबले लगभग 70 सीटों का लाभ हो रहा है। वहीं महागठबंधन को लगभग उतनी ही सीटों का नुकसान हुआ है। एनडीए की इस प्रचंड बढ़त के बीच, सम्राट चौधरी और ललन सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। जदयू (JDU) के प्रदर्शन पर नजर डालें तो पिछली बार 43 सीटों तक सीमित रहने वाली पार्टी इस बार 80+ सीटों के करीब पहुंच गई है। वहीं BJP 91 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। राघोपुर से तेजस्वी यादव ने करीब 12 हजार वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है। महुआ से तेजप्रताप यादव की हार लगभग तय मानी जा रही है। पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह भी लगातार पीछे चल रही हैं। PK की जन सुराज पार्टी और VIP का खाता अभी तक नहीं खुला है। JDU को पिछले चुनाव की तुलना में 40+ सीटों का फायदा हुआ है। लोजपा 28 सीटों पर चुनाव लड़ रही थी और फिलहाल 21 सीटों पर लीड कर रही है। भोजपुरी सिंगर और BJP प्रत्याशी मैथिली ठाकुर अलीनगर से आगे चल रही हैं। दानापुर से बाहुबली और RJD प्रत्याशी रीतलाल यादव पीछे हैं। छपरा से भोजपुरी एक्टर और RJD प्रत्याशी खेसारी लाल यादव हारे हुए दिख रहे हैं।



