सीमा कब बदल जाए कोई नहीं जानता, सिंध फिर भारत में लौट सकता है: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

Defence Minister Rajnath Singh: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में आयोजित सिंधी सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत के विभाजन के कारण सिंधु नदी का एक बड़ा हिस्सा आज पाकिस्तान में चला गया है। पूरा सिंध प्रांत ही आज पाकिस्तान में है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि सिंधु, सिंध और सिंधी समाज का महत्व हमारे लिए आज कम हो गया है। हमारे लिए उनका महत्व आज भी उतना है जितना हजारों साल से रहा है। यही कारण है कि साल 2005 में सुप्रीम कोर्ट ने हमारे राष्ट्रगान से सिंध शब्द निकालने की याचिका को खारिज करते हुए कहा था कि सिंध शब्द केवल एक भौगोलिक स्थान से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए, क्योंकि यह शब्द भारत और सिंधी समाज की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा हुआ है। रक्षा मंत्री ने कहा कि सभ्यता के हिसाब से सिंध हमेशा भारत का हिस्सा रहेगा, जहां तक जमीन की बात है। कौन जानता है बॉर्डर कब बदल जाए। कल सिंध फिर से भारत में वापस आ जाए। बता दें कि 1947 में भारत-पाकिस्तान बंटवारे के बाद सिंध प्रांत पाकिस्तान में चला गया।
यह भी पढ़ें:- जगदलपुर में 1.30 करोड़ का गांजा और हशीश तेल जब्त, दो तस्कर भी गिरफ्तार
यह पाकिस्तान का तीसरा सबसे बड़ा प्रांत है, जिसकी राजधानी कराची है। प्रांत में उर्दू, सिंधी और अंग्रेजी बोली जाती है। रक्षा मंत्री ने कहा कि आज हम जब सिंधी समाज की बात करते हैं, तो हम केवल एक समुदाय की बात नहीं करते, बल्कि एक ऐसी विरासत की बात करते हैं, जो सनातन का अटूट हिस्सा है, जिसकी जड़ें भगवान राम से जुड़ी हुई हैं। जिसने हमारी संस्कृति और सभ्यता को समृद्धध करने में बहुमूल्य योगदान दिया है। सिंधी समाज भारत की सांस्कृतिक पहचान और अस्मिता का प्रतीक है। सिंधी समाज भारत और विश्व भर में अपनी मेहनत और प्रतिभा के लिए जाना जाता है। सिंधी समाज ने अपनी अनूठी पहचान को भी बनाए रखा है। चाहे वह सिंधी भाषा की मिठास हो या संत काव्य या फिर सिंधी कला की जीवंतता। ये हमारी साझा परंपराओं को दर्शाते हैं। सिंधी समाज विश्वभर में अपनी मेहनत और प्रतिभा के लिए प्रसिद्ध है।
सिंधी समाज को अपनी जन्मभूमि छोड़नी पड़ी: रक्षा मंत्री
रक्षा मंत्री ने कहा कि विभाजन के कठिन दौर में, जब सिंधी समाज को अपनी जन्मभूमि छोड़नी पड़ी, पलायन करना पड़ा, तब भी आपने हिम्मत नहीं हारी। आपने न केवल अपने लिए एक नई शुरुआत की, बल्कि व्यापार, शिक्षा, कला और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान दिया। हमारी सरकार ने पड़ोसी देशों में धार्मिक उत्पीड़न का शिकार होकर 2024 तक भारत आए अल्पसंख्यक समुदायों को बिना पासपोर्ट भारत में रहने की अनुमति दी है। आज हमारे पड़ोसी देशों के इन भाइयों और बहनों को सम्मान समेत जीवन जीने का अधिकार मिल रहा है। इस पीड़ा को किसी ने समझा तो वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी है। उस दर्द को महसूस किया और हमारी सरकार ने कानून बनाकर यह सुनिश्चित किया कि उनके घाव पर मल्हम लगे। हमने उस घाव को भरने का कार्य किया है, जो हमारे भाई*बहनों को कष्ट दे रहा था। इसलिए हम नागरिकता संशोधन विधेयक लेकर आए।
नागरिकता संशोधन अधिनियम
उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम ने इन उत्पीड़ित शरणार्थियों को सुरक्षित, सम्मानजनक और अधिकारपूर्ण जीवन का मार्ग प्रदान किया है। नागरिकता संशोधन विधेयक ने उत्पीड़ित शरणार्थियों को न्याय का मार्ग दिया। एक खास समुदाय के वोट बैंक को खुश करने के लिए उन्हें अपमानित किया गया। पड़ोस के देशों से आने वाले एक वर्ग विशेष को शरण दी गई, लेकिन हिन्दू समाज के लोग जो वाकई इसके हकदार थे उन्हें अधिकार नहीं दिए गए। उनके कष्ट को नहीं समझा गया। पड़ोस के कई देशों में अल्पसंख्यक समुदाय सालों से यातना झेलता रहा है। लोगों का जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया। उनमें से कई लोग जब किसी तरह अपनी जान बचाकर भारत आए तो तुष्टीकरण करने वाली पूर्व की कई सरकारों ने भी उन्हें कोई राहत नहीं दी। (Defence Minister Rajnath Singh)
सिंधी समाज मातृभूमि के लिए हमेशा खड़ा रहा: राजनाथ
रक्षा मंत्री ने कहा कि सिंधी समाज देश के लिए और अपनी मातृभूमि के लिए हमेशा खड़ा रहा है। जिसने स्वाधीनता संग्राम में योगदान दिया। जिस समाज के पुरुषों और महिलाओं ने भारत की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया। उस समाज के लोगों के प्रति हमारा दायित्व है कि वे सम्मान के साथ जिऐं। क्या देशभक्ति का जज्बा था उस नौजवान का! क्या मातृभूमि के लिए प्रेम था। यह दुर्भाग्य की बात है कि उस क्रांतिकारी के बारे में बहुत से लोगों ने न कभी पढ़ा है, न उनका नाम सुना है। मैं हीमू जी को सादर नमन करता हूं, जिन्होंने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान दिया। मैं हीमू कालानी को भी याद करना चाहता हूं, जिन्हें भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किया गया था। उन्हें मौत की सजा सुनाई गई थी। हीमू कालानी को 21 जनवरी 1943 को फांसी दे दी गई। आप कल्पना कीजिए उस समय वह केवल 19 साल के थे।
RSS ने सिंधी समाज की मदद की: रक्षा मंत्री
राजनाथ ने कहा कि वे सिंध के सभी प्रमुख शहरों में गए और वहां के प्रमुख हिंदू नेताओं, व्यापारियों, वकीलों और शिक्षाविदों से मिले। जब अगस्त 1947 के प्रारम्भ में उन्होंने कराची का दौरा किया तो लाखों की संख्या में सिंधी हिंदुओं ने उनका स्वागत किया था। इस दौरान संघ से सिंधी जुड़ाव बहुत बढ़ा था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने सिंधी समाज की बहुत मदद की। संघ ने सिंध के लोगों को आत्मरक्षा प्रशिक्षण भी दी थी। 1943 से 1947 तक, संघ के तत्कालीन सर संघ चालक गोलवलकर ने कई बार सिंध का दौरा किया था। बंटवारे के समय कांग्रेस ने सिंध के लोगों को भारत आने के लिए मना किया। जबकि कांग्रेस के लोगों को पता था कि सिंध में हिंदू अल्पसंख्यकों को कितना खतरा था। (Defence Minister Rajnath Singh)
भाजपा हमेशा से सिंधी समाज के पक्ष में: राजनाथ
उन्होंने कहा कि 1957 में जब अटल जी पहली बार लोकसभा के सदस्य चुने गए थे तो उन्होंने एक गैर-सरकारी विधेयक पेश किया था, जिस में उन्होंने सिंधी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग की थी, लेकिन वह विधेयक पास नहीं हो पाया था। भारतीय जनता पार्टी हमेशा से सिंधी समाज के लोगों और उनकी संस्कृति के पक्ष में खड़ी रही है। बहुत कम लोगों को यह बात याद है कि सिंधी भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करने के लिए अटल बिहारी वाजपेयी ने बहुत प्रयास किए थे। सिंधी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कराने के लिए अटल बिहारी वाजपेयी ने 1957 में पहला गैर-सरकारी विधेयक पेश कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अटल जी ने सिंधी भाषा का समर्थन करते हुए कहा था कि सिंधी में भारत की आत्मा बोलती है। भाजपा हमेशा से सिंधी समाज के लोगों के पक्ष में खड़ी रही है।
सिंधी समाज ने भारत में शून्य से शुरुआत की: रक्षा मंत्री
रक्षा मंत्री ने कहा कि विभाजन के बाद सिंधी समाज ने भारत में शून्य से शुरुआत की, लेकिन अपने परिश्रम और साहस से सफलता के नए आयाम स्थापित किए। आज भारत ही नहीं, दुनिया भर में सिंधी समुदाय समाज निर्माण के विभिन्न कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। इतिहास गवाह है कि भारत की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में भी इन्होंने उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। राजनाथ सिंह ने कहा कि सिंधी समाज के संतों और महान आत्माओं ने मानवता को बहुमूल्य संदेश दिए हैं। मैं महाकवि चैनराइ सामी, संत कंवरराम, संत सतरामदास साहिब, स्वामी लीला शाह, स्वामी शांति प्रकाश समेत सभी सिंधी संतों को नमन करता हूं। मैं साधु टीएल वासवानी को भी याद करना चाहता हूं, जिन्होंने अपने प्रयासों से शिक्षा के क्षेत्र में एक अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने शाकाहारी जीवन के विचार को बढ़ावा देने के लिए और पशु कल्याण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य किए। (Defence Minister Rajnath Singh)
विशेष अभय योजना-2025
उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में महाराष्ट्र की NDA सरकार ने सिंधी विस्थापितों को उनकी जमीन का मालिकाना हक दिलाने के लिहाज से विशेष अभय योजना- 2025 लागू की है। यह योजना सिंधी समुदाय के लिए सम्मान और सुरक्षा की प्रतीक है, जिससे तीन पीढ़ियों को न्याय मिल रहा है। सिंध के हमारे लोग जिन्होंने सिंधु नदी को पवित्र माना है, हमेशा हमारे अपने रहेंगे, वे चाहें कहीं भी हों। सिंधी लोगों ने भारत की अर्थव्यवस्था में बहुत योगदान दिया है। सिंधी भारत की मूल ट्रांसनेशनल बिजनेस कम्युनिटी हैं, जिन्होंने अपने कौशल से औपनिवेशिक शासन के बावजूद भी अपने व्यवसायों को सफलतापूर्वक संचालित किया। महान स्वतंत्रता सेनानी आचार्य जेबी कृपलानी भी सिंधी समाज से आते थे। उन्होंने भी फर्स्ट अमेंडमेंट एक्ट का कड़ा विरोध किया था। यानी यह भी कहा जा सकता है कि सिंधी समाज की संविधान की रक्षा करने में भी बड़ी भूमिका रही है। देश निर्माण में भी आपकी बड़ी भूमिका रही है।
सिंधी समुदाय का सांस्कृतिक राजदूत
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जब पंडित नेहरू ने फर्स्ट अमेंडमेंट एक्ट लाकर फ्रीडम ऑफ स्पीच को कुचला, तब मलकानी जी ने इसका मुखरता से विरोध किया। बाद में जब इंदिरा जी ने आपातकाल घोषित किया था, तब मलकानी जी गिरफ्तार होने वाले पहले व्यक्ति भी माने जाते हैं। मैं के. आर. मलकानी जी को भी याद करना चाहता हूं, जो ऑर्गनाइजर के पहले और सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले मुख्य संपादक थे। मलकानी जी ने भारत में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए बहुत संघर्ष किया। मैं प्रो. राम पंजवानी जी को भी याद करना चाहता हूं, जिन्हें सिंधी समुदाय का सांस्कृतिक राजदूत माना जाता है। वे न सिर्फ एक महान लेखक बल्कि सिंधी साहित्य और संस्कृति के सच्चे उपासक थे।
ईज ऑफ डूइंग बिजनेस
उन्होंने आगे कहा कि जन विश्वास के पहले संस्करण में लगभग 200 छोटे अपराधों को अपराध की श्रेणी से बाहर कर दिया गया था। दूसरे संस्करण में 300 से ज़्यादा छोटे अपराधों को अपराध की श्रेणी से बाहर कर दिया गया है। सिंधी समाज अपने व्यावसायिक कौशल के लिए भी जाना जाता है। व्यापार के बिना अर्थव्यवस्था का विकास नहीं हो सकता है। हमारी सरकार ने व्यापार और व्यापारियों के जीवन को सुगम करने के लिए अनेक कार्य किए हैं। आज भारत में ट्रेडर्स और ट्रेडर्स को भी नया आत्मविश्वास मिला है। आप GST कानून और हाल में किए गए GST सुधारों को ही ले लीजिए। इससे ईज ऑफ डूइंग बिजनेस बढ़ा रहा है और आम लोगों और छोटे ट्रेडर्स समेत सभी के लिए आज जीवन बहुत आसान हो रहा है।
40,000 से ज्यादा अनुपालन खत्म: रक्षा मंत्री
रक्षा मंत्री राजनाथ ने कहा कि हमारी सरकार ने ऐसी नीतियां बनायी हैं, जिन्होंने व्यापार करने को सुगम बना दिया है। हमने 40,000 से ज्यादा अनुपालन खत्म कर दिए हैं। कई कानूनों को अपराधमुक्त कर दिया है। मेरा यह विश्वास है कि हमारे द्वारा किए जा रहे सुधार की नींव के बल पर ही भारत विकसित राष्ट्र बनेगा। आज खिलौने से लेकर टैंक तक, भारत सब कुछ बना रहा है। भारत आत्मनिर्भर बन रहा है। दुनिया का मैन्युफैक्चरिंग हब बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। और वह दिन दूर नहीं जब भारत विकसित राष्ट्र होगा। यह हमारा संकल्प भी है और विश्वास भी। प्रधानमंत्री मोदी ने स्वदेशी का आवाहन किया है। मुझे पूरा विश्वास है कि सिंधी समाज स्वदेशी अपनाने के संकल्प में अपना और भी ज्यादा योगदान देगा और विकसित भारत बनाने के संकल्प में आप सभी बराबर के भागीदार होंगे। मैं आप सभी से आह्वान करता हूं कि विकास भी और विरासत भी के मंत्र को अपनाकर भारत के आर्थिक और सांस्कृतिक उदय में अपना ज्यादा से ज्यादा योगदान दें। इसके लिए यह भी आवश्यक है कि हमारी नई पीढ़ी को सिंधी भाषा, संस्कृति और मूल्यों से जोड़ें, ताकि वे अपना गौरवशाली इतिहास जान सकें।



